PKL 12: मोहम्मदरेजा शादलू ने सुनील कुमार को दी चेतावनी, यू मुम्बा के खिलाफ मुकाबले से पहले कर दिए अपने इरादे साफ

गुजरात जायंट्स ने यूपी योद्धा को हराकर PKL 12 में अपनी दूसरी जीत हासिल की।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) के 53वें मैच में गुजरात जायंट्स ने यूपी योद्धा को 33-27 के अंतर से हराया। ये लंबे अरसे बाद गुजरात की पहली जीत है, लेकिन वो अब भी पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर है। वहीं यूपी फिलहाल 7वें स्थान पर विराजमान है।
इस मैच में गुजरात के लिए अंकित दहिया ने डिफेंस में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए हाई-5 लगाया। मोहम्मदरेजा शादलू ने रेडिंग और डिफेंस, दोनों में योगदान देते हुए कुल 8 पॉइंट्स बटोरे।
दूसरी ओर यूपी के लिए कप्तान सुमित ने डिफेंस में 4 पॉइंट लिए, वहीं गगन गौड़ा और भवानी राजपूत ने रेडिंग में ठीकठाक प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें अन्य खिलाड़ियों का सपोर्ट नहीं मिल पाया।
अंकित ने हमें सरप्राइज कर दिया – उपेंद्र मलिक
यूपी योद्धा की हार पर सहायक कोच उपेंद्र मलिक ने कहा, “हम शुरुआत में बहुत जल्दी ऑलआउट हो गए, जो नहीं होना चाहिए था। उसके बाद भी हम वापसी कर सकते थे, लेकिन इसके लिए डिफेंस और रेडिंग दोनों को मिलकर काम करना था। मगर बीच-बीच में गलतियां हुईं। गुजरात की जीत में अंकित X फैक्टर साबित हुए, उसने हमें बहुत सरप्राइज किया। उन्होंने नया लड़का खिलाया और उसी ने काफी रेड कीं।”
उपेंद्र मलिक ने आगे बताया, “डिफेंस की बात करूं तो अंतिम समय में भी वापसी हो सकती थी, जहां सुमित सेल्फ आउट हुए। वहां से मैच बिल्कुल हमारी पकड़ से बाहर चला गया।”
बार-बार एक ही गलती दोहराई
उपेंद्र मलिक ने कहा, “वो अच्छी प्लानिंग के साथ आए थे, और हमारे रेडरों ने देख भी लिया था कि अंकित दहिया बार-बार हावी हो रहे हैं। फिर भी बार-बार उन्हीं को टैकल करने का प्रयास गलत था।”
सुरेंदर गिल को क्यों नहीं मिल रहा मौका?
अनुभवी रेडर सुरेंदर गिल इस सीजन सिर्फ 2 मैचों में खेलते दिखे हैं। उन्हें मौका ना देने पर उपेंद्र मलिक ने बताया, “हमारी टीम में पहले ही 3 राइट साइड के रेडर मौजूद हैं। देखें तो गगन गौड़ा और भवानी राजपूत अच्छा कर रहे हैं, लेकिन साथ ही हमें कम से कम एक लेफ्ट रेडर भी रखना पड़ता है। अच्छा कर रहे रेडरों को बाहर बैठाना मुश्किल है, लेकिन जरूरत पड़ी तो सुरेंदर को जरूर मौका मिलेगा।”
कप्तानी ना करने पर मोहम्मदरेजा शादलू का रिएक्शन
यूपी योद्धा के खिलाफ मैच में गुजरात जायंट्स टीम की कप्तानी राकेश ने की, जबकि टूर्नामेंट की शुरुआत से ही कप्तानी मोहम्मदरेजा शादलू कर रहे थे। इसपर शादलू ने कहा, “हमने सभी मेन खिलाड़ियों को खिलाया, लेकिन अपनी रणनीति बदल दी। राकेश टीम को लीड कर रहे हैं और साथ में रेडिंग भी। मैं अपना पूरा ध्यान सिर्फ डिफेंस पर लगाना चाहता हूं। हम प्लान के तहत खेले, आगे भी ऐसा कर पाए तो ज्यादा मैच जीत पाएंगे।”
सुनील कुमार vs मोहम्मदरेजा शादलू, क्या बोले ईरानी स्टार
गुजरात जायंट्स का अगला मैच यू मुम्बा के साथ है, जिसके कप्तान सुनील कुमार हैं। सुनील के साथ टक्कर पर शादलू ने कहा, “सुनील अच्छे कप्तान और अच्छे खिलाड़ी हैं। पिछले मैच में मुझसे कुछ गलतियां हुई थीं, लेकिन इस बार मैं रिवेंज के लिए तैयार हूं।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.