क्या GT के खिलाफ हारने से CSK आईपीएल 2026 से हो जाएगी बाहर? जानिए समीकरण

CSK आईपीएल 2026 में अपना आखिरी लीग मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेल रही है।
IPL 2026 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है और प्लेऑफ की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती नजर आ रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
अब सिर्फ एक स्थान बचा हुआ है, जिसके लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जंग चल रही है।
चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो उनके खाते में फिलहाल 13 मैचों में 12 अंक हैं और उनका नेट रन रेट -0.016 का है। यही वजह है कि गुजरात के खिलाफ 21 मई को अहमदाबाद में चल रहा मैच CSK के लिए बेहद अहम है।
क्या GT के खिलाफ हारते ही CSK बाहर हो जाएगी?
इस सवाल का सीधा जवाब है हां। अगर चेन्नई सुपर किंग्स आज रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच हार जाती है, तो वो आधिकारिक तौर पर IPL 2026 से बाहर हो जाएगी।
उस स्थिति में CSK के सिर्फ 12 अंक रह जाएंगे, जबकि राजस्थान रॉयल्स पहले ही 14 अंकों तक पहुंच चुकी है। वहीं पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भी 13-13 अंक हैं और उनके पास 15 अंकों तक पहुंचने का मौका है। ऐसे में चेन्नई किसी भी हालत में टॉप-4 में जगह नहीं बना पाएगी।
सिर्फ जीत काफी नहीं, बड़े अंतर से जीत भी जरूरी

हालांकि, अगर चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हरा देती है, तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। लेकिन इसके बाद भी टीम का काम आसान नहीं होगा। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स पहले ही 14 अंकों तक पहुंच चुकी है और उसका नेट रन रेट +0.08 है, जो फिलहाल CSK से बेहतर है।
ऐसे में चेन्नई को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत की जरूरत पड़ेगी ताकि उसका नेट रन रेट पॉजिटिव में पहुंच सके। यही वजह है कि अहमदाबाद में चल रहा ये मुकाबला सिर्फ दो अंकों का नहीं, बल्कि नेट रन रेट की लड़ाई का भी है।
पंजाब किंग्स और KKR के नतीजों पर भी रहेगी नजर
चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदें सिर्फ अपने मैच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें बाकी मुकाबलों के रिजल्ट की भी जरूरत पड़ेगी। क्योंकि पंजाब किंग्स के खाते में फिलहाल 13 अंक हैं और उसका आखिरी मुकाबला 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है। अगर पंजाब वह मैच जीत जाती है, तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और फिर CSK की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में भी 13 अंक हैं। KKR को अभी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक मुकाबला खेलना बाकी है। अगर कोलकाता वह मैच जीत जाती है, तो उसके भी 15 अंक हो जाएंगे और चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी।
राजस्थान रॉयल्स भी बनी हुई है सबसे बड़ी चुनौती
राजस्थान रॉयल्स ने 13 मैचों में 14 अंक हासिल कर लिए हैं और उनका आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ है। अगर राजस्थान वह मुकाबला जीत जाती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
वहीं अगर राजस्थान वह मैच हार जाती है, तो भी अंत में चेन्नई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना नेट रन रेट रियान पराग की कप्तानी वाली टीम से बेहतर होना चाहिए। यही वजह है कि CSK फैंस की नजरें अब सिर्फ अपनी टीम पर नहीं, बल्कि बाकी सभी मुकाबलों पर भी रहने वाली हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें लगभग खत्म
दिल्ली कैपिटल्स के खाते में भी 12 अंक हैं, लेकिन उनका नेट रन रेट -0.871 का है। टीम को अब सिर्फ एक मुकाबला खेलना है और इतने खराब नेट रन रेट को एक मैच में सुधारना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। हालांकि, दिल्ली अगर KKR को हरा देती है, तो वह अप्रत्यक्ष रूप से CSK की मदद जरूर कर सकती है।
CSK के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट
फिलहाल अब प्लेऑफ में क्वालिफिकेशन की स्थिति बिल्कुल साफ है। यदि चेन्नई सुपर किंग्स आज गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार जाती है, तो उसका IPL 2026 का सफर वहीं खत्म हो जाएगा।
लेकिन अगर चेन्नई जीत हासिल कर भी लेती है, तो भी उसे पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की हार की उम्मीद करनी होगी। साथ ही राजस्थान रॉयल्स के नेट रन रेट पर भी नजर बनी रहेगी। यानी अब IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए हर गेंद, हर रन और हर मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.