PKL 12: तेलुगू टाइटंस के कोच ने विजय मलिक को लेकर कही बड़ी बात, युवा खिलाड़ियों पर भी जताया पूरा भरोसा

विजय मलिक, भरत हुड्डा और अंकित ने बंगाल वॉरियर्स पर तेलुगू टाइटंस की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) के 19वें मैच में तेलुगू टाइटंस ने बंगाल वॉरियर्स पर 44-34 से बड़ी जीत दर्ज की। टाइटंस लगातार दो जीत दर्ज कर चुके हैं, दूसरी ओर बंगाल की ये लगातार दूसरी हार रही।
देवांक दलाल ने इस मैच में 13 रेड पॉइंट्स लिए, लेकिन कोई अन्य रेडर उनका साथ नहीं दे पाया। दूसरी ओर तेलुगू टाइटंस के लिए विजय मलिक और भरत हुड्डा, दोनों ने सुपर-10 लगाया, वहीं अंकित ने डिफेंस में हाई-5 लगाकर टाइटंस की जीत में अहम योगदान दिया।
लेफ्ट कवर की प्लानिंग सफल नहीं हुई – नवीन कुमार
बंगाल वॉरियर्स के हेड कोच नवीन कुमार ने टीम की हार पर कहा, “हमने इस मैच के लिए लेफ्ट कवर को बदला था, लेकिन प्लानिंग सफल नहीं हो पाई। हमने उसको बोला था कि पहले एंकल होल्ड होगा, फिर सपोर्ट में आना है। वो बार-बार गलती करता रहा, जिसके कारण बार-बार सुपर रेड होती रही।”
हार से निराश कप्तान देवांक दलाल
बंगाल वॉरियर्स की हार पर कप्तान देवांक दलाल ने कहा, “गलती तो डिफेंडर और रेडर्स, दोनों से हुई है। जब जरूरत थी तब रेडिंग में अंक नहीं आए और जब टैकल होने चाहिए थे, तब हो नहीं पाए। हमारी टीम में एकता की कमी दिखी, इसी चीज की कमी रही।”
देवांक किसी सीजन में सबसे तेज 50 अंक पूरे करने वाले रेडर बने हैं, उन्होंने यह मुकाम सिर्फ 3 मैचों में हासिल किया। इस व्यक्तिगत उपलब्धि पर उन्होंने कहा, “सबसे पहले टीम आती है, टीम जीतती है तो मेरी उपलब्धियों की वाहवाही होगी अथवा नहीं.”
देवांक पर हर मैच में दबाव रहेगा
कोच नवीन कुमार ने कहा, “मुझे लगता है कि देवांक जैसे रेडर को दबाव नहीं लेना चाहिए, क्योंकि सब जानते हैं कि वो कितना बेहतरीन रेडर है। सब जानते हैं कि बंगाल वॉरियर्स ने देवांक को बहुत बड़ी बोली लगाकर खरीदा है, इसलिए उनपर दबाव तो रहेगा ही।”
फैंस से कहा था, मायूस ना हों – कृष्ण कुमार हुड्डा
तेलुगू टाइटंस के कोच कृष्ण कुमार हुड्डा ने तेलुगू टाइटंस की जीत पर कहा, “जीत पर बहुत खुशी है। मैंने पहले भी फैंस से कहा था कि मायूस ना होना, हम आपको रिजल्ट लाकर देंगे। मैं फिर कहता हूं कि मेरी भविष्यवाणी करने की आदत नहीं है। ये मेरी सोच है कि तेलुगू टाइटंस बहुत अच्छा करने की राह पर है।”
पूरी टीम ने एकजुटता दिखाई – विजय मलिक
कप्तान विजय मलिक ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि आज हमारे सातों खिलाड़ियों ने अच्छा किया। सबने टीम गेम दिखाया और उम्मीद करता हूं कि खिलाड़ी आगे भी ऐसा ही करेंगे।”
युवा खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा – कृष्ण कुमार हुड्डा
कोच कृष्ण कुमार हुड्डा ने कहा, “हमारी इस टीम में 3-4 न्यू यंग प्लेयर हैं। चेतन साहू NYP हैं और अंकित जागलान को भी ऐसा ही समझो। इनके प्रदर्शन पर हमें पूरा विश्वास है, हमने कोई अनुभवी कवर भी टीम में शामिल नहीं किया है। मैंने शुरुआत से ही नए खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया है और टीम में सीनियर कवर खिलाड़ी को नहीं लिया था।”
सुनील कुमार अच्छा लड़का है
तेलुगू टाइटंस के कोच कृष्ण कुमार हुड्डा ने यू मुम्बा के कप्तान की तारीफ करके कहा, “यू मुम्बा के साथ अगला मैच है, जिसका कप्तान सुनील कुमार अच्छा लड़का है। अगले मैच में वो अच्छा खेलेंगे तो वो जीत जाएंगे और हम अच्छा खेले तो जीत हमारी हो जाएगी। मैं बाकी सारी टीमों से कहता हूं कि तेलुगू टाइटंस किसी से कम नहीं है।”
नए पुराने खिलाड़ी से कुछ नहीं होता
कृष्ण कुमार हुड्डा ने कहा कि नए-पुराने खिलाड़ियों के होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने बताया, “नया हो या पुराना, अच्छा करना खिलाड़ी की सोच पर निर्भर करता है। चीन की 16 साल की लड़कियां जिम्नास्टिक्स में ओलंपिक गोल्ड मेडल ला रही हैं। अपने आप को चैंपियन मानेंगे तो चैंपियन की तरह खेलेंगे। बेंगलुरु बुल्स के लिए आखिरी मैच में कैसे आशीष ने कमाल प्रदर्शन किया।”
विजय गोल्ड था, है और रहेगा
कृष्ण कुमार हुड्डा ने रिपोर्टर पर भड़कते हुए कहा, “विजय गोल्ड है और रहेगा। उसने पहले भी टॉप का प्रदर्शन किया था, इस साल भी कमाल कर रहा है। विजय अपने लिए नहीं, टीम के लिए खेलता है। मेरे एक दोस्त ने कहा था कि विजय अच्छा रेडर है, लेकिन अच्छे से कंट्रोल नहीं कर पा रहा। मैं उस दोस्त की बात से सहमत हूं। कभी-कभी गलतियां हो जाती हैं, लेकिन विजय पहले भी बहुत अच्छी कप्तानी कर चुके हैं।
PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कौन है?
पुनेरी पलटन तीन जीत और एक हार के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है।
PKL 12 के 10वें दिन कौनसी टीमें जीतीं?
दबंग दिल्ली और तेलुगु टाइटंस ने 10वें दिन जीत हासिल की।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.