IPL 2026 के प्लेऑफ से पहले RCB के लिए आई बड़ी खुशखबरी, इस दिन भारत लौट सकते हैं फिल साल्ट

IPL 2026 प्लेऑफ से पहले RCB को फिल साल्ट की वापसी से बड़ी मजबूती मिल सकती है।
IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन कर प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अब एक और बड़ी खुशखबरी मिलती नजर आ रही है। खबर मिली है कि टीम के विस्फोटक ओपनर फिल साल्ट जल्द ही भारत लौट सकते हैं और प्लेऑफ मुकाबलों से पहले दोबारा स्क्वॉड से जुड़ सकते हैं।
बता दें कि साल्ट चोट के कारण पिछले कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल को ओपनिंग करने का मौका जरूर मिला, लेकिन वह एक भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। ऐसे में अब साल्ट की वापसी RCB के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
जल्द भारत लौटने वाले हैं फिल साल्ट – रिपोर्ट

ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार फिल साल्ट इसी हफ्ते भारत लौट सकते हैं और जल्द ही RCB से जुड़ जाएंगे। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ से पहले यह खबर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस को काफी राहत देने वाली है।
दरअसल, साल्ट को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय उंगली में चोट लगी थी। इसके बाद से वह एक भी मैच नहीं खेल सके थे और इलाज एवं आगे की जांच के लिए इंग्लैंड भी लौट गए थे।
जैकब बेथेल नहीं छोड़ पाए छाप
फिल साल्ट की जगह ओपनिंग में जैकब बेथेल को लगातार मौके मिले, लेकिन वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। बेथेल ने सात मैचों में सिर्फ 96 रन बनाए और उनका बेस्ट स्कोर 27 रन रहा।
वहीं दूसरी तरफ फिल साल्ट ने सिर्फ छह मैचों में 202 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा और उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए थे। साल्ट ने कई मुकाबलों में RCB को तेज शुरुआत दिलाई थी, जिसकी कमी टीम को बाद के मैचों में साफ महसूस हुई।
लगातार तीन जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंच चुकी है RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में 18 अंकों के साथ पहले स्थान पर मौजूद है। उन्होंने अब तक 13 मैचों में 9 जीत हासिल की हैं और लगातार तीन मुकाबले जीतकर टॉप 2 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।
गौरतलब हो कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने धर्मशाला में पंजाब किंग्स को 23 रनों से हराकर इस सीजन सबसे पहले प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। अब उन्हें इस सीजन अपना अंतिम लीग मुकाबला 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में खेलेगी, जो यह मुकाबला टॉप-2 की रेस के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है।
अगर फिल साल्ट इस मुकाबले या प्लेऑफ से पहले पूरी तरह फिट होकर लौट आते हैं, तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी और भी ज्यादा खतरनाक हो सकती है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.