IPL 2026: किसान से क्रिकेटर बनने तक, जानिए गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू करने वाले अशोक शर्मा की खास कहानी

(Courtesy : BCCI)
IPL 2026 में अशोक शर्मा ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया।
गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का सफर आसान नहीं रहा है। अशोक को यहां तक पहुंचाने में उनके पिता और भाई ने बड़ा त्याग किया है। किसान परिवार से निकले अशोक के पास 150 प्लस की रफ्तार से बॉलिंग करने की जबरदस्त क्षमता है। आइए जानते हैं अशोक के बारे में वो सबकुछ, जो आपको जानना चाहिए।
तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को आईपीएल 2026 में डेब्यू कैप मिल ही गई। कप्तान शुभमन गिल ने गुजरात जायंट्स की कैप देकर उन्हें अपना पहला मैच खेलने का मौका दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर अपने आपको साबित किया। बता दें, घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के चलते उन्हें आईपीएल में शामिल किया गया था।
पिता हैं किसान, बड़े भाई ने किया त्याग
अशोक शर्मा ने कड़ी मेहनत के दम पर यहां तक का सफर तय किया है। वह एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता नाथूलाल शर्मा एक साधारण किसान हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि दो बेटों का क्रिकेट करियर एक साथ संभाल सके, इसलिए किसी एक ही लड़के को आगे बढ़ाया जा सकता था।
ऐसे में बड़े भाई अक्षय शर्मा ने अशोक के हुनर को देखते हुए खुद खेलना छोड़ दिया, ताकि छोटा भाई अपने सपनों को पूरा कर सके। अक्षय जिला स्तर पर खेल चुके थे और उनके पास भी क्रिकेटर बनने के पूरे गुण थे, लेकिन उन्होंने छोटे भाई के लिए त्याग किया। अशोक आईपीएल डेब्यू से पहले राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए नेट बॉलर रह चुके हैं।
पिछले सीजन नहीं मिला था प्लेइंग 11 में मौका
ये वही अशोक हैं, जिन्हें आईपीएल 2025 यानी पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन एक भी मैच में मौका नहीं दिया और रिलीज कर दिया।
इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कमाल की बॉलिंग की और हाल ही में हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आक्रामक गेंदबाजी से सभी का दिल जीता। जिसके बाद मिनी ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 90 लाख रुपये में खरीदा था। उनकी सैलरी में 200 प्रतिशत का इजाफा हुआ था, जो 30 लाख से बढ़कर सीधे 90 लाख हो गया।
अशोक शर्मा की खासियत क्या है?
अशोक राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। वह एक उभरता हुआ तेज गेंदबाज है। उनके पास 150 किमी/घंटा की तूफानी रफ्तार से बॉलिंग करने की क्षमता है। यही वजह है कि उन्हें राजस्थान का ‘रफ्तार सिंह’ भी कहा जाता है। उनके पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता है, जो हर किसी बॉलर में नहीं होती है।
23 साल के अशोक शर्मा ने 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में कुल 22 शिकार किए थे। 16 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन था। उन्होंने लगातार 140 किमी/घंटे से ऊपर की रफ्तार से बॉलिंग की थी। फैंस का यह भी मानना है कि यह खिलाड़ी जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.