टी20 वर्ल्ड कप 2026 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रन और विकेट, सुपर 8 मैच 52 के बाद, IND vs WI

वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई।
रविवार, 1 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 स्टेज में दो मैच खेले गए। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराया, वहीं दूसरे मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
दिन के पहले मैच में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे। कप्तान सिकंदर रजा ने 43 गेंद में 73 रनों की जुझारू पारी खेली, इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट भी चटकाए। दक्षिण अफ्रीकी टीम जब टारगेट का पीछा करने आई तो डेवाल्ड ब्रेविस की 18 गेंद में 42 रनों की तूफानी पारी की बदौलत उसने 5 विकेट से जीत दर्ज की।
दूसरे मैच में सेमीफाइनल का स्पॉट दांव पर लगा था। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए, जो अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में कोलकाता में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर था। जवाब में संजू सैमसन की 97 रनों की ऐतिहासिक पारी के दम पर टीम इंडिया ने रिकॉर्ड चेज करते हुए इतिहास रच दिया। अब सुपर 8 स्टेज समाप्त हो चुका है और सेमीफाइनल की तरफ कारवां बढ़ चला है।
इन मैचों के बाद आइए जान लेते हैं कि पॉइंट्स टेबल में क्या-क्या बदलाव हुए हैं। वहीं सबसे ज्यादा रन बनाने और विकेट लेने के मामले में कौन सबसे ऊपर है।
52 मैचों के बाद सुपर 8 में ग्रुप 1 और 2 की अंक तालिका

ग्रुप 1
सुपर 8 के पहले ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका 6 अंकों के साथ टॉप पर रही, जिसने अपने तीनों मैच जीते। वहीं भारतीय टीम 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका और भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे।
ग्रुप 2
सुपर 8 के दूसरे ग्रुप में इंग्लैंड ने अपने तीनों मैच जीते और 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहा। दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड रहा, जिसके 3 अंक हैं। पाकिस्तान के भी 3 अंक हैं, लेकिन नेट रन-रेट कम होने के कारण पाकिस्तान सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया। श्रीलंका ने अपने तीनों मैच हारे।
52 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप पांच बल्लेबाज
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान टॉप पर हैं, जिनके नाम 383 रन हैं। जिम्बाब्वे के ब्रायन बैनेट दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 292 रन बनाए। 268 रन बना चुके दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम तीसरे शिमरोन हेटमायर अभी चौथे स्थान पर हैं, जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में 248 रन बनाए हैं। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पांचवें नंबर पर आ गए हैं, जिनके अभी 231 रन हैं।
- साहिबजादा फरहान (PAK) – 383 रन
- ब्रायन बैनेट (ZIM) – 292 रन
- एडन मार्करम (SA) – 268 रन
- शिमरन हेटमायर (WI) – 248 रन
- सूर्यकुमार यादव (IND) – 231 रन
52 मैचों के बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप पांच गेंदबाज
यूएसए के शेडली वैन शाल्कविक अब भी पहले नंबर पर बने हुए हैं, जिनके 13 विकेट हैं। मगर जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी उनके बराबर आ गए हैं। लुंगी एनगिडी और वरुण चक्रवर्ती क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर विराजमान हैं, दोनों ने अब तक 12-12 विकेट लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश 11 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर आ गए हैं।
- शेडली वैन शाल्कविक (USA) – 13 विकेट
- ब्लेसिंग मुजरबानी (ZIM) – 13 विकेट
- लुंगी एनगिडी (SA) – 12 विकेट
- वरुण चक्रवर्ती (IND) – 12 विकेट
- कॉर्बिन बॉश (SA) – 11 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.