टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों की लिस्ट

हर ग्रुप से दो-दो टीमें, कुल आठ टीमों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जगह बनाई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लीग स्टेज अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। सभी आठ टीमों ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हालांकि, अभी भी लीग स्टेज का एक मुकाबला शेष रहता है। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों को चार समूहों में बांटा गया था और हर ग्रुप से टॉप 2 टीमें सुपर 8 स्टेज में जगह बना चुकी हैं, जबकि बाकी टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
अब तक खेले गए मुकाबलों में कई रोमांचक मैच देखने को मिले हैं और कुछ बड़े उलटफेर भी हुए हैं, जिससे सुपर 8 की रेस और भी दिलचस्प बन गई थी। इसी कड़ी में आइए जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में किन-किन टीमों ने जगह बनाई है।
ये हैं सुपर 8 में क्वालीफाई करने वाली टीमों की पूरी लिस्ट-
1. दक्षिण अफ्रीका

ग्रुप D से दक्षिण अफ्रीका सुपर 8 में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर छह अंक हासिल किए और पॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान पर रही। उन्होंने कनाडा, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने आधिकारिक रूप से अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली और टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी पेश की।
2. वेस्टइंडीज

ग्रुप C से वेस्टइंडीज ने भी शानदार खेल दिखाते हुए सुपर 8 में जगह बनाई। टीम ने शुरुआती तीन मैचों में स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और नेपाल को हराया और लगातार जीत के साथ आगे बढ़ी। छह अंकों के साथ वेस्टइंडीज अपने ग्रुप में टॉप पर रहा और वह अपने समूह से क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनी।
3. भारत

ग्रुप A में भारत ने भी लगातार तीन जीत दर्ज कर सुपर 8 में जगह बनाई। टीम ने यूएसए, नामीबिया और पाकिस्तान को हराकर छह अंक जुटाए और पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया।
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद भारत ने आधिकारिक रूप से अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया और टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति साबित की।
4. इंग्लैंड

ग्रुप C से इंग्लैंड भी सुपर 8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। टीम ने चार में से तीन मुकाबले जीते और छह अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया। इंग्लैंड को एकमात्र हार वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली लेकिन बाकी मैच जीतकर टीम ने अगले चरण में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
5. श्रीलंका

ग्रुप B से श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के बाद सुपर 8 में प्रवेश किया। टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर मजबूत प्रदर्शन किया और अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम मुकाबला जीतने के बाद श्रीलंका ने न सिर्फ अपनी स्थिति मजबूत की बल्कि ग्रुप की सबसे खतरनाक टीमों में भी जगह बना ली।
6. न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड ने ग्रुप स्टेज में संतुलित प्रदर्शन करते हुए 4 मुकाबलों में 3 जीत दर्ज की और 1 मैच गंवाया। टीम ने कुल 6 अंक जुटाए और 1.227 के मजबूत नेट रन रेट के साथ आसानी से सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली।
न्यूजीलैंड को सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को हराकर अहम जीत हासिल की। चारों मैच खत्म होने के बाद टीम ग्रुप D में दूसरे स्थान पर रही और दमदार प्रदर्शन के दम पर सुपर 8 में क्वालीफाई कर गई।
7. जिम्बाब्वे

जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज में शानदार खेल दिखाते हुए 3 मैचों में 2 जीत हासिल कीं, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द रहा। इस तरह टीम के खाते में कुल 5 अंक आए और 1.984 के बेहतरीन नेट रन रेट के साथ उसने सुपर 8 में जगह बना ली।
टीम ने अपने दोनों मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया और ओमान को हराया, जबकि आयरलैंड के खिलाफ मैच बिना गेंद फेंके ही रद्द हो गया। बारिश से मिले एक अंक ने जिम्बाब्वे की राह आसान कर दी और टीम ग्रुप B में दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर 8 में पहुंच गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
8. पाकिस्तान

पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में 4 मुकाबलों में से 3 में जीत हासिल की और 6 अंकों के साथ सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया। इस टीम का नेट रन रेट +0.976 रहा, जिससे उसने अंक तालिका में मजबूत स्थिति बनाए रखी।
पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में सिर्फ भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि नीदरलैंड्स, यूएसए और नामीबिया पर जीत दर्ज कर टीम ने अपनी दावेदारी मजबूत की। सभी लीग मैच पूरे होने के बाद पाकिस्तान ग्रुप A में दूसरे स्थान पर रहा और उसने आसानी से सुपर 8 में जगह पक्की कर ली।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.