IPL 2026: टॉप 2 के क्वालिफिकेशन का पूरा समीकरण, RCB, GT और SRH के बीच चल रही जंग

SRH को IPL 2026 के टॉप 2 में पहुंचने के लिए RCB के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
आईपीएल 2026 का 67वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच हैदराबाद में खेला जाएगा, जो इस सीजन दोनों टीमों का आखिरी लीग मैच होगा। अब लीग स्टेज समाप्त होने की कगार पर है और प्लेऑफ की रेस भी अब बेहद रोमांचक हो चुकी है।
वर्तमान समय में पॉइंट्स टेबल देखें तो, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अभी भी टॉप 2 की रेस चल रही हैं। हैदराबाद के पास अब भी टॉप 2 में फिनिश करने का मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें पहले स्थान पर चल रही बेंगलुरु के खिलाफ सिर्फ जीत नहीं, बल्कि नेट रन रेट में बड़ा उछाल भी चाहिए होगा।
SRH का मौजूदा नेट रन रेट और GT का समीकरण
इस समय गुजरात टाइटंस 14 मैचों के बाद 18 अंकों और +0.695 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। वहीं SRH 16 अंकों और +0.350 नेट रन रेट के साथ तीसरे पर है। ऐसे में हैदराबाद को अपने आखिरी लीग मैच में ऐसी जीत हासिल करनी होगी, जिससे उनका NRR सीधे GT से ऊपर पहुंच जाए।
अगर SRH पहले बल्लेबाजी करे तो क्या करना होगा?
अगर SRH पहले बल्लेबाजी करती है और दोनों टीमें पूरे 20 ओवर खेलती हैं, तो हैदराबाद को लगभग 100 रनों के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। यानी हैदराबाद को सिर्फ बड़ा स्कोर नहीं बनाना होगा, बल्कि गेंदबाजों को भी पूरी तरह मैच पर हावी होना पड़ेगा।
उदाहरण के रूप में, यदि SRH 200 रन बनाए तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 99 रनों पर रोकना होगा, 220 रन बनाए तो 118 रनों पर और 240 रन बनाए तो उसे विपक्षी टीम को 138 रनों पर रोकना होगा।
अगर SRH लक्ष्य का पीछा करे तो क्या करना होगा?
अगर RCB पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाती है, तो SRH को यह लक्ष्य लगभग 10.2 ओवरों में हासिल करना होगा ताकि उनका नेट रन रेट GT से ऊपर जा सके।
वहीं 180 रन का लक्ष्य भी SRH को करीब 10 ओवर के अंदर चेज करना होगा। यानी हैदराबाद को शुरुआत से ही बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करनी पड़ेगी।
क्या SRH के लिए टॉप 2 में पहुंचना संभव है?
गणितीय रूप से SRH अभी भी टॉप 2 में पहुंच सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें IPL इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज करनी पड़ सकती है। RCB जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 100 रनों के आसपास जीत हासिल करना आसान नहीं होगा, लेकिन टी20 क्रिकेट में बड़े उलटफेर कई बार देखने को मिले हैं।
अब सभी की नजरें SRH और RCB के इस मुकाबले पर रहेंगी, क्योंकि यही मैच तय कर सकता है कि हैदराबाद टॉप 2 में पहुंचती है या नहीं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.