कब और कहां खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का अगला संस्करण? यहां जानिए

भारतीय टीम ने 2026 का टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता।
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। यह तीसरी बार है जब टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। वहीं न्यूजीलैंड इतिहास में दूसरी बार फाइनल में पहुंची थी, लेकिन इस बार भी उसे निराशा झेलनी पड़ी।
भारत ऐसा पहला देश है, जिसने अपना टी20 वर्ल्ड कप टाइटल सफलतापूर्वक डिफेंड किया है। इस साल का वर्ल्ड कप इतना जबरदस्त हुआ और इतने रिकॉर्ड्स टूटे की फैंस के मन में अभी से ही सवाल उठने लगा कि अगला टी20 वर्ल्ड कप कब और कहां खेला जाएगा?
टी20 वर्ल्ड कप 2028 कब और कहां खेला जाएगा?
टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन अब साल 2028 में होगा। साल 2028 में इस टूर्नामेंट की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मिलकर करेंगे और टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से 19 नवंबर तक खेला जाएगा।
वर्ल्ड कप का फॉर्मेट पिछली 2 बार की तरह ही रहेगा, जहां 20 टीम भाग लेंगी। 20 टीमों को चार ग्रुपों में बांटा जाएगा, जिसके बाद सुपर 8 स्टेज से होते हुए सेमीफाइनल और फिर फाइनल खेला जाएगा।
2028 के वर्ल्ड कप के मेजबान देशों का फैसला नवंबर 2021 में ही हो गया था। उस साल नवंबर में 2024 से 2031 तक होने वाले आईसीसी इवेंट्स की मेजबानी पर फैसला ले लिया गया था। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले 2022 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, वहीं न्यूजीलैंड कभी इस वर्ल्ड कप का मेजबान नहीं रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2028 के मैच किन मैदानों पर खेले जाएंगे, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। मगर उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड, एडिलेड ओवल और ओप्टस स्टेडियम में वर्ल्ड कप के मैच हो सकते हैं। वहीं न्यूजीलैंड ईडन पार्क, स्काई स्टेडियम और हेगली ओवल में विश्व कप के मैच खेले जा सकते हैं।
अब तक टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए कितनी टीमों ने क्वालीफाई किया?
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड मेजबान होने के नाते पहले ही 2028 वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। वहीं 2026 के टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 स्टेज तक पहुंचने वाली भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें भी अगले वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।
उनके अलावा अफगानिस्तान, आयरलैंड और बांग्लादेश भी टी20 रैंकिंग्स के आधार पर अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। आठ स्थान अब भी खाली हैं, जिनका फैसला क्वालीफायर्स टूर्नामेंट के आधार पर होगा।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.