आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप, मैच 56 के बाद, GT vs SRH

पॉइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंची गुजरात टाइटंस, हैदराबाद अब भी टॉप-4 में बरकरार।
आईपीएल 2026 का 56वां मैच गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच (GT vs SRH) खेला गया। गुजरात द्वारा मिले 169 रनों के लक्ष्य के जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 86 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। यह इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में SRH की रनों की सबसे बड़ी हार है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी की बदौलत गुजरात 168 रनों तक पहुंची। सुदर्शन ने 61 रन बनाए और सुंदर 50 रन बनाकर आउट हुए।
जब टारगेट को भेदने की बारी आई तो अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रेविस हेड की तिकड़ी बुरी तरह फ्लॉप हो गई। नतीजन 32 के स्कोर तक हैदराबाद के 4 विकेट गिर चुके थे और 56 रन तक आते-आते आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। पूरी टीम 100 रन भी नहीं बना पाई।
गुजरात के लिए पावरप्ले में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाड़ा ने घातक गेंदबाजी करते हुए मिलकर चार बल्लेबाजों को आउट कर दिया था। वहीं मिडिल ओवरों में जेसन होल्डर ने कहर बरपाते हुए तीन विकेट चटकाए। रबाड़ा के नाम 3 विकेट, प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि मोहम्मद सिराज और राशिद खान एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
इस मुकाबले के बाद पॉइंट्स टेबल में बड़े बदलाव हुए हैं और खासतौर पर गुजरात प्लेऑफ के बेहद करीब आ गई है। दूसरी ओर ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस भी दिलचस्प बनने लगी है।
मैच 56 के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका

सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रनों से हराकर गुजरात टाइटंस पॉइंट्स टेबल के टॉप पर आ गई है, जिनके अब 16 अंक हो गए हैं। गुजरात टाइटंस की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो गई है। दूसरी ओर हैदराबाद 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है और RCB के भी उनके समान 14 अंक हैं। 13 पॉइंट्स के साथ पंजाब किंग्स चौथे पायदान पर है।
चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं, उन दोनों के 12-12 अंक हैं। दिल्ली कैपिटल्स सातवें और कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें स्थान पर हैं। उन दोनों के प्लेऑफ में जाने की उम्मीद बहुत कम है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 61 रनों की पारी खेल साई सुदर्शन कुछ देर के लिए ऑरेंज कैप के लीडर बन गए थे। मगर कुछ देर बाद ही हेनरिक क्लासेन दोबारा उनसे आगे निकल गए। अभिषेक शर्मा अभी तीसरे स्थान पर हैं, जिनके अभी 481 रन हैं। केएल राहुल और शुभमन गिल भी टॉप-5 की लिस्ट में मौजूद हैं। SRH के ईशान किशन अब भी टॉप-10 में बने हुए हैं।
- हेनरिक क्लासेन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 508 रन
- साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) – 501 रन
- अभिषेक शर्मा (सनराइजर्स हैदराबाद) – 481 रन
- केएल राहुल (दिल्ली कैपिटल्स) – 477 रन
- शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – 467 रन
आईपीएल 2026 में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 3 विकेट लेकर कगिसो रबाड़ा अब भुवनेश्वर कुमार के बराबर आ गए हैं, इन दोनों ने अब तक 21-21 विकेट चटकाए हैं।
राशिद खान ने भी टॉप-5 में एंट्री मारी है, जिनके कुल विकेट 16 हो गए हैं। 19 विकेट लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव पांचवें स्थान पर हैं। गुजरात के प्रसिद्ध कृष्णा और जेसन होल्डर ने भी टॉप-10 में एंट्री ली है।
- भुवनेश्वर कुमार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 21 विकेट
- कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटंस) – 21 विकेट
- अंशुल कंबोज (चेन्नई सुपर किंग्स) – 19 विकेट
- राशिद खान (गुजरात टाइटंस) – 16 विकेट
- प्रिंस यादव (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 16 विकेट
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.