क्या CSK vs SRH मैच के बाद एमएस धोनी आईपीएल से ले लेंगे संन्यास? जानिए पूरी सच्चाई

ऋतुराज गायकवाड़ ने CSK vs SRH मैच से पहले एमएस धोनी को लेकर बड़ा अपडेट दिया।
आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच (CSK vs SRH) खेले जा रहे मुकाबले के दौरान एक बार फिर एमएस धोनी (MS Dhoni) को लेकर फैंस के बीच संन्यास की चर्चा तेज हो गई। चेन्नई का यह सीजन का आखिरी घरेलू मुकाबला था और कई फैंस को उम्मीद थी कि धोनी इस मैच में मैदान पर उतर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मैच से पहले टॉस के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने धोनी की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर चर्चाएं और भी तेज हो गईं। लेकिन अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उससे साफ है कि मामला रिटायरमेंट से ज्यादा फिटनेस से जुड़ा हुआ है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने एमएस धोनी को लेकर क्या कहा?
टॉस के दौरान ऋतुराज गायकवाड़ ने साफ कहा कि एमएस धोनी टीम के साथ मौजूद हैं, लेकिन वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। गायकवाड़ के बयान के मुताबिक धोनी मैच खेलने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए उन्हें प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया।
बता दें कि एमएस धोनी आईपीएल 2026 में अभी तक एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। उन्हें सीजन की शुरुआत में काफ इंजरी हुई थी, जिसके बाद वह लगातार टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि, उन्हें कई बार नेट्स में अभ्यास करते हुए देखा गया और वह टीम के साथ ट्रैवल भी करते रहे।
चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस लगातार उम्मीद कर रहे थे कि धोनी कम से कम एक मैच में जरूर वापसी करेंगे। खासकर, चेपॉक में उन्हें आईपीएल करियर का आखिरी मैच खेलते हुए देखे जाने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। यही वजह है कि अब उनके संन्यास को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
क्या धोनी ने संन्यास का कोई संकेत दिया?
फिलहाल एमएस धोनी या चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आईपीएल रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी अपने बयान में सिर्फ फिटनेस की बात की, संन्यास का कोई जिक्र नहीं किया।
ऐसे में अभी यह कहना गलत होगा कि CSK vs SRH मैच धोनी के आईपीएल करियर का आखिरी अध्याय था। जब तक खुद धोनी या फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक रिटायरमेंट की खबरों को सिर्फ अटकलें ही माना जाएगा।
फैंस क्यों मान रहे हैं कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है?
दरअसल, एमएस धोनी पिछले कुछ सीजन से फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2025 के बाद भी उनके भविष्य को लेकर काफी चर्चा हुई थी। अब पूरे आईपीएल 2026 सीजन में एक भी मैच नहीं खेलने के कारण फैंस को लग रहा है कि शायद वह धीरे-धीरे क्रिकेट से दूरी बना सकते हैं।
इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स में अब ऋतुराज गायकवाड़ कप्तानी संभाल रहे हैं और टीम नई दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में फैंस को लग रहा है कि धोनी का युग अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है। हालांकि, धोनी पहले भी कई बार अपने फैसलों से सभी को चौंका चुके हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.