क्या है अभिषेक शर्मा के खराब फॉर्म का सबसे बड़ा कारण? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले बढ़ी भारत की टेंशन

(Courtesy : Photo by Nikhil Patil/Getty Images)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंच गई है, लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इस टूर्नामेंट में अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, जो भारतीय टीम के लिए एक बड़ी टेंशन बन गई है।
इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भी अभिषेक शर्मा सस्ते में आउट हो गए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253/7 का स्कोर बनाया, जबकि जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रनों से जीत हासिल करके फाइनल में जगह बना ली। हालांकि, इस जीत के बावजूद अभिषेक का खराब फॉर्म सबके लिए चिंता का कारण बना हुआ है।
सेमीफाइनल में भी नहीं चला अभिषेक शर्मा का बल्ला
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को एक बार फिर शुरुआती ओवरों में ही बड़ा झटका लग गया। ओपनर अभिषेक शर्मा सिर्फ 7 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 9 रन बनाकर आउट हो गए।
उन्होंने इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे लॉन्ग ऑन पर गई जहां फिल साल्ट ने आसान कैच पकड़ लिया। इस तरह वह एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
आंकड़ों में दिख रहा है अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म
अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा के आंकड़ों पर नजर डालें तो उनका खराब फॉर्म साफ दिखाई देता है। वह अब तक इस टूर्नामेंट में 7 मैचों 12.71 की औसत से सिर्फ 89 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 130.89 का ही रहा है। इतना ही नहीं, वह इस टूर्नामेंट में अपने शुरुआती तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट भी हुए थे।
पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला है, जो उन्होंने जिम्बाब्बे के खिलाफ (55 रन) लगाया था। इसके अलावा वह बाकी मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिसकी वजह से टीम इंडिया को ओपनिंग में वैसी शुरुआत नहीं मिल सकी, जैसी उनसे उम्मीद की जा रही थी।
जल्दबाजी में बड़े शॉट के चलते जल्दी आउट होते हैं अभिषेक
पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने अभिषेक शर्मा के शॉट सिलेक्शन को उनकी खराब फॉर्म का बड़ा कारण बताया है। उनका मानना है कि युवा बल्लेबाज कई बार जल्दबाजी में बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं और इसी वजह से जल्दी आउट हो जाते हैं।
सेमीफाइनल में भी यही देखने को मिला जब उन्होंने गलत टाइमिंग के साथ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और आसान कैच दे बैठे।
अभिषेक शर्मा के खराब फॉर्म के पीछे तकनीकी कारण
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने अभिषेक शर्मा की खराब बल्लेबाजी तकनीक को उनके लगातार फ्लॉप होने की वजह बताया है। पठान के अनुसार कई बार शॉट खेलते समय उनका वजन पीछे की ओर चला जाता है, जिसकी वजह से गेंद पर कंट्रोल कम हो जाता है।
अगर बल्लेबाज का वजन फ्रंट फुट पर हो तो वह गेंद को बेहतर तरीके से खेल सकता है, लेकिन अभिषेक के मामले में यह संतुलन कई बार बिगड़ता हुआ दिखाई देता है।
फाइनल से पहले बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन
अब भारत को 08 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेलना है। ऐसे में टीम इंडिया चाहेगी कि अभिषेक शर्मा इस अहम मुकाबले से पहले अपनी लय हासिल कर लें।
अगर वह फाइनल में अच्छी शुरुआत दिलाने में सफल रहते हैं, तो भारत के लिए यह बड़ा फायदा साबित हो सकता है। लेकिन अगर उनका खराब फॉर्म जारी रहता है, तो यह भारतीय टीम के लिए निश्चित रूप से चिंता का विषय बना रहेगा।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.