IPL 2026 के प्लेऑफ से पहले RCB को लगा बड़ा झटका, जैकब बेथेल हुए टूर्नामेंट से बाहर

जैकब बेथेल RCB का आखिरी लीग मैच भी नहीं खेल पाए थे।
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइजी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की पुष्टि की।
इस सीजन रजत पाटीदार की कप्तानी में डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 14 मैचों में 18 अंकों के साथ लीग स्टेज का समापन किया है। विराट कोहली और भुवनेश्वर कुमार के दम पर टीम ने पूरे सीजन लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन प्लेऑफ से ठीक पहले बेथेल का बाहर होना टीम के लिए चिंता बढ़ा सकता है।
चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हुए जैकब बेथेल

RCB की आधिकारिक जानकारी के अनुसार जैकब बेथेल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान बाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी। इसी वजह से उन्हें आईपीएल 2026 से बाहर होना पड़ा।
फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा, “जैकब बेथेल को PBKS के खिलाफ मैच के दौरान बाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी। वह इंग्लैंड लौटेंगे, जहां उनकी चोट का आगे आकलन किया जाएगा। जल्दी ठीक हो जाओ JB (जैकब बेथेल), हम आपको मिस करेंगे।”
IPL 2026 में जैकब बेथेल का प्रदर्शन कैसा रहा?
जैकब बेथेल ने इस सीजन RCB के लिए 7 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने लगभग 124 की स्ट्राइक रेट से 96 रन बनाए, जबकि उनकी सबसे बड़ी पारी 40 रनों की रही।
हालांकि, उनके बाहर होने के बाद फिल सॉल्ट की वापसी से RCB को थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, पिछले दो मुकाबलों में वेंकटेश अय्यर ने भी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेली हैं।
RCB की नजरें लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय IPL 2026 की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जा रही है। वह लीग स्टेज में 9 मुकाबले जीत चुकी है और नेट रन रेट के आधार पर टॉप पर बनी हुई है। अब उनकी नजरें लगातार दूसरे सीजन खिताब जीतने पर होगी।
बेंगलुरू को इस सीजन पहला क्वालीफायर मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ धर्मशाला में खेलना है, जहां जीत हासिल करके या मैच रदद् होने पर भी वह फाइनल में जगह बना लेंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जैकब बेथेल की गैरमौजूदगी में RCB प्लेऑफ में अपने प्लेइंग कॉम्बिनेशन को किस तरह मैनेज करती है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.