CSK vs KKR मैच में क्यों नहीं खेल रहे एमएस धोनी? जानिए आईपीएल 2026 के 22वें मैच में थाला के नहीं खेलने का बड़ा कारण

एमएस धोनी चोट के चलते आईपीएल 2026 में अब तक नहीं खेल पाए हैं।
आईपीएल 2026 के 22वें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (CSK vs KKR) से हो रहा है। चेपॉक स्टेडियम में चल रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में हर किसी की नजरें सिर्फ इस चीज पर टिकी थी कि आज ‘थाला’ यानी महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे या नहीं? हालांकि, फैंस की उम्मीदों को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि धोनी इस सीजन का लगातार पांचवां मैच नहीं खेल रहे हैं।
धोनी का ना खेलना हर किसी के लिए एक निराशा की बात है, क्योंकि हर कोई उन्हें मैदान पर एक बार फिर एक्शन में देखना चाहता है। आपको बता दें कोलकाता के खिलाफ धोनी के खेलने की संभावना थी, लेकिन वह नहीं खेले। तो चलिए जानते हैं आखिर ऐसा क्यों हुआ।
KKR के खिलाफ क्यों नहीं खेले एमएस धोनी?

कोलकाता के खिलाफ मैच से पहले धोनी को नेट्स पर नॉर्मल बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते हुए देखा गया था। हालांकि, वह अभी भी अपनी ‘काफ मसल इंजरी’ से उबर रहे हैं। इस सीजन में उन्होंने अब तक एक भी मैच नहीं खेला और रिपोर्ट्स बताती हैं कि वह अभी भी पूरी तरह से मैच फिटनेस हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं।
प्रैक्टिस सेशन के दौरान धोनी ने केवल ‘थ्रोडाउन’ का सामना किया, जो मुख्य रूप से बल्लेबाजी कोच माइकल हसी द्वारा दिए जा रहे थे। उन्होंने अभी तक पूरी तीव्रता के साथ बल्लेबाजी नहीं की है और न ही नेट्स में विकेटकीपिंग का कोई अभ्यास किया है और यही कारण है कि मैनेजमेंट ने आज के मैच में भी धोनी को आराम देने का फैसला किया है।
बता दें टीम मैनेजमेंट उनकी रिकवरी को लेकर काफी सतर्क है। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि धोनी टीम के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भले ही वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा न हों, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछला मैच जीतकर अपनी लय हासिल की है, जहां संजू सैमसन ने 115 रनों की शानदार पारी खेली थी। ऐसे में मैनेजमेंट धोनी की वापसी में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता जब तक वह 100% फिट न हो जाए।
एमएस धोनी के आईपीएल आंकड़े
एमएस धोनी आईपीएल के दिग्गज खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व ने हमेशा CSK को आगे बढ़ाया है। धोनी ने अब तक 278 आईपीएल मैचों की 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने इस लीग में 24 अर्धशतक भी लगाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 84 रन रहा है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.