आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल, सबसे ज्यादा रन और विकेट, मैच 14 के बाद, DC vs GT

गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की।
आईपीएल 2026 का 14वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद शानदार रही।
शुभमन गिल ने 45 गेंदों में 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली, वहीं जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 55 रन बनाए। इन तीनों की तूफानी बैटिंग के दम पर गुजरात ने 4 विकेट खोकर दिल्ली को 210 रनों का एक बड़ा लक्ष्य दिया। दिल्ली की तरफ से मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने भी करारा जवाब दिया। ओपनिंग में पथुम निसंका ने 24 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली। इसके बाद केएल राहुल ने 52 गेंदों में 92 रनों की एक शानदार पारी खेली। वहीं डेविड मिलर ने भी अंत तक लड़ाई लड़ते हुए 20 गेंदों में 41 रन बनाए। यह मैच आखिरी गेंद तक गया, जहां दिल्ली को 1 गेंद पर 2 रन चाहिए थे, लेकिन वे नहीं बना सके। गुजरात के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते दिल्ली यह मैच हार गई और गुजरात टाइटंस ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
मैच 14 के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका

दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराकर गुजरात टाइटंस ने पॉइंट्स टेबल में छलांग लगाई है। इस जीत के साथ गुजरात अपना पहला मैच जीतकर 2 अंकों के साथ सीधे छठे नंबर पर आ गई है। वहीं राजस्थान रॉयल्स अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंकों के साथ अभी भी पहले नंबर पर बनी हुई है।
पंजाब किंग्स 3 मैचों में 5 अंकों के साथ दूसरे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2 मैचों में 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। आज का मैच हारने के बावजूद दिल्ली की टीम 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।
सनराइजर्स हैदराबाद (पांचवें), लखनऊ सुपर जायंट्स (सातवें) और मुंबई इंडियंस (आठवें) स्थान पर मौजूद हैं। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (नौवें) 1 पॉइंट के साथ है और चेन्नई सुपर किंग्स (दसवें) बिना किसी पॉइंट के सबसे नीचे है।
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

आज के मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। राजस्थान के यशस्वी जायसवाल अपनी शानदार पारी के दम पर अभी भी 3 मैचों में 170 रन बनाकर सबसे ऊपर बने हुए हैं। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी 160 रनों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 145 रन बनाकर तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 122 रनों के साथ चौथे नंबर पर हैं, जबकि मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा 118 रनों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।
- यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स) – 170 रन
- समीर रिजवी (दिल्ली कैपिटल्स) – 160 रन
- हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 145 रन
- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) – 122 रन
- रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस) – 118 रन
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

पर्पल कैप की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स के स्पिनर रवि बिश्नोई 7 विकेट के साथ अपना पहला स्थान पक्का किए हुए हैं। लेकिन आज के मैच के बाद गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा 6 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं।
गुजरात के ही राशिद खान 3 अहम विकेट लेने के बाद कुल 5 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर आ गए हैं। दिल्ली के लुंगी एनगिडी 5 विकेट के साथ चौथे और राजस्थान के नांद्रे बर्गर 5 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद हैं।
- रवि बिश्नोई (राजस्थान रॉयल्स) – 7 विकेट
- प्रसिद्ध कृष्णा (गुजरात टाइटंस) – 6 विकेट
- राशिद खान (गुजरात टाइटंस) – 5 विकेट
- लुंगी एनगिडी (दिल्ली कैपिटल्स) – 5 विकेट
- नांद्रे बर्गर (राजस्थान रॉयल्स) – 5 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.