Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 9 : क्या दबंग दिल्ली को चुनौती दे पाएगी सितारों से सजी तेलुगु टाइटंस ?

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :October 16, 2022 at 12:17 AM
Modified at :October 16, 2022 at 12:17 AM
PKL 9 : क्या दबंग दिल्ली को चुनौती दे पाएगी सितारों से सजी तेलुगु टाइटंस ?

पिछले सीजन की चैंपियन टीम जबरदस्त फॉर्म में है।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 13वें सीजन का 20वां मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली और स्टार खिलाड़ियों सें सजी तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा। दबंग दिल्ली इस सीजन बिल्कुल एक चैंपियन टीम की तरह खेल रही है। उन्होंने बीते सीजन जहां पर खत्म किया था, वहीं से शुरूआत की है। टीम अभी तक अपने तीनों ही मुकाबले जीत चुकी है और प्वॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर है। कोई भी टीम दबंग दिल्ली के सामने टिक नहीं पा रही है। वहीं तेलुगु टाइटंस की शुरूआत तो निराशाजनक रही थी।

उन्हें दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन अपने पिछले मैच में उन्होंने जिस तरह से जीत हासिल की उससे उनका हौसला निश्चित तौर पर बढ़ा होगा। हालांकि दबंग दिल्ली को वो कितनी टक्कर दे पाते हैं ये देखने वाली बात होगी। मैच से पहले जान लेते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और क्या कहते हैं आंकड़े।

स्क्वाड

तेलुगु टाइटंस

लगातार दो हार के बाद तेलुगु टाइटंस की टीम जीत की पटरी पर लौट आई है। अपने पिछले मैच में उन्होंने पटना पाइरेट्स जैसी मजबूत टीम को हराया। टीम को ना केवल जीत मिली बल्कि सारे प्लेयर्स ने अपना-अपना योगदान भी दिया। मोनू गोयत ने 10 प्वॉइंट लिए। उन्होंने रेडिंग और डिफेंस दोनों में प्वॉइंट लिए। सुरजीत सिंह ने चार प्वॉइंट लिए। इसके अलावा प्रवेश भैंसवाल और विशाल भारद्वाज ने भी टैकल किए।

रेडिंग में सिद्धार्थ देसाई भी चमके और सात प्वॉइंट लिए। इससे पता चलता है कि टीम एकजुट हो चुकी है और अगर यही एकजुटता उन्होंने दबंग दिल्ली के खिलाफ दिखाई तो फिर वो डिफेंडिंग चैंपियन को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। टीम के पास वो क्षमता है कि वो इस मैच में जीत हासिल कर सकें। स्टार्टिंग सेवन में बदलाव की संभावना कम ही है। रविंदर पहल को पिछले मैच में नहीं खिलाया गया था और शायद इस मैच में भी मौका ना मिले।

तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन

सिद्धार्थ देसाई, सुरजीत सिंह, प्रवेश भैंसवाल, विनय, मोनू गोयत, विजय कुमार और विशाल भारद्वाज।

दबंग दिल्ली

सीजन-8 की चैंपियन के लिए सबकुछ अच्छा ही हो रहा है। टीम लगातार तीन मैच जीत चुकी है और उनके स्टार रेडर नवीन कुमार भी फॉर्म में हैं। वो तीन मैचों में अभी तक कुल 41 प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं। टीम की खास बात ये है कि मैच में पीछे होने के बावजूद वो वापसी करने में माहिर हैं। इसकी बानगी पिछले मैच में देखने को मिली थी। मंजीत ने एक ही रेड में चार प्वॉइंट लाकर टीम की जबरदस्त वापसी कराई थी। मंजीत दबंग दिल्ली के लिए एक बेहतरीन खोज साबित हुए हैं। वो अहम मौकों पर प्वॉइंट ला रहे हैं और नवीन कुमार को काफी अच्छी तरह से रेडिंग में असिस्ट कर रहे हैं। वहीं टीम का डिफेंस भी बेहतरीन खेल रहा है। कुल मिलाकर दबंग दिल्ली एक और जीत तेलुगु टाइटंस के खिलाफ हासिल कर सकती है।

दबंग दिल्ली की संभावित स्टार्टिंग सेवन

नवीन कुमार, रवि कुमार, विशाल, मंजीत, आशु मलिक, कृष्णन और संदीप धुल।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े

दबंग दिल्ली पिछले सीजन पीकेएल का टाइटल जीत चुकी है लेकिन हेड टू हेड आंकड़ों में वो तेलुगु टाइटंस से काफी पीछे हैं। दोनों टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 14 मैच हुए हैं जिसमें से दबंग दिल्ली ने पांच मैच जीते हैं और तेलुगु टाइटंस ने आठ मुकाबलों में जीत हासिल की है। वहीं एक मैच टाई पर समाप्त हुआ है।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

दबंग दिल्ली की निगाहें एक बार फिर मंजीत पर होंगी जिन्होंने पिछले मैच में यूपी योद्धाज के खिलाफ सुपर रेड करके मैच का पासा पलट दिया था। वो एक बार फिर टीम के लिए अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। वहीं तेलुगु टाइटंस की टीम उम्मीद करेगी कि उनका डिफेंस एक बार फिर बेहतर खेल दिखाए और उसी तरह खेले जैसे पटना पाइरेट्स के खिलाफ खेला था।

सफलता का मंत्र

दबंग दिल्ली को अगर इस मैच में जीत हासिल करनी है तो फिर उन्हें नवीन कुमार के ऊपर एक बार फिर डिपेंड रहना होगा। अगर नवीन एक्सप्रेस अपनी पूरी रफ्तार से दौड़ी तो फिर टीम को एक और जीत हासिल हो सकती है। वहीं तेलुगु टाइटंस के लिए जरूरी है कि वो नवीन को रोककर रखें क्योंकि वो टीम के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

फैंटेसी के लिए टीम

रेडिंग - नवीन कुमार (दबंग दिल्ली), मंजीत (दबंग दिल्ली) और मोनू गोयत (तेलुगु टाइटंस)।

डिफेंस - विशाल लाथर (दबंग दिल्ली), कृष्णन (दबंग दिल्ली), प्रवेश भैंसवाल (तेलुगु टाइटंस) और विजय कुमार (तेलुगु टाइटंस)।

क्या आप जानते हैं ?

तेलुगु टाइटंस के पास इस बार दो ऐसे दिग्गज डिफेंडर हैं जिन्होंने अभी तक पीकेएल इतिहास में 300 से ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं। रविंदर पहल ने 320 और सुरजीत सिंह ने 310 प्वॉइंट हासिल किए हैं। जबकि पीकेएल इतिहास में सबसे ज्यादा 374 टैकल प्वॉइंट हासिल करने वाले मंजीत छिल्लर उनके कोच हैं।

दबंग दिल्ली और तेलुगु टाइटंस के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.