आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप, मैच 25 के बाद, GT vs KKR

पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल के टॉप पर बरकरार है।
आईपीएल 2026 का 25वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस अहम मुकाबले में कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीता और पिच की स्थिति को भांपते हुए पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बहुत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही अपने शुरुआती तीन बल्लेबाजों के विकेट सस्ते में गंवा दिए। जिससे मध्यक्रम पर काफी दबाव आ गया। इसके बाद क्रीज पर आए कैमरन ग्रीन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए, 55 गेंदों में 79 रनों की बेहद धैर्यपूर्ण और आक्रामक पारी खेलकर टीम को संभाला।
ग्रीन के अलावा रोवमैन पॉवेल ने भी 27 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत KKR ने 20 ओवरों में 180 रन बनाए। गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने घातक गेंदबाजी करते हुए कोलकाता को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत धमाकेदार रही।
कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए मात्र 50 गेंदों में 86 रन जड़ दिए, जिसमें उन्होंने चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी। उनका बखूबी साथ साई सुदर्शन और जोस बटलर ने दिया। हालांकि, अंतिम ओवरों में वरुण चक्रवर्ती ने दो विकेट लेकर मैच को थोड़ा रोमांचक जरूर बनाया, लेकिन गुजरात ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह गुजरात टाइटंस ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया।
मैच 25 के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका

अंक तालिका पर नजर डालें तो पंजाब किंग्स 9 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स 8-8 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। शानदार जीत के बाद गुजरात टाइटंस अब 6 अंकों के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गई है। जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद (पांचवें) और दिल्ली कैपिटल्स (छठे) स्थान पर खिसक गए हैं।
तालिका के निचले क्रम में लखनऊ (सातवें), चेन्नई (आठवें) और मुंबई (नौवें) स्थान पर हैं। वहीं एक और करारी हार के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स मात्र 1 अंक के साथ दसवें पायदान पर संघर्ष कर रही है।
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

कल के मुकाबले के बाद ऑरेंज कैप की रेस में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अपनी शानदार पारी की बदौलत अब 251 रनों के साथ इस रेस में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके इस प्रदर्शन के कारण रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली अब 228 रनों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 224 रनों के साथ तीसरे पायदान पर अपनी दावेदारी मजबूत किए हुए हैं, जबकि RCB के रजत पाटीदार 222 रनों के साथ चौथे और सनराइजर्स हैदराबाद के ही ईशान किशन 213 रनों के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
- शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – 251 रन
- विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 228 रन
- हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 224 रन
- रजत पाटीदार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 222 रन
- ईशान किशन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 213 रन
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

पर्पल कैप की रेस में आज भी कोई बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा आज के मैच में एक और विकेट चटकाकर कुल 11 विकेटों के साथ पहले स्थान पर मजबूती से बरकरार हैं। उनके ठीक पीछे चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 10 विकेटों के साथ मौजूद हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव 9 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। जबकि राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई भी 9 विकेटों के साथ चौथे और जोफ्रा आर्चर 7 विकेटों के साथ इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर अपनी जगह बनाए हुए हैं।
- प्रसिद्ध कृष्णा (गुजरात टाइटंस) – 11 विकेट
- अंशुल कंबोज (चेन्नई सुपर किंग्स) – 10 विकेट
- प्रिंस यादव (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 9 विकेट
- रवि बिश्नोई (राजस्थान रॉयल्स) – 9 विकेट
- जोफ्रा आर्चर (राजस्थान रॉयल्स) – 7 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.