RCB में नुवान तुषारा को किसने किया रिप्लेस? IPL 2026 के बीच बेंगलुरु में हुई नए खिलाड़ी की एंट्री

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 के बीच अपने स्क्वाड में बदलाव किया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 के बीच अपने स्क्वाड में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा के इस सीजन फ्रेंचाइजी के साथ नहीं जुड़ पाने के चलते उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है।
बता दें कि, पिछले सीजन RCB ने नुवान तुषारा को 1.6 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने उस सीजन टीम के लिए एक मुकाबला भी खेला था और बेंगलुरु की टाइटल विनिंग कैंपेन का हिस्सा भी रहे थे। इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने IPL 2026 से पहले भी उन पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें रिटेन किया था।
हालांकि, इस बार तुषारा को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की तरफ से NOC नहीं मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह बोर्ड के तय फिटनेस मानकों को पूरा नहीं कर पाए थे, जिसके चलते उन्हें आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं दी गई।
RCB ने नुवान तुषारा की जगह रिचर्ड ग्लीसन को किया टीम में शामिल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज रिचर्ड ग्लीसन को नुवान तुषारा के रिप्लेसमेंट के तौर पर स्क्वाड में शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1.6 करोड़ रुपये में साइन किया है।
38 वर्षीय ग्लीसन को दुनियाभर की टी20 लीग्स में खेलने का अनुभव है। वह इससे पहले भी आईपीएल में भी खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2024 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो मुकाबले खेले थे, जबकि 2025 में मुंबई इंडियंस की तरफ से भी एक मैच में नजर आए थे।
ग्लीसन अपनी हार्ड लेंथ गेंदबाजी और डेथ ओवर स्किल्स के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में RCB मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि वह सीजन के अहम मुकाबलों में टीम के बॉलिंग अटैक को और मजबूत करेंगे।
नुवान तुषारा और श्रीलंका क्रिकेट के बीच हुआ था विवाद
नुवान तुषारा को NOC नहीं मिलने के बाद यह मामला काफी चर्चा में आ गया था। तेज गेंदबाज ने श्रीलंका क्रिकेट के खिलाफ कानूनी कदम भी उठाया था और बोर्ड के फैसले को चुनौती दी थी।
हालांकि, बाद में उन्होंने अपना केस वापस ले लिया और श्रीलंका क्रिकेट को लिखित माफी भी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक तुषारा ने अपने शुरुआती कोर्ट दस्तावेज में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्लेऑफ रेस में RCB के लिए अहम हो सकता है यह बदलाव
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस समय आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में मौजूद है और टीम प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे चल रही है। ऐसे में सीजन के आखिरी स्टेज में अनुभवी विदेशी तेज गेंदबाज का जुड़ना टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
अब फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि रिचर्ड ग्लीसन को RCB की प्लेइंग XI में कब मौका मिलता है और वह टीम के लिए कितना असर छोड़ पाते हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.