PKL 11: पांच रेडर्स जिन्होंने प्रो कबड्डी 2024 के सातवें हफ्ते किया टॉप क्लास प्रदर्शन

इन रेडर्स का जलवा सातवें हफ्ते के दौरान देखने को मिला।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) के सात हफ्ते समाप्त हो चुके हैं। इस दौरान कई यादगार परफॉर्मेंस हमें देखने को मिले हैं। कुछ टीमों ने काफी शानदार खेल दिखाकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इन टीमों के लिए इनके खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। कई सारे बेहतरीन रेडर ऐसे रहे जिन्होंने इस हफ्ते के दौरान काफी शानदार खेल दिखाया और अपनी अपनी टीमों को जीत दिलाई। इस बार कुछ पुराने दिग्गज रेडर्स ने भी अपनी चमक बिखेरी।
तो चलिए यहां हम आपको पीकेएल के सातवें हफ्ते सबसे बढ़िया प्रदर्शन करने वाले टॉप-5 रेडर्स के बारे में बताते हैं। आइए जानते हैं कौन-कौन से रेडर्स इस लिस्ट का हिस्सा हैं।
5. अयान (पटना पाइरेट्स)
पटना पाइरेट्स के युवा रेडर अयान इस पीकेएल सीजन लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। वो इस सीजन छठे सबसे ज्यादा रेड पॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। ओवरऑल अभी तक उन्होंने 15 मैचों में 121 रेड पॉइंट्स हासिल किए हैं। जबकि पीकेएल के सातवें हफ्ते के दौरान उन्होंने दो मैचों को मिलाकर 21 पॉइंट लिए। उन्होंने एक मैच में 8 और दूसरे मुकाबले में 13 पॉइंट लाकर टीम को बड़ी जी दिलाई थी।
4. मनिंदर सिंह (बंगाल वारियर्स)
पीकेएल इतिहास के दूसरे सबसे सफल रेडर मनिंदर सिंह का ओवरऑल प्रदर्शन तो वैसे अच्छा नहीं रहा है, लेकिन सातवें हफ्ते के दौरान जरुर उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया और अपने पुराने फॉर्म में दिखे। मनिंदर सिंह ने इस हफ्ते दो मैच खेले और इस दौरान कुल 22 पॉइंट लिए। उन्होंने दोनों ही मैचों में 11-11 पॉइंट लिए। यही वजह रही कि इस हफ्ते बंगाल वारियर्स की टीम हरियाणा स्टीलर्स जैसी बेहतरीन टीम को हराने में कामयाब रही और खुद को प्लेऑफ में बनाए रखा है।
3. गगन गौड़ा (यूपी योद्धा)
यूपी योद्धा के लिए रेडिंग में गगन गौड़ा काफी जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी वजह से यूपी योद्धा भी मुकाबले जीत रही है। गगन गौड़ा ने अपनी हाईट का फायदा उठाकर काफी पॉइंट लिए हैं। खासकर सातवें हफ्ते में उन्होंने एक मैच में 15 और दूसरे मैच में 13 पॉइंट लिए। दबंग दिल्ली के खिलाफ उन्होंने जिस तरह से परफॉर्म किया उसी वजह से इस मैच में यूपी योद्धा को हार नहीं मिली और मुकाबला टाई हो गया। कुल मिलाकर गगन गौड़ा ने सातवें हफ्ते में 28 पॉइंट लिए।
2. देवांक (पटना पाइरेट्स)
युवा रेडर देवांक इस पीकेएल सीजन सबसे ज्यादा रेड पॉइंट हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अभी तक 15 मैच खेले हैं और इस दौरान 194 रेड पॉइंट हासिल कर चुके हैं। बाकी रेडर्स उनसे काफी पीछे हैं। इसकी वजह यह है कि वो लगातार पॉइंट्स ला रहे हैं। पीकेएल के सातवें हफ्ते के दौरान भी देवांक ने काफी जबरदस्त खेल दिखाया। उन्होंने कुल मिलाकर दो मैचों में 30 पॉइंट लिए। इससे पता चलता है कि देवांक कितने जबरदस्त फॉर्म में हैं। वो अकेले दम पर टीम को मैच जिता रहे हैं।
1. विजय मलिक (तेलुगु टाइटंस)
तेलुगु टाइटंस के विजय मलिक पीकेएल के सातवें हफ्ते के दौरान सबसे ज्यादा रेड पॉइंट लेने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने एक मैच में 17 और दूसरे मैच में 18 पॉइंट लिए। कुल मिलाकर दो ही मैचों में विजय मलिक ने 35 पॉइंट लिए और इसी वजह से वो अब इस पीकेएल सीजन टॉप-5 रेडर्स की लिस्ट का हिस्सा भी बन चुके हैं। ओवरऑल विजय मलिक अभी तक 16 मैचों में 127 रेड पॉइंट्स हासिल कर चुके हैं। पवन सेहरावत की अनुपस्थिति में उन्होंने अकेले दम पर तेलुगु टाइटंस को लगातार जीत दिलाई है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.