आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप, मैच 49 के बाद, SRH vs PBKS

पंजाब किंग्स से छिना पॉइंट्स टेबल का ताज।
आईपीएल 2026 का 49वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया। जो पंजाब की टीम शुरुआती सात मुकाबलों में एक भी नहीं हारी थी, वो अब हार की हैट्रिक लगा चुकी है। कूपर कोनोली की नाबाद शतकीय पारी के बावजूद पंजाब लक्ष्य से 33 रन दूर रह गया। बता दें कि SRH की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
पंजाब की ओर से लचर फील्डिंग के कारण हैदराबाद के बल्लेबाजों को कई जीवनदान मिले। इसी का फायदा उठाकर ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक लगा दिए। इससे पहले अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड का बल्ला खूब गरजा, जिन्होंने क्रमशः 35 रन और 38 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई पंजाब के दोनों सलामी बल्लेबाज 4 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 5 रन बनाकर चलते बने और हालात ऐसे थे कि 23 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे। कूपर कोनोली एक छोर पर डटे रहे, और एक मौके पर 42 गेंदों में 55 रन बनाकर खेल रहे थे। अपनी पारी की आखिरी 17 गेंदों में उन्होंने 52 रन ठोक दिए, लेकिन अपनी टीम को 33 रनों की हार से नहीं बचा पाए।
सनराइजर्स हैदराबाद की इस जीत के बाद पंजाब किंग्स से पॉइंट्स टेबल का ताज छिन गया है। वहीं ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
मैच 49 के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका

पंजाब किंग्स पर 33 रनों की जीत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद नई टेबल टॉपर बन गई है, जिनके अब 14 अंक हो गए हैं। वहीं पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस, इन तीनों टीमों के 12-12 अंक हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स सबसे निचले पायदान पर है और मुंबई इंडियंस 6 अंकों के साथ नौवें स्थान पर बनी हुई है। चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, जो 10 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर हैं।
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

ऑरेंज कैप अब सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन के पास आ गई है, जो अब तक 494 रन बना चुके हैं और उन्हीं की टीम के अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं। SRH के ही ईशान किशन भी टॉप-5 में हैं, जो 409 रन बनाकर चौथे नंबर पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल तीसरे स्थान पर विराजमान हैं और टॉप-5 लिस्ट को वैभव सूर्यवंशी पूरा कर रहे हैं। हैदराबाद के खिलाफ शतक जड़ने वाले कूपर कोनोली अब 11वें स्थान पर आ गए हैं।
- हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 494 रन
- अभिषेक शर्मा (सनराइजर्स हैदराबाद) – 475 रन
- केएल राहुल (दिल्ली कैपिटल्स) – 445 रन
- ईशान किशन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 409 रन
- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) – 404 रन
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार टॉप पर विराजमान हैं, जो अब तक 17 विकेट ले चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज भी इतने ही विकेट ले चुके हैं। कगिसो रबाड़ा और ईशान मलिंगा के नाम 16-16 विकेट हैं, जबकि 15 विकेट लेकर राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।
पर्पल कैप की रेस के टॉप-10 में भी पंजाब का कोई गेंदबाज नहीं है। पंजाब के लिए अब तक सबसे ज्यादा विकेट (11) लेने वाले अर्शदीप सिंह 15वें स्थान पर हैं।
- भुवनेश्वर कुमार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 17 विकेट
- अंशुल कंबोज (चेन्नई सुपर किंग्स) – 17 विकेट
- कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटंस) – 16 विकेट
- ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद) – 16 विकेट
- जोफ्रा आर्चर (राजस्थान रॉयल्स) – 15 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.