पीकेएल के पहले सीजन में सबसे ज्यादा सुपर-10 लगाने वाले टॉप-5 रेडर्स

(Courtesy : PKL)
कई रेडर्स ने पहले सीजन में अपनी छाप छोड़ी थी।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के पहले सीजन में कई रेडर्स का बोलबाला रहा। पहले सीजन को लेकर सबके मन में काफी अनिश्चितता की स्थिति भी थी कि ये टूर्नामेंट सफल होगा या नहीं। कैसे ये लीग आगे बढ़ेगा ? सबके मन में कई तरह के सवाल थे लेकिन खिलाड़ियों ने अपने दमदार परफॉर्मेंस से फैंस को खूब एंटरटेन किया और उनको कई जबरदस्त रोमांचक मुकाबले दिए।
पहले पीकेएल सीजन में कई रेडर्स ने अपना जलवा दिखाया था। इनमें से ज्यादातर उन खिलाड़ियों का बोलबाला रहा जो इससे पहले इंटरनेशनल लेवल पर अच्छा प्रदर्शन कर चुके थे। उन रेडर्स ने लीग में भी कमाल का प्रदर्शन किया और अपनी रेडिंग से टीमों को मैच जिताया। इस आर्टिकल में हम आपको उन टॉप-5 प्लेयर्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने पीकेएल के पहले सीजन में सबसे ज्यादा सुपर-10 लगाया। आइए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन से दिग्गज प्लेयर मौजूद हैं।
5.अजय ठाकुर
अजय ठाकुर ने कुल मिलाकर अपने करियर में अभी तक 120 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 797 रेड प्वॉइंट हासिल किए हैं। वो इंडियन टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। पीकेएल इतिहास के पहले सीजन में वो अजय ठाकुर बेंगलुरू बुल्स की टीम का हिस्सा थे और उनके लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टीम के लिए कुल 15 मुकाबले खेले थे और पांच सुपर-10 लगाए थे। वो पांचवें सबसे ज्यादा सुपर-10 लगाने वाले खिलाड़ी थे।
4.मनिंदर सिंह
मनिंदर सिंह की खास बात ये है कि वो काफी लंबे-चौड़े कद के हैं और इसीलिए उन्हें टैकल करने के लिए एक साथ कई डिफेंडर्स को आना पड़ता है और इससे उनके ज्यादा प्वॉइंट लाने के आसार बढ़ जाते हैं। पीकेएल के पहले सीजन में वो चैंपियन टीम जयपुर पिंक पैंथर्स का हिस्सा थे और अपनी टीम को टाइटल जिताने में अपना अहम योगदान अदा किया था। उन्होंने 16 मैचों में 130 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। इसके अलावा उन्होंने इन 16 मैचों में पांच सुपर-10 लगाए थे। आपको बता दें कि मनिंदर सिंह पीकेएल इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने अभी तक 101 मैचों में 993 प्वॉइंट हासिल किए हैं।
3.सुरजीत नरवाल
पीकेएल के पहले सीजन में सुरजीत नरवाल दबंग दिल्ली की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टीम के लिए कुल मिलाकर 14 मुकाबले खेले थे और इस दौरान छह सुपर-10 लगाया था। पहले सीजन में उन्होंने कुल मिलाकर 205 रेड किए थे और 113 प्वॉइंट हासिल किए थे। सुरजीत नरवाल अपने करियर में दबंग दिल्ली के अलावा बेंगलुरू बुल्स और बंगाल वॉरियर्स के लिए भी खेल चुके हैं। हालांकि सुरजीत केवल चौथे सीजन तक ही खेले।
2.राहुल चौधरी
प्रो कबड्डी लीग को सफल बनाने में 'शो मैन' राहुल चौधरी का काफी बड़ा योगदान रहा। पहले सीजन से ही वो लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपने पहले सीजन में 151 रेड प्वॉइंट हासिल कर लिए थे। उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपनी शानदार रेडिंग के जरिए दर्शकों को लगातार एंटरटेन किया। राहुल चौधरी ने अभी तक कुल मिलाकर 129 मैचों में 968 रेड प्वॉइंट हासिल किए हैं। राहुल चौधरी ने पहले सीजन में तेलुगु टाइटंस की तरफ से खेलते हुए आठ सुपर-10 लगाए थे।
1.अनूप कुमार
कैप्टन कूल के नाम से मशहूर अनूप कुमार ने प्रो कबड्डी लीग की शुरूआत को ही काफी यादगार बना दिया था। उन्होंने पहले सीजन में ही 169 प्वॉइंट हासिल करके पीकेएल का धमाकेदार आगाज किया था और इस लीग को एक नया आयाम दे दिया था। वो पहले सीजन में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुने गए थे। पीकेएल के पहले सीजन में सबसे ज्यादा सुपर-10 लगाने का रिकॉर्ड अनूप कुमार के नाम ही है। उन्होंने यू-मुम्बा की तरफ से खेलते हुए 16 मैचों में सबसे ज्यादा दस सुपर-10 लगाए थे।
For more updates, follow Khel Now on Twitter, Instagram and Facebook.
Where passion meets insight — blending breaking news, in-depth strategic analysis, viral moments, and jaw-dropping plays into powerful sports content designed to entertain, inform, and keep you connected to your favorite teams and athletes. Expect daily updates, expert commentary and coverage that never leaves a fan behind.