Khel Now logo
HomeSportsIPL 2024Live Score

कबड्डी न्यूज

पीकेएल में सबसे तेज 600 रेड प्वॉइंट्स हासिल करने वाले टॉप-3 प्लेयर्स

Published at :January 12, 2022 at 10:51 PM
Modified at :December 13, 2023 at 1:01 PM
Post Featured Image

(Courtesy : ProKabaddiLeague)

Gaurav Singh


हाल ही में 'नवीन एक्सप्रेस' भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) का सीजन 8 लगातार आगे बढ़ रहा है। शुरूआत से लेकर अब तक खेले गए सभी मुकाबले काफी रोमांचक रहे हैं। हर मैच एक नया रोमांच लेकर आया है। मैट पर नए रिकॉर्ड्स बन रहे हैं और कई पुराने रिकॉर्ड्स टूट रहे हैं। इसी कड़ी में दबंग दिल्ली के नवीन कुमार ने भी एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।

उन्होंने पीकेएल इतिहास में 600 प्वॉइंट्स हासिल कर लिए हैं। हम आपको इस आर्टिकल में पीकेएल में अभी तक सबसे तेज 600 रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले टॉप-3 प्लेयर्स के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन से प्लेयर्स हैं।

3. मनिंदर सिंह (68)

पीकेएल में सबसे तेज 600 रेड प्वॉइंट्स हासिल करने के मामले में तीसरे नंबर पर मनिंदर सिंह का नाम आता है। उन्होंने 2019 में खेले गए सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी। मनिंदर ने अपने 68वें मुकाबले में 600 रेड प्वॉइंट्स हासिल किए थे। अब वो 800 रेड प्वॉइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए हैं जिसमें परदीप नरवाल, पवन सेहरावत और राहुल चौधरी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। मनिंदर सिंह के अभी 87 मैच में 830 रेड प्वॉइंट्स हैं। पीकेएल 8 में मनिंदर सिंह के 1000 अंक का माइलस्टोन छूने की संभावना है। हालांकि, उनकी टीम बंगाल वॉरियर्स इस सीजन अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है।

2. परदीप नरवाल (63)

प्रो कबड्डी लीग में ‘डुबकी किंग’ के नाम से मशहूर परदीप नरवाल के नाम कई सारे रिकॉर्ड हैं। यही वजह है कि उन्हें 'रिकॉर्ड ब्रेकर' के नाम से जाना जाता है। नवीन कुमार से पहले परदीप नरवाल के नाम सबसे कम मैचों में 600 रेड प्वॉइंट्स हासिल करने का रिकॉर्ड था लेकिन अब वो इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। वहीं इस सीजन चार जनवरी को खेले गए मुकाबले में प्रदीप नरवाल ने एक और इतिहास रच दिया। यूपी योद्धा के परदीप नरवाल पीकेएल के इतिहास में 1200 रेड पॉइंट्स हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

अब तक परदीप नरवाल पीकेएल में 115 मैच में 1213 रेड प्वॉइंट्स हासिल कर चुके हैं। उन्होंने लीग के दूसरे सीजन में अपना डेब्यू किया था। यूपी योद्धा ने इस सीजन के लिए अनुभवी रेडर को रिकॉर्ड 1.65 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था और इसके साथ ही वे इस लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। इससे पहले परदीप नरवाल पटना पाइरेट्स के साथ लगातार तीन बार प्रो कबड्डी लीग का खिताब जीतने में सफल रहे।

1. नवीन कुमार (53)

दबंग दिल्ली के स्टार रेडर नवीन कुमार ने पीकेएल में अपने 600 रेड प्वॉइंट्स पूरे कर लिए हैं। उन्होंने यह कारनामा महज 53वें मैच में किया और 'डुबकी किंग' परदीप नरवाल का रिकॉर्ड तोड़ा। नवीन कुमार के अब 53 मैचों में 603 रेड प्वॉइंट्स हो गए हैं। पीकेएल 8 के 46वें मुकाबले में उन्होंने यह कारनामा किया। इस मैच में जयपुर पिंक पैंथर्स ने दबंग दिल्ली को 30-28 से हराते हुए रोमांचक जीत दर्ज की लेकिन नवीन 'एक्सप्रेस' ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।

वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स के दीपक निवास हूडा ने प्रो कबड्डी लीग में अपने 900 रेड प्वॉइंट्स पूरे किए। दबंग दिल्ली के लिए नवीन कुमार इस तरह से प्वॉइंट्स ला रहे हैं जैसे वह अपनी मर्जी से खेल रहे हों। इस सीजन में आठ मैचों मे नवीन के अब तक 130 रेड प्वॉइंट्स हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है। तकरीबन 18 रेड प्वॉइंट्स प्रति मैच निरन्तरता के साथ हासिल करना कोई आसान काम नहीं है पर लीग में इससे पहले किसी भी सीजन मे किसी भी रेडर ने इस औसत से प्वॉइंट्स नहीं जुटाए हैं।

Latest News


Advertisement

TRENDING TOPICS

IMPORTANT LINK

  • About Us
  • Home
  • Khel Now TV
  • Sitemap
  • Feed
Khel Icon

Download on the

App Store

GET IT ON

Google Play


2024 KhelNow.com Agnificent Platform Technologies Pte. Ltd.