Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

टॉप पांच रेडर्स जिन्हें पीकेएल 11 के लिए रिटेन किया जा सकता है

From stunning victories to unforgettable moments, get the inside scoop on every major story in the sports world.
Published at :April 11, 2024 at 4:53 PM
Modified at :April 12, 2024 at 4:04 PM
टॉप पांच रेडर्स जिन्हें पीकेएल 11 के लिए रिटेन किया जा सकता है

इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन पिछले सीजन अच्छा रहा था।

पीकेएल के 10वें सीजन के बाद अब 11वें सीजन के लिए भी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसकी वजह ये है कि पीकेएल 11 का आयोजन इस बार जुलाई में ही हो सकता है। पीकेएल को उसके पुराने विंडो में लाने की कोशिश की जा रही है और इसी वजह से इस बार इसका आयोजन जुलाई से लेकर सितंबर तक हो सकता है। वहीं पीकेएल का ऑक्शन भी आईपीएल खत्म होने के तुरंत बाद कराया जा सकता है। ऐसे में सभी टीमों ने अपनी-अपनी रणनीति भी बनानी शुरु कर दी होगी कि किन-किन खिलाड़ियों को रिटेन किया जाए और किन्हें रिलीज किया जाए।

हम आपको इस आर्टिकल में बताते हैं कि वो टॉप-5 रेडर्स कौन-कौन से हैं जिन्हें अगले सीजन के लिए रिटेन किया जा सकता है।

5.मोहित गोयत (पुनेरी पलटन)

युवा रेडर मोहित गोयत को पुनेरी पलटन की टीम एक बार फिर रिटेन कर सकती है। मोहित गोयत 10वें सीजन के दौरान पुनेरी पलटन की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने 22 मैचों में 122 प्वॉइंट लिए थे। फाइनल मुकाबले में अपने सुपर रेड के जरिए उन्होंने मैच का पासा ही पलट दिया था और यहीं से पुनेरी पलटन को जो लीड मिली वो निर्णायक साबित हुई। मोहित गोयत ने इस सीजन डिफेंस में भी 29 प्वॉइंट लिए थे और इसी वजह से उनको एक बार फिर रिटेन किया जा सकता है।

4.असलम ईनामदार (पुनेरी पलटन)

पुनेरी पलटन के कप्तान असलम ईनामदार 10वें सीजन के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुने गए थे। उन्होंने बीते सीजन 23 मैच खेलते हुए 142 रेड प्वॉइंट्स और 26 टैकल प्वॉइंट्स हासिल किए थे। इसके अलावा उन्होंने कप्तान के रूप में भी बहुत लाजवाब प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन के अवॉर्ड से नवाजा गया था। उन्होंने बेहतरीन तरीके से पुनेरी पलटन की कप्तानी की और टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी रहे थे। ऐसे में पलटन की टीम जरुर उन्हें रिटेन करना चाहेगी।

3.नवीन कुमार (दबंग दिल्ली)

पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान नवीन कुमार इंजरी का शिकार हो गए थे। हालांकि जब तक वो खेले, तब तक काफी बेहतरीन प्रदर्शन उनका रहा था। नवीन कुमार ने कुल मिलाकर 6 मैच खेले थे और इस दौरान 71 प्वॉइंट हासिल किए थे। नवीन कुमार दबंग दिल्ली के कप्तान थे और अपने कप्तान को दिल्ली की टीम एक बार फिर रिटेन करना चाहेगी। हालांकि आशु मलिक ने नवीन कुमार की गैरमौजूदगी में बेहतरीन तरीके से दबंग दिल्ली की कप्तानी की थी लेकिन इसके बावजूद दबंग दिल्ली की टीम नवीन कुमार को रिटेन कर सकती है, क्योंकि वो अगले सीजन भी टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकते हैं।

2.अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स)

जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम भले ही लगातार दूसरी बार पीकेएल का टाइटल नहीं जीत पाई लेकिन उनके मेन रेडर अर्जुन देशवाल का प्रदर्शन काफी जबरदस्त रहा। टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने का श्रेय काफी हद तक अर्जुन देशवाल को ही जाता है। उन्होंने बीते सीजन 23 मैचों में 276 प्वॉइंट हासिल किए और टूर्नामेंट में आशु मलिक के साथ संयुक्त रुप से सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर रहे। कई मैचों में अर्जुन ने अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 12 की औसत से प्वॉइंट लिए और ये दिखाता है कि उनके अंदर कितनी निरंतरता रही।

अर्जुन देशवाल ने सात सुपर रेड भी लगाए थे और उनको एक और सीजन के लिए जयपुर की टीम रिटेन कर सकती है।

1.आशु मलिक (दबंग दिल्ली)

पीकेएल का 10वां सीजन पूरी तरह से आशु मलिक के नाम रहा। हम कह सकते हैं कि आशु मलिक के रुप में एक नया सितारा पीकेएल को मिला। नवीन कुमार की इंजरी के बाद जिस तरह से आशु मलिक ने दबंग दिल्ली को लीड किया, वो काफी काबिलेतारीफ रहा और इसी वजह से वो 10वें सीजन के बेस्ट रेडर भी चुने गए थे।

पीकेएल-10 में आशु मलिक ने 23 मैचों में 276 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। उनके और अर्जुन देशवाल के प्वॉइंट बराबर रहे थे। आशु मलिक ने इस सीजन सबसे ज्यादा 9 सुपर रेड किए और इसके अलावा उन्होंने डू और डाई रेड में भी सबसे ज्यादा 41 प्वॉइंट हासिल किए। आशु मलिक की लीडरशिप क्वालिटी और उनकी रेडिंग क्षमता को देखते हुए दबंग दिल्ली उन्हें एक और सीजन के लिए रिटेन करना चाहेगी।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

ADITYA RAJ
ADITYA RAJ

Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.