PKL 9 : दबंग दिल्ली और यू मुम्बा की पहले मैच में होगी टक्कर

(Courtesy : PKL)
सीजन का आगाज ही काफी जबरदस्त तरीके से हो सकता है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली और यू-मुम्बा के बीच खेला जाएगा। दबंग दिल्ली चाहेगी कि वो जीत के साथ आगाज करें। वहीं दूसरी तरफ यू-मुम्बा भी गत विजेता को कड़ी टक्कर दे सकती है। यू-मुम्बा के पास इस पीकेएल सीजन के लिए सुरेंदर सिंह, गुमान सिंह, शिवम और सत्यवान जैसे खिलाड़ी हैं। अगर टीम को देखा जाए तो उनके पास कोई बड़ा स्टार प्लेयर नहीं हैं लेकिन युवा खिलाड़ी मैच का पासा पलट सकते हैं। डिफेंडिंग चैंपियन दबंग दिल्ली की अगर बात करें तो उनकी टीम काफी अच्छी लग रही है। स्टार रेडर नवीन कुमार को रिटेन किया गया था। इसके अलावा बीते सीजन बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विजय मलिक को भी टीम ने रिटेन किया था। वहीं ऑक्शन के दौरान उन्होंने अमित हूडा, संदीप धुल और आशु मलिक जैसे प्लेयर्स का चयन किया।
स्क्वाड
दबंग दिल्ली
दबंग दिल्ली के पास रेडिंग डिपार्टमेंट में नवीन कुमार जैसा स्टार रेडर है जिन्होंने पिछले कुछ पीकेएल सीजन में ही अपने आपको दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल कर लिया है। वहीं डिफेंस में अमित हूडा और संदीप धुल जैसे दिग्गज खिलाड़ी हैं। राइट कवर डिफेंडर रवि कुमार भी काफी घातक साबित हो सकते हैं। विशाल लाथेर को लेफ्ट कवर में यूज किया जा सकता है।
संभावित स्टार्टिंग सेवन -संदीप ढुल (लेफ्ट कॉर्नर), विजय मलिक (लेफ्ट इन), विशाल (लेफ्ट कवर), नवीन कुमार (सेंटर), रवि कुमार (राइट कवर), आशु मलिक (राइट इन) और अमित हूडा (राइट कॉर्नर)।
यू-मुम्बा
यू-मुम्बा के पास भी कई बेहतरीन प्लेयर मौजूद हैं। गुमान सिंह ने बीते सीजन दिखाया था कि वो रेडिंग में मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। वहीं सुरेंदर सिंह की टीम में वापसी हुई है। उनके ऊपर काफी ज्यादा दारोमदार होगा।
संभावित स्टार्टिंग सेवन - रिंकू शर्मा (राइट कॉर्नर), किरण (लेफ्ट कॉर्नर), गुमान सिंह (राइट इन), आशीष नरवाल (लेफ्ट इन), सुरेन्दर सिंह (राइट कवर), हरेन्दर कुमार (लेफ्ट कवर) और शिवम ठाकुर (सेंटर)।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
अगर दोनों टीमों के बीच मुकाबले की बात करें तो यहां पर यू-मुम्बा का पलड़ा पूरी तरह से भारी नजर आता है। अभी तक पीकेएल में दबंग दिल्ली और यू-मुम्बा के बीच कुल मिलाकर 18 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से यू-मुम्बा ने 12 मैच जीते हैं, जबकि दबंग दिल्ली को सिर्फ 5 ही मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
दबंग दिल्ली की अगर बात करें तो उनके लिए सबकी निगाहें स्टार रेडर नवीन कुमार पर होंगी। वो बेहतरीन परफॉर्मेंस के साथ पीकेएल सीजन का आगाज करना चाहेंगे। इसके अलावा अमित हूडा और संदीप धुल पर भी काफी दारोमदार होगा। वहीं यू-मुम्बा में गुमान सिंह और सुरेंदर सिंह सबसे बड़ा फैक्टर साबित हो सकते हैं। इन खिलाड़ियों पर सबकी निगाहें होंगी।
सफलता का मंत्र
अगर दबंग दिल्ली को इस मैच में जीत हासिल करनी है तो फिर नवीन कुमार का चलना काफी जरूरी होगा। वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर टीम को मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। यू-मुम्बा का डिफेंस अच्छा है और इसी वजह से उन्हें वहां पर ध्यान देना होगा। यू-मुम्बा की डिफेंस चाहेगी कि वो नवीन कुमार को ज्यादा प्वॉइंट्स ना लेने दें। तभी वो उनको हरा सकते हैं।
फैंटेसी टीम
रेडिंग - नवीन कुमार (दबंग दिल्ली) और गुमान सिंह (यू-मुम्बा)
डिफेंस - रवि कुमार (दबंग दिल्ली), आशीष नरवाल (यू-मुम्बा), हरेंद्र कुमार (यू-मुम्बा) और संदीप धुल (दबंग दिल्ली)
क्या आप जानते हैं ?
दबंग दिल्ली के नवीन कुमार ने पीकेएल इतिहास में 600 प्वॉइंट्स अपने 53वें मैच में ही पूरे कर लिए थे। इस मामले में उन्होंने उन्होंने 'डुबकी किंग' परदीप नरवाल का रिकॉर्ड तोड़ा था और 600 प्वॉइंट लेने वाले सबसे तेज रेडर बने थे।
दबंग दिल्ली और यू-मुम्बा के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.