IPL 2026: 3 बड़े कारण क्यों CSK के लिए संजू सैमसन का बल्ला रहा है खामोश

अलग-अलग गेंदबाजों ने एक ही कमजोरी पकड़कर संजू सैमसन को लगातार तीन मैचों में जल्दी आउट किया है।
पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे संजू सैमसन आईपीएल 2026 में ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन अब तक वह इस भूमिका में पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। टीम को सलामी बल्लेबाज के रूप में उनसे अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वह हर मैच में शुरुआत में ही विकेट गंवा दे रहे हैं और आने वाले बलेबाजों पर भी दबाव बना रहे हैं।
अगर इस सीजन उनके आंकड़ों को देखें तो उन्होंने अब तक 6(7), 7(7) और 9(5) रनों की पारियां खेली हैं। तीनों ही मैचों में खास बात यह रही कि वह अलग-अलग टीमों और गेंदबाजों के खिलाफ आउट हुए, लेकिन उनकी गलती हर बार लगभग एक जैसी रही, जिससे उनकी कमजोरी साफ नजर आती है।
तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको बताते हैं कि आखिर क्यों चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन अब तक अच्छा प्रदर्शन करने में सफल नहीं हुए हैं।
ये हैं संजू सैमसन के आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के कारण
1. नई गेंद का मूवमेंट पढ़ने में गलती
संजू नई गेंद के खिलाफ लगातार संघर्ष करते दिखे हैं और हर टीम ने उनकी इस कमजोरी को अपना निशाना बनाया है। वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नांद्रे बर्गर के ओवर में गेंद की मूवमेंट ना समझ पाने के चलते बोल्ड हो गए थे। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ जेवियर बार्टलेट ने बाहर जाती गेंद डाली, जिस पर सैमसन ड्राइव करने गए और एज लगने के चलते आउट हो गए।
इसी तरह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जैकब डफी की गेंद पर वह स्लिप में कैच दे बैठे। तीनों ही मैचों में सैमसन ने एक ही तरह का शॉट खेला, जिससे साफ होता है कि वह गेंद को पढ़ने के बजाय पहले से शॉट खेलने का फैसला कर रहे हैं।
2. जल्दबाजी में खराब शॉट सिलेक्शन

सैमसन हर मैच में शुरुआत में ही अटैक करने के चलते खराब शॉट सिलेक्शन कर रहे हैं, जो उनके लिए लगातार नुकसानदायक साबित हो रहा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ बार्टलेट की गेंद पर पहले बीट होने के बाद भी उन्होंने अगली गेंद पर ड्राइव करने की कोशिश की और आउट हो गए, जो उनकी जल्दबाजी को दिखाता है।
RCB के खिलाफ जैकब डफी के सामने भी उन्होंने बिना सेट हुए गलत लाइन पर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया और स्लिप में कैच दे बैठे। यह दिखाता है कि वह अपनी पारी को समय नहीं दे रहे हैं और जल्दी में रन बनाने की कोशिश में खराब शॉट सिलेक्शन करके अपना विकेट गंवा रहे हैं।
3. फुटवर्क और बैलेंस की लगातार समस्या
तीनों मैचों में सैमसन का फुटवर्क उनकी सबसे बड़ी कमजोरी रहा है, जिसका हर गेंदबाज ने फायदा उठाया है। नांद्रे बर्गर के खिलाफ वह गेंद की लाइन में नहीं आए और बोल्ड हो गए, जबकि बार्टलेट के खिलाफ उनका बैलेंस सही नहीं था, जिससे वह गेंद को ठीक से खेल नहीं पाए।
जैकब डफी के खिलाफ भी उनके पैर बिल्कुल नहीं चले और उन्होंने सिर्फ हाथों से शॉट खेला, जिससे वह स्लिप में कैच आउट हो गए। जब किसी बल्लेबाज का फुटवर्क सही नहीं होता, तो वह गेंद की मूवमेंट को कवर नहीं कर पाता और बार-बार गलती करता है, जो इस सीजन में सैमसन के साथ साफ नजर आ रहा है।
संजू सैमसन का CSK के लिए खराब प्रदर्शन सिर्फ खराब फॉर्म नहीं, बल्कि एक साफ तकनीकी समस्या है। अगर उन्हें इस सीजन में वापसी करनी है, तो उन्हें नई गेंद के खिलाफ अपने अप्रोच, शॉट सिलेक्शन और फुटवर्क पर तुरंत काम करना होगा, तभी वह टीम के लिए उपयोगी साबित हो पाएंगे।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.