Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

आईपीएल में रोहित शर्मा की पांच सबसे अच्छी पारियां

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :March 30, 2026 at 3:13 PM
Modified at :March 30, 2026 at 3:13 PM
आईपीएल में रोहित शर्मा की पांच सबसे अच्छी पारियां

(Courtesy : BCCI/IPL)

रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में 38 गेंदों पर 78 रनों की शानदार पारी खेली।

रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे भरोसेमंद और बड़े मैचों के खिलाड़ी माने जाते हैं। 270 से ज्यादा मैचों में 7000 से ज्यादा रन और मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाने का रिकॉर्ड अपने आप में बहुत कुछ कहता है। उन्होंने कई बार ऐसे मौके पर प्रदर्शन किया है, जब टीम दबाव में थी।

रोहित की बल्लेबाजी की सबसे खास बात यह है कि वह गेम को समझकर खेलते हैं, जल्दबाजी नहीं करते, सही समय का इंतजार करते हैं और फिर मैच को अपने हिसाब से चलाते हैं। यही वजह है कि उनकी कई पारियां सिर्फ अच्छी नहीं, बल्कि मैच जिताने वाली रही हैं। यहां हम आपको रोहित शर्मा द्वारा आईपीएल में खेली गई पांच सबसे अच्छी पारियों के बारे में बताएंगे।

ये हैं IPL में रोहित शर्मा की सबसे अच्छी पारियां-

5. डेक्कन चार्जर्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (2009) – 32 (13 बॉल)

आईपीएल 2009 में रोहित शर्मा द्वारा डेक्कन चार्जर्स के लिए एक छोटी लेकिन मैच विनिंग पारी खेली थी। उस मुकाबले में 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी टीम को अंतिम ओवर में 22 रनों की जरूरत थी और मुकाबला लगभग कोलकाता नाइट राइडर्स के पक्ष में जा चुका था। उस समय किसी भी बल्लेबाज के लिए दबाव संभालना आसान नहीं होता।

रोहित शर्मा ने यहां बिल्कुल शांत रहकर खेला और 13 गेंदों में 32* रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के लगाए और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। यह पारी उनके करियर की शुरुआती लेकिन सबसे अहम पारियों में गिनी जाती है।

4. मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (2026) – 78 (38 बॉल)

Rohit Sharma, Mumbai Indians, IPL 2026
Rohit Sharma (Image Credits: BCCI/IPL)

IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई के पहले ही मैच में रोहित शर्मा ने एक शानदार पारी खेली, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 221 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और 38 गेंदों में 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।

रोहित शर्मा की इस पारी की वजह से मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवरों में 224/4 बनाकर 6 विकेट से जीत हासिल की। यह आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। खास बात यह रही कि रोहित की इस पारी के चलते मुंबई ने आईपीएल इतिहास में पहली बार अपना ओपनिंग मैच भी जीता।

3. मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2018) – 94 (52 बॉल)

आईपीएल 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रोहित शर्मा ने 52 गेंदों में 94 रनों की एक अच्छी पारी खेली थी। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआत में समय लिया, लेकिन वह जैसे ही सेट हुए, तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया। उनकी इस पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रोहित द्वारा खेली गई इस पारी की वजह से मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे और46 रनों से मैच जीत गई थी। उनकी यह पारी दिखाती है कि वह अपनी इनिंग को कैसे कंट्रोल करते हैं।

2. मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (2012) – 109* (60 बॉल)

2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोहित शर्मा ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया था। उन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 109* रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसमें 12 चौके और 5 छक्के शामिल थे।

उनकी इस पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट खोकर 182 बनाए और 27 रनों से यह मैच जीत लिया। रोहित की यह पारी उनके शुरुआती आईपीएल करियर को बड़ा बनाने और एक अलग पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

1. मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (2015 फाइनल) – 50 (26 बॉल)

IPL 2024 में Rohit Sharma तोड़ेंगे ये तीन बड़े रिकॉर्ड्स, इस मामले में बन सकते हैं पहले भारतीय खिलाड़ी
Rohit Sharma

आईपीएल 2015 का फाइनल रोहित के करियर का सबसे बड़ा स्टेज था। बतौर कप्तान पहली ही बार यानी 2013 में खिताब जिताने के बाद अब उनकी टीम एक बार फिर फाइनल में थी। वहां उन्होंने 26 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 50 रनों की तेज पारी खेली।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेली गई उनकी इस पारी की वजह से मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए और 41 रनों से यह मैच जीत लिया। रोहित को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था और साथ ही मुंबई इंडियंस ने अपना दूसरा खिताब भी जीता था।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.