WWE में Gunther को हराने वाले टॉप सुपरस्टार्स की लिस्ट

अब तक सिर्फ चार सुपरस्टार्स ने गुंथर को कंपनी में हराया है।
“द रिंग जनरल” गुंथर (Gunther) मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ प्रोफेशनल रेसलर्स में से एक हैं। WWE में डेब्यू करने के बाद से ही वो एक बढ़िया रेसलर रहे हैं और NXT यूके के समय से ही उन्होंने अपना कौशल साबित किया है। गुंथर ने NXT और NXT यूके में वाल्टर नाम से रेसलिंग लड़ी और 870 दिनों तक NXT यूके चैंपियन रहने वाले पहले सुपरस्टार बने।
WWE मेन रोस्टर में आने के बाद से भी उन्हें उनके कौशल के चलते बढ़िया पुश मिला और वह सबसे लंबे समय तक (666 दिनों) इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बने रहे। इसके अलावा वह सिंगल्स मैच में दो साल से ज्यादा समय तक अपराजित रहे। तो चलिए चूंकि गुंथर रेसलमेनिया 40 में अपनी इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप हार गए, ऐसे में इस आर्टिकल में हम आपको उन सुपरस्टार्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने गुंथर को WWE में हराया है।
इन सुपरस्टार्स ने WWE में Gunther को हराया है:
इल्जा ड्रैगुनोव
NXT टेकओवर 36 में, इल्जा ड्रैगुनोव ने WWE NXT यूके चैंपियनशिप के लिए गुंथर (तब वाल्टर) को चुनौती दी। ये मैच 22 मिनट से ज्यादा समय तक चला। जहां ड्रैगुनोव ने अंत में रियर नेकेड चोक के जरिए सबमिशन करके वाल्टर को हरा दिया और उनके 870 दिनों तक चले चैंपियनशिप शासनकाल को खत्म कर दिया। WWE में अपने डेब्यू के बाद से वाल्टर की यह पहली हार थी। इस मैच को 5.25 स्टार रेटिंग मिली, जो WWE इतिहास में 5-स्टार रेटिंग से ज्यादा होने वाला चौथा मैच बन गया।
ब्रॉन ब्रेकर
NXT के 5 अप्रैल, 2022 के एपिसोड में, गुंथर ने ब्रॉन ब्रेकर को NXT चैंपियनशिप के लिए चुनौती दी। इस मैच में ब्रेकर ने उन्हें स्पियर के बाद दो गोरिल्ला प्रेस स्लैम दिए और उन्हें हराकर चैंपियनशिप को बरकरार रखा। WWE में ये गुंथर की दूसरी हार थी और NXT ब्रांड में उनका आखिरी मैच।
चैड गेबल
रॉ के 21 अगस्त, 2023 के एपिसोड में, चैड गेबल ने इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के लिए द रिंग जनरल को चुनौती दी। इस मैच के आखिरी पलों में गेबल ने गुंथर को रिंग के बाहर टाइमकीपर क्षेत्र में भेज दिया और इस तरह उन्होंने काउंट आउट के जरिए मैच जीत लिया। मेन रोस्टर में डेब्यू के बाद से ये गुंथर की पहली हार थी। गेबल ने भले ही मैच जीत लिया था पर चूंकि ये मैच काउंट आउट में खत्म हुआ था, इसलिए गेबल को चैंपियन नहीं बनाया गया।
सैमी जैन
रेसलमेनिया 40 नाइट 2 में, सैमी जैन ने गुंथर को इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप के लिए चुनौती दी। इस मैच में सैमी अंडरडॉग थे और गुंथर मैच पर शुरू से बढ़त बनाए हुए थे। हालांकि सैमी जैन ने टर्नबकल के ऊपर से ब्रेन बर्स्टर मारकर और उसके बाद दो हेलुवा किक्स देकर एक मुश्किल मैच के बाद आखिरकार गुंथर को हरा दिया और 666 दिनों से चले आ रहे उनके चैंपियनशिप शासनकाल को खत्म किया। इस खिताब के लिए अब तक का ये सबसे लंबा शासनकाल था।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.