IPL 2026: जोश हेजलवुड और पैट कमिंस RCB vs SRH मैच से क्यों हुए बाहर? जानिए बड़ा कारण

जोश हेजलवुड और पैट कमिंस दोनों ही अपनी-अपनी टीमों के मुख्य खिलाड़ी हैं।
आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद (RCB vs SRH) के बीच खेला गया, लेकिन इस बड़े मैच में दोनों टीमों के दो बड़े तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और पैट कमिंस नजर नहीं आए।
इस मुकाबले में RCB जहां अपने खिताब को डिफेंड करने उतरी है, वहीं SRH को अपने नियमित कप्तान के बिना मैदान पर उतरना पड़ा है। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ये दोनों खिलाड़ी क्यों नहीं खेले।
RCB vs SRH मुकाबले में जोश हेजलवुड क्यों नहीं खेले?

जोश हेजलवुड पिछले कुछ समय से हैमस्ट्रिंग और एकिलीज इंजरी से जूझ रहे हैं। उन्हें यह चोट पिछले साल नवंबर में लगी थी और उसके बाद से वह लगातार रिकवरी प्रोसेस में हैं।
उन्होंने ना तो एशेज 2025-26 में हिस्सा लिया और ना ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल पाए। हालांकि वह IPL 2026 से पहले टीम के साथ जुड़ चुके थे, लेकिन मैच फिटनेस पूरी तरह हासिल नहीं कर पाए थे।
इसीलिए RCB मैनेजमेंट ने कोई जोखिम नहीं लिया और उन्हें पहले मैच से बाहर रखा। उनकी क्षमता को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उन्हें पूरी तरह फिट होने के बाद ही प्लेइंग XI में शामिल करना चाहती है।
RCB vs SRH मुकाबले में पैट कमिंस क्यों नहीं खेले?

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस भी चोट के कारण इस मैच से बाहर रहे। वह पिछले साल जुलाई से ही लंबर स्ट्रेस बैक इंजरी से जूझ रहे हैं।
उन्होंने एशेज 2025-26 में एक मैच खेलकर वापसी की कोशिश की थी, लेकिन चोट फिर से उभर गई, जिसके बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी बाहर होना पड़ा।
SRH मैनेजमेंट ने पहले ही साफ कर दिया था कि कमिंस टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह इस मुकाबले में ईशान किशन टीम की कप्तानी करते नजर आए।
कब वापसी कर सकते हैं दोनों खिलाड़ी?
हेजलवुड की बात करें तो वह टीम के साथ जुड़ चुके हैं और जल्द ही मैच फिटनेस हासिल करने के बाद प्लेइंग XI में वापसी कर सकते हैं। वहीं कमिंस के बारे में रिपोर्ट है कि वह IPL 2026 के दूसरे हाफ में वापसी कर सकते हैं और फिर से टीम की कमान संभालेंगे।
हालांकि, इन दोनों बड़े तेज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी से दोनों टीमों के बॉलिंग अटैक पर असर जरूर दिखेगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद दोनों ही टीमों की गेंदबाजी थोड़ी कमजोर दिखी, जिससे मुकाबले के हाई-स्कोरिंग होने की उम्मीद और बढ़ गई।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.