PKL 11: टॉप पांच युवा रेडर्स जिन्होंने नोएडा लेग में किया टॉप क्लास प्रदर्शन

नोएडा लेग के दौरान कई युवा रेडर्स का जलवा देखने को मिला है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) में नोएडा लेग समाप्त हो चुका है और अब पुणे लेग की बारी है। नोएडा लेग के दौरान कई सारी टीमों ने काफी जबरदस्त खेल दिखाया और प्लेऑफ के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। वहीं इस दौरान कई सारे युवा खिलाड़ियों ने भी काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई।
कुछ युवा खिलाड़ी तो ऐसे थे जिनसे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं थी लेकिन जिस तरह से इन्होंने अपनी टीमों के लिए परफॉर्म किया वो काबिलेतारीफ है। ऐसे में हम आपको उन 5 युवा रेडर्स के बारे में बताते हैं, जिन्होंने पीकेएल 11 के नोएडा लेग के दौरान धमाल मचाया और काफी पॉइंट लिए।
5. भवानी राजपूत (यूपी योद्धा)
अपने होम लेग के दौरान यूपी योद्धा का प्रदर्शन मिला जुला रहा। टीम ने शुरुआत में तो लगातार कई मैच हारे थे लेकिन इसके बाद आखिर में आकर कुछ बेहतरीन मुकाबले अपने नाम किए। टीम की इस जीत में युवा रेडर भवानी राजपूत का योगदान काफी अहम रहा। भवानी राजपूत ने कई मैचों में सिर्फ अपने दम पर रेडिंग में टीम को लीड किया। कुल मिलाकर 13 मैचों में वो अभी तक 78 रेड पॉइंट्स हासिल कर चुके हैं। उनसे आगे भी इसी तरह के परफॉर्मेंस की उम्मीद रहेगी।
4. शिवम पटारे (हरियाणा स्टीलर्स)
हरियाणा स्टीलर्स की टीम में रेडिंग में इस सीजन कोई बड़े नाम नहीं हैं। टीम केवल अपने युवा खिलाड़ियों पर ही ज्यादा निर्भर है। इसी वजह से हरियाणा को लेकर कहा जा रहा था कि उनका रेडिंग डिपार्टमेंट कमजोर है। हालांकि शिवम पटारे जैसे रेडर ने इस चीज को गलत साबित कर दिया। उन्होंने अपनी टीम के लिए लगातार पॉइंट्स लिए हैं। नोएडा लेग के दौरान उनका परफॉर्मेंस शानदार रहा और इसी वजह से शिवम पटारे 15 मैच में 85 रेड पॉइंट्स हासिल कर चुके हैं।
3. विनय तेवतिया (हरियाणा स्टीलर्स)
हरियाणा स्टीलर्स के लिए एक और युवा रेडर विनय तेवतिया ने भी काफी जबरदस्त खेल दिखाया है। उन्होंने अहम मौकों पर पॉइंट्स लाकर टीम को जीत दिलाई है। रेडिंग में शिवम पटारे को काफी अच्छी तरह से उन्होंने सपोर्ट किया है। विनय ने इस सीजन अभी तक कुल मिलाकर 15 मैच खेले हैं जिसमें 108 रेड पॉइंट्स हासिल किए हैं। इससे पता चलता है कि विनय का प्रदर्शन कितना अच्छा रहा है। हरियाणा स्टीलर्स की टीम भी 15 में से12 मैच जीतकर इस वक्त अंक तालिका में पहले पायदान पर है।
2. अयान (पटना पाइरेट्स)
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन का जब आगाज हुआ था तब किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि पटना पाइरेट्स के युवा रेडर्स इस तरह से डॉमिनेट करेंगे। हालांकि अयान ने जिस तरह का खेल दिखाया है, उससे हर कोई हैरान है। वो इस सीजन चौथे सबसे ज्यादा रेड पॉइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अभी तक 15 मैच खेले हैं जिसमें 121 रेड पॉइंट्स हासिल किए हैं। हर एक मैच में अयान जबरदस्त खेल दिखाते हैं और पटना पाइरेट्स को जीत दिलाते हैं।
1. देवांक (पटना पाइरेट्स)
पटना पाइरेट्स के एक और युवा रेडर देवांक इस पीकेएल सीजन अभी तक सबसे ज्यादा रेड पॉइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके खेल को देखकर ऐसा लगता है कि प्रो कबड्डी लीग को परदीप नरवाल और मनिंदर सिंह जैसा रेडिंग में एक और बड़ा सितारा मिल गया है।
कोई भी डिफेंडर देवांक को रोक ही नहीं पा रहा है। हर एक मैच में वो 13, 15, 18 पॉइंट लेकर आ रहे हैं। इसी वजह से उनका औसत इस सीजन करीब 13 का रहा है। उन्होंने अभी तक 15 मैच खेले हैं जिसमें 194 रेड पॉइंट्स हासिल किए हैं। उन्होंने अकेले दम पर पटना को कई मैचों में जीत दिलाई है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.