Khel Now logo
HomeSportsIPL 2024Live Score

कबड्डी न्यूज

प्रो कबड्डी लीग सीजन 9 टीम प्रोफाइल: जयपुर पिंक पैंथर्स

Published at :September 11, 2022 at 9:36 PM
Modified at :September 13, 2022 at 9:39 PM
Post Featured Image

Rahul Gupta


टीम ने रेडिंग डिपार्टमेंट में काफी अच्छा काम किया है।

जयपुर पिंक पैंथर्स पहले सीजन की चैंपियन टीम है। 2014 में जब पहली बार प्रो कबड्डी लीग का आयोजन हुआ था तब जयपुर ने ही टाइटल अपने नाम किया था। हालांकि उसके बाद से टीम को अपने दूसरे टाइटल का इंतजार है। जयपुर ने 9वें सीजन के लिए कई बेहतरीन प्लेयर्स का चयन ऑक्शन के दौरान किया। खासकर उन्होंने अपनी रेडिंग में कई प्लेयर्स को शामिल किया है। टीम चाहेगी कि इस बार वो अच्छा प्रदर्शन करें और टाइटल अपने नाम करें। हालांकि इसके लिए उनके मेन प्लेयर्स का चलना काफी जरूरी होगा। सीजन के आगाज से पहले हम आपको बताते हैं जयपुर पिंक पैंथर्स का मजबूत पक्ष और कमजोर पक्ष क्या है।

टीम का मजबूत पक्ष

जयपुर के पास हैं कई दमदार रेडर

टीम का रेडिंग डिपार्टमेंट इस बार काफी अच्छा नजर आ रहा है। जयपुर पिंक पैंथर्स ने ऑक्शन के दौरान राहुल चौधरी और अभिषेक सिंह जैसे बेहतरीन रेडर्स का चयन किया। वहीं पिछले सीजन जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले अर्जुन देशवाल को रिटेन किया है। देशवाल ने पिछले सीजन 267 रेड प्वाइंट लिए थे और लीग के दूसरे सबसे अधिक रेड प्वाइंट लेने वाले खिलाड़ी रहे थे। उनके ऊपर टीम ने भरोसा बनाए रखा है। इसके अलावा पीकेएल इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक राहुल चौधरी को भी टीम ने खरीदा है। भले ही राहुल चौधरी के लिए पिछला सीजन बेहद खराब रहा था, लेकिन उनके पास जितना अनुभव है उसके साथ वह जयपुर के लिए काफी अहम हो सकते हैं।

अभिषेक सिंह की बात करें तो बीते दो सीजन से यू-मुम्बा के लिए उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया है। उन्होंने पिछले सीजन 22 मैचों में 179 प्वॉइंट हासिल किए थे और सातवें सीजन में 21 मैचों में 163 प्वॉइंट हासिल किए थे। इसके अलावा अजीत कुमार भी इस बार पैंथर्स के रेडिंग डिपार्टमेंट का हिस्सा हैं। उन्होंने भी यू-मुम्बा की तरफ से खेलते हुए 159 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। कुल मिलाकर देखें तो जयपुर का रेडिंग इस बार काफी मजबूत नजर आ रहा है। युवा और अनुभव का इसमें अच्छा मिश्रण है।

सुनील कुमार का अनुभव काम आ सकता है।

अनुभवी खिलाड़ी सुनील कुमार को जयपुर ने अपनी टीम में शामिल किया है। सुनील कुमार पिछले सीजन गुजरात जायंट्स के कप्तान थे और जयपुर ने ऑक्शन के दौरान उन्हें हासिल कर अपना डिफेंस मजबूत किया है। उनका एक्सपीरियंस टीम के काफी काम आ सकता है और वो कप्तानी भी कर सकते हैं।

टीम का कमजोर पक्ष

डिफेंस में आ सकती हैं दिक्कतें

पैंथर्स का रेडिंग डिपार्टमेंट भले ही काफी मजबूत है लेकिन डिफेंस में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जयपुर पिंक पैंथर्स ने संदीप धुल और अमित हूडा को रिटेन नहीं किया था और उन्हें जाने दिया था। इस बार उनके पास डिफेंस में साहुल कुमार और सुनील कुमार की जोड़ी पर दारोमदार होगा। साहुल कुमार ने सीजन-8 में 18 मैचों में 45 टैकल प्वाइंट हासिल किए थे और इस बार भी उनसे बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हालांकि सुनील कुमार और साहुल कुमार के अलावा टीम के डिफेंडर्स उतने बेहतरीन नहीं दिखाते देते हैं। अगर इन दोनों खिलाड़ियों का फॉर्म अच्छा नहीं रहा तो फिर डिफेंस में टीम को काफी मुश्किलें आ सकती हैं। आशीष बाजर और ईरान के रीजा मीरभगेरी जैसे खिलाड़ियों के पास उतना अनुभव नहीं है और ये एक कमजोर पक्ष हो सकता है।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

जयपुर के पास कई ऐसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिनके ऊपर आगामी सीजन निगाहें होंगी। राहुल चौधरी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद हर एक फैंस कर रहा होगा। फैंस चाहते हैं कि वो बेहतर खेलें। वहीं अभिषेक सिंह और सुनील कुमार के ऊपर भी निगाहें। इसके अलावा अर्जुन देशवाल भी कमाल कर सकते हैं।

Latest News


Advertisement
Advertisement

TRENDING TOPICS

IMPORTANT LINK

  • About Us
  • Home
  • Khel Now TV
  • Sitemap
  • Feed
Khel Icon

Download on the

App Store

GET IT ON

Google Play


2024 KhelNow.com Agnificent Platform Technologies Pte. Ltd.