IPL 2026: अभिनंदन सिंह को रसिक सलाम और मंगेश यादव से पहले क्यों मिल रहा है मौका? जानिए RCB की इस रणनीति के पीछे का राज

अभिनंदन सिंह पहले तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम हुए हैं।
IPL 2026 के शुरुआती हफ्तों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में डिफेंडिंग चैंपियंस ने 3 में से 2 मैच जीतकर मौजूदा सीजन का शानदार आगाज किया है। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार के बाद टीम के बॉलिंग अटैक को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फैंस यह नहीं समझ पा रहे हैं कि बेंच पर मंगेश यादव और रसिक सलाम जैसे नाम होने के बावजूद अभिनंदन सिंह को लगातार प्लेइंग 11 में क्यों रखा जा रहा है। आपको बता दें, बेंगलुरु ने मंगेश और रसिक के ऊपर करोड़ों रुपए खर्च किए हैं, जबकि अभिनंदन को सिर्फ उनके बेस प्राइस 30 लाख में खरीदा है। इसके बावजूद अभी तक अभिनंदन पर ज्यादा भरोसा दिखाया गया है।
नेट्स का प्रदर्शन बना वरदान
अभिनंदन सिंह के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की सबसे बड़ी वजह उनका प्री-सीजन कैंप का प्रदर्शन है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेनिंग सत्र के दौरान हुए दो ‘इंट्रा-स्क्वाड’ मैचों में अभिनंदन ने अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया था। उन्होंने अपनी शानदार स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से न केवल सबको प्रभावित किया, बल्कि दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को दोनों ही मैचों में आउट किया।
किसी भी अनकैप्ड खिलाड़ी के लिए किंग कोहली का विकेट लेना एक बहुत बड़ा स्टेटमेंट होता है, और यही वजह है कि वह आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कप्तान पाटीदार और टीम मैनेजमेंट की पहली पसंद बन गए।
स्विंग और कंट्रोल का कॉम्बिनेशन

RCB की टीम इस बार अपनी गेंदबाजी में अनुशासन चाहती है। जहां रसिक डेथ ओवरों के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं और मंगेश के पास तेज रफ्तार है, वहीं अभिनंदन नई गेंद के साथ ‘कंट्रोल’ प्रदान करते हैं। टीम मैनेजमेंट उन्हें एक ऐसे गेंदबाज के रूप में देख रही है जो भुवनेश्वर कुमार के साथ मिलकर पावरप्ले में विपक्षी बल्लेबाजों को बांधकर रख सके।
हालांकि, अभिनंदन अब तक उन पर किए गए विश्वास पर खरा नहीं उतर पाए हैं। राजस्थान के खिलाफ पिछला मैच उनके लिए काफी महंगा रहा, जहां उन्होंने 18 की इकोनॉमी से रन लुटाए। इसके अलावा पहले दो मैचों में भी उन्होंने कुछ ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था। यही कारण है कि उनका चयन एक चर्चा का विषय बन गया है।
मैनेजमेंट का भरोसा
मंगेश यादव को नीलामी में 5.2 करोड़ पर खरीदा गया था, लेकिन फिलहाल कप्तान रजत पाटीदार एक स्थिर विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं। ऐसे में अभिनंदन के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनका प्लेइंग 11 में रहना बिल्कुल सही नहीं है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या अभिनंदन को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अगले मैच में मौका मिलता है या फिर कप्तान रसिक या मंगेश की तरफ रुख करते हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.