क्या मिडिल ईस्ट के वॉर से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल में आएगी रुकावट? आईसीसी ने दिया बड़ा बयान

मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर बड़ा अपडेट दिया है।
मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष का असर अब क्रिकेट तक पहुंचता भी दिख रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुकी वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें भारत में फंसी हुई हैं, क्योंकि खाड़ी देशों के कई एयरस्पेस बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या इस भू-राजनीतिक तनाव का असर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर भी पड़ेगा।
इस समय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों के चलते दुबई जैसे बड़े ट्रांजिट हब से फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुआ है। दोनों टीमें दुबई के रास्ते अपने देश लौटने वाली थीं, लेकिन सुरक्षा कारणों से एयरलाइंस ने कई रूट बंद कर दिए हैं या बदल दिए हैं।
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की वापसी टली
सुपर 8 स्टेज से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज को भारत से रवाना होना था, लेकिन एयरस्पेस बंद होने की वजह से टीम की उड़ान टालनी पड़ी। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने आधिकारिक बयान में कहा कि सैन्य कार्रवाई के चलते अंतरराष्ट्रीय उड़ान मार्ग प्रभावित हुए हैं और खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी के लिए आईसीसी और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने भी पुष्टि की कि उनकी टीम दिल्ली में सुरक्षित है। हालाँकि, टीम को दुबई होते हुए हरारे लौटना था, लेकिन मौजूदा स्थिति के चलते यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा है।
क्या सेमीफाइनल और फाइनल पर पड़ेगा असर?
इस पूरे घटनाक्रम के बीच आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट के शेड्यूल में किसी बदलाव की जरूरत नहीं है। आईसीसी ने अपने बयान में कहा, “मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति का टूर्नामेंट के संचालन पर कोई सीधा प्रभाव नहीं है। हमने सभी हितधारकों की यात्रा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कंटीजेंसी प्लान एक्टिव कर दिए हैं।”
आईसीसी ने आगे यह भी बताया कि ट्रैवल और लॉजिस्टिक्स टीम अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के साथ मिलकर ऑप्शनल रूट तलाश रही है और जरूरत पड़ने पर यूरोप, साउथ एशिया और साउथ ईस्ट एशिया के ट्रांजिट हब का इस्तेमाल किया जाएगा।
आईसीसी ने बनाई स्पेशल ट्रैवल सपोर्ट टीम
आईसीसी ने एक समर्पित ट्रैवल सपोर्ट डेस्क भी शुरू की है, जो खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और अधिकारियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगी। सुरक्षा सलाहकार संबंधित देशों के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम स्टेज में पहुंच चुका है। सुपर 8 मुकाबले खत्म हो चुके हैं, जबकि सेमीफाइनल 4 और 5 मार्च को और फाइनल 8 मार्च को खेला जाना है। फिलहाल टूर्नामेंट के शेड्यूल में किसी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है।
मौजूदा हालात यह जरूर दिखाते हैं कि मैदान से दूर की घटनाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स इवेंट्स को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन आईसीसी के ताजा बयान से साफ है कि सेमीफाइनल और फाइनल निर्धारित समय पर ही होंगे।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल कब खेला जाएगा?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.