3 बड़े कारण क्यों पैट कमिंस की जगह ईशान किशन को आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का फुल-टाइम कप्तान बनाना चाहिए

आईपीएल 2026 में पैट कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान किशन सनराइजर्स की अगुवाई कर सकते हैं।
आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ती हुई दिख रही हैं। बता दें टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस सीजन के पहले कुछ मैचों को मिस कर सकते हैं, क्योंकि वह इस समय अपनी चोट से उबर रहे हैं। चोट के चलते वह देरी से SRH टीम को जॉइन कर सकते हैं।
कमिंस को लेकर आई इस ‘बैड न्यूज’ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में खलबली मचा दी है, क्योंकि उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कौन करेगा अब ये एक बड़ा सवाल है? टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार ईशान किशन को कप्तानी सौंपी जा सकती है और अभिषेक शर्मा उपकप्तान हो सकते हैं, मगर अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में सीजन शुरू होने से पहले आइए उन तीन कारणों पर नजर डालते हैं, जिन्हें देखते हुए हैदराबाद को पैट कमिंस की जगह ईशान किशन को फुल-टाइम कप्तान नियुक्त कर देना चाहिए।
इन तीन कारणों के चलते ईशान किशन को बनाना चाहिए फुल-टाइम कप्तान-
1. बतौर कप्तान ईशान किशन का प्रदर्शन और फॉर्म है शानदार

कुछ महीने पहले ही किशन की कप्तानी में झारखंड की टीम ने सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट जीता था। ईशान का ना केवल बतौर कप्तान प्रदर्शन अच्छा रहा, बल्कि वह पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।
उन्होंने टूर्नामेंट में 517 रन बनाए थे। वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उन्होंने टीम इंडिया की वर्ल्ड कप जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ईशान किशन की फॉर्म भी शानदार रही है, वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपने टी20 करियर का सबसे पहला शतक भी जड़ा था।
2. SRH को एक भारतीय कप्तान की जरुरत

IPL में भारतीय कप्तान होने के ढेरों फायदे हैं, क्योंकि उन्हें यहां की परिस्थितियों का ज्यादा ज्ञान होता है और लोकल खिलाड़ियों के साथ तालमेल भी आसानी से बिठा पाते हैं। IPL 2026 में हैदराबाद अकेली टीम है, जिसका कप्तान एक विदेशी प्लेयर है और अन्य सभी टीमों का कप्तान भारतीय है।
श्रेयस अय्यर, रजत पाटीदार और ऋतुराज गायकवाड़ साबित कर चुके हैं कि भारतीय कप्तान होना टीमों के लिए कई तरह से फायदेमंद रह सकता है। अगर पैट कमिंस की जगह ईशान किशन कप्तान बन जाते हैं तो SRH के पास भी भारतीय कप्तान होने का एडवांटेज होगा।
3. पैट कमिंस की चोट दोबारा बड़ा रूप ले सकती है

पैट कमिंस ने कमर की चोट से ठीक होने के बाद एशेज सीरीज में वापसी की थी। वह सीरीज में एक ही मैच खेल पाए, तभी कमर की चोट उन्हें फिर से परेशान करने लगी, नतीजन उन्हें पूरी एशेज सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होना पड़ा।
अभी उम्मीद बनी हुई है कि कमिंस मध्य सीजन में SRH टीम को जॉइन कर सकते हैं, लेकिन यह भी संभावना होगी कि चोट दोबारा से उन्हें परेशान कर सकती है। इसलिए ईशान किशन को फुल-टाइम कप्तानी देना एक अच्छा फैसला साबित हो सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.