IPL 2026: फिल साल्ट के भारत लौटने पर आया बड़ा अपडेट, RCB के लिए खुशखबरी!

फिल साल्ट को लेकर सामने आई नई जानकारी ने RCB फैंस की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए फिल साल्ट (Phil Salt) को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इंग्लैंड के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज पिछले कुछ मैचों से चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे थे और तभी से फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे थे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में काफी संतुलित नजर आई है। टॉप ऑर्डर में विराट कोहली लगातार रन बना रहे हैं, जबकि गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने कई मौकों पर टीम को मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया है। हालांकि, साल्ट के बाहर होने के बाद टीम की शुरुआत पहले जैसी आक्रामक नहीं दिखी।
चोट के बाद इंग्लैंड लौट गए थे फिल साल्ट

फिल साल्ट दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोटिल हो गए थे। उनकी उंगली में चोट लगी थी, जिसके बाद वह मेडिकल स्कैन और इलाज के लिए इंग्लैंड लौट गए थे।
इसके बाद से लगातार उनकी फिटनेस को लेकर चर्चा हो रही थी। सोशल मीडिया पर भी फैंस लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि फिल साल्ट कब वापसी करेंगे और क्या वह दोबारा टीम के साथ जुड़ पाएंगे या नहीं।
अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व डायरेक्टर जॉय भट्टाचार्य ने क्रिकबज्ज पर बातचीत के दौरान बताया कि फिल साल्ट भारत लौट आए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से हर कोई सोशल मीडिया पर यही देख रहा था कि फिल साल्ट कहां हैं और अब वह भारत पहुंच चुके हैं।
IPL 2026 में शानदार फॉर्म में नजर आए थे साल्ट
फिल साल्ट इस सीजन RCB के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने छह पारियों में 202 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 33.67 और स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा है।
साल्ट ने कई मैचों में टीम को तेज शुरुआत दिलाई और पॉवरप्ले में लगातार गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनकी बल्लेबाजी का सबसे बड़ा असर यह रहा कि विराट कोहली को दूसरे छोर से खुलकर खेलने का मौका मिला।
RCB की बल्लेबाजी इस सीजन काफी हद तक तेज शुरुआत पर निर्भर रही है और फिल साल्ट ने उसमें बड़ी भूमिका निभाई है। यही वजह है कि बेंगलुरु को उनकी गैरमौजूदगी का असर साफ महसूस हुआ।
साल्ट की गैरमौजूदगी में फ्लॉप रहे जैकब बेथेल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फिल साल्ट के बाहर होने के बाद इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौका दिया, लेकिन वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके। बेथेल अब तक चार मैचों में सिर्फ 43 रन ही बना सके हैं।
ऐसे में फिल साल्ट की वापसी को RCB के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक उनकी मैदान पर वापसी की तारीख या अगले मैच में खेलने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.