आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप, मैच 36 के बाद, RR vs SRH

पंजाब किंग्स अभी भी आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल के टॉप पर मौजूद है।
आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने थे। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दिल्ली के लिए केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 67 गेंदों में 152 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
बता दें, यह आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। नीतिश राणा ने भी उनका साथ देते हुए 44 गेंदों में 91 रन बनाए, जिससे दिल्ली ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में, पंजाब किंग्स ने आक्रामक शुरुआत की और श्रेयस अय्यर की नाबाद 71 रनों की पारी और प्रभसिमरन सिंह के तेजतर्रार 76 रनों की बदौलत 18.5 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 265 रन बना लिए। पंजाब ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे सफल रन-चेज पूरा किया।
दिन के दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत हुई। इस मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की शतकीय पारी और ध्रुव जुरेल की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन बनाए। सूर्यवंशी ने 37 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
जवाब में, हैदराबाद ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम की ओर से शुरूआत करते हुए अभिषेक शर्मा ने 57 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 31 गेंदों में 74 रन बनाए, जिससे टीम की जीत की नींव पड़ी। सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाकर यह मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया।
दिन के दोनों मैचों में गेंदबाजों का बुरा हाल हुआ, जबकि बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की झड़ी लगाकर प्रशंसकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मैच 36 के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका

आज के दो रोमांचक मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में बड़ी हलचल देखने को मिली है। पंजाब किंग्स आज का मैच जीतकर 13 अंकों के साथ मजबूती से पहले स्थान पर बनी हुई है। वहीं, RCB 10 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। आज की जीत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद भी 10 अंकों तक पहुंच गई है, जिससे वह तीसरे स्थान पर आ गई है।
वहीं राजस्थान रॉयल्स अब चौथे पायदान पर खिसक गई है। चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस फिलहाल 6-6 अंकों के साथ क्रमशः पांचवें, छठे और सातवें स्थान पर संघर्ष कर रही हैं।
अंक तालिका के निचले हिस्से में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स 4-4 अंकों के साथ आठवें और नौवें स्थान पर हैं, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स 3 अंकों के साथ सबसे नीचे यानी की दसवें स्थान पर मौजूद है।
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

ऑरेंज कैप की रेस में आज के मुकाबलों के बाद काफी बदलाव देखने को मिला है। अभिषेक शर्मा आज अर्धशतकीय पारी खेलकर 380 रनों के साथ पहले स्थान पर आ गए हैं। वहीं, केएल राहुल और वैभव सूर्यवंशी दोनों ने अपनी-अपनी शतकीय पारियों के दम पर छलांग लगाई है। बता दें, राहुल और वैभव दोनों 357 रनों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
इनके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 349 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली 328 रनों के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
- अभिषेक शर्मा (सनराइजर्स हैदराबाद) – 380 रन
- केएल राहुल (दिल्ली कैपिटल्स) – 357 रन
- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) – 357 रन
- हेनरिक क्लासन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 349 रन
- विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 328 रन
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

पर्पल कैप की रेस में आज के मैचों के बाद गेंदबाजों का दबदबा साफ दिख रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के अंकुश कंबोज 14 विकेटों के साथ पहले स्थान पर बरकरार हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा भी 14 विकेटों के साथ उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
जोफ्रा आर्चर 13 विकेटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव भी 13 विकेटों के साथ चौथे स्थान पर अपनी जगह बनाए हुए हैं। गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा 12 विकेटों के साथ इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
- अंकुश कंबोज (चेन्नई सुपर किंग्स) – 14 विकेट
- ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद) – 14 विकेट
- जोफ्रा आर्चर (राजस्थान रॉयल्स) – 13 विकेट
- प्रिंस यादव (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 13 विकेट
- प्रसिद्ध कृष्णा (गुजरात टाइटंस) – 12 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.