Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

आईपीएल में शतक जड़ने वाले टॉप 10 सबसे युवा बल्लेबाज

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :April 26, 2024 at 4:07 PM
Modified at :April 26, 2024 at 4:07 PM
आईपीएल में शतक जड़ने वाले टॉप 10 सबसे युवा बल्लेबाज

इस लीग के इतिहास में 20 साल से कम की उम्र में केवल एक बल्लेबाज ने शतक लगाया है।

आईपीएल 2024 में हर दिन एक से बढ़कर एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। इस सीजन राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक जड़कर शानदार वापसी की। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक भी था। इसके साथ ही साथ, वह IPL में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाजों की सूची में 5वें स्थान पर भी आ गए हैं।

गौरतलब हो कि, जब यशस्वी जायसवाल ने पिछले सीजन यानी आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला शतक जड़ा था, तो वह आईपीएल में शतक जड़ने वाले युवा बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर आ गए थे। यानी अब इस सूची में चौथे और 5वें स्थान पर जायसवाल का कब्जा हो चुका है। बहरहाल, यहां हम आपको आईपीएल (IPL) इतिहास में शतक जड़ने वाले टॉप 10 सबसे युवा बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।

ये हैं आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज:

10. शुभमन गिल – 23 वर्ष 249 दिन:

Shubman Gill GT captain IPL 2024
Shubman Gill. (Image Source: BCCI)

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज और इस सीजन टीम की कप्तानी संभाल रहे शुभमन गिल आईपीएल 2023 में ऑरेंज कैप होल्डर थे। उन्होंने उस सीजन मात्र 11 दिनों के बीच में 3 शतक भी लगाए थे। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहमदाबाद में लगाया था। उस समय उनकी उम्र 23 वर्ष 249 दिन थी।

9. डेविड वॉर्नर – 23 वर्ष 153 दिन:

ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने अपना आईपीएल करियर दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए उसे 2016 में चैंपियन भी बनाया। हालांकि, 2022 के बाद से वह दिल्ली कैपिटल्स का नियमित हिस्सा हैं। वॉर्नर ने आईपीएल 2010 में दिल्ली डेयरडेविल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा था। उस समय उनकी उम्र 23 वर्ष 153 दिन थी।

8. क्विंटन डी कॉक – 23 वर्ष 122 दिन:

दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। इससे पहले वह दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा था। उस समय उनकी उम्र 23 वर्ष 122 दिन है।

7. संजू सैमसन – 22 वर्ष 151 दिन:

Sanju Samson celebrates his maiden IPL hundred

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज एवं राजस्थान रॉयल्स के वर्तमान कप्तान संजू सैमसन ने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से खेलते हुए लगाया था। उन्होंने आईपीएल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ पुणे में यह कारनामा किया था। उस समय उनकी उम्र 22 वर्ष 151 दिन थी।

6. प्रभसिमरन सिंह – 22 वर्ष 276 दिन:

भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने पिछले सीजन यानी आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने उस सीजन अपने आईपीएल करियर का पहला और एकमात्र शतक भी लगाया था। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दिल्ली में यह कारनामा किया था। उस समय उनकी उम्र 22 वर्ष 276 दिन थी।

5. यशस्वी जायसवाल – 22 वर्ष 116 दिन:

भारत के बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने आईपीएल करियर में दो शतक जड़े हैं और दोनों ही शतक मुंबई इंडियंस के खिलाफ आए हैं। 2020 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से अपना आईपीएल करियर शुरू करने वाले जायसवाल ने इसी सीजन यानी आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा शतक जड़ा। उस समय उनकी उम्र 22 वर्ष 116 दिन थी।

4. यशस्वी जायसवाल – 21 वर्ष 123 दिन:

यशस्वी जायसवाल ने अपने आईपीएल करियर में का पहला शतक पिछले सीजन यानी आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में लगाया था। वह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक था। उस समय उनकी उम्र 21 वर्ष 123 दिन थी।

3. देवदत्त पादिक्कल – 20 वर्ष 289 दिन:

Devdutt Padikkal RR IPL
Devdutt Padikkal. (Image Source: IPL)

कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पादिक्कल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से 2020 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था और वर्तमान समय में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। उसके अगले सीजन यानी 2021 में उन्होंने आरसीबी का प्रतिनिधित्व करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का पहला और एकमात्र शतक जड़ा था। उस समय उनकी उम्र 20 वर्ष 289 दिन थी।

2. ऋषभ पंत – 20 वर्ष 218 दिन:

Rishabh Pant, Delhi Daredevils
Rishabh Pant, Delhi Daredevils. (Image source: Twitter)

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत वर्तमान समय में भारत के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने आईपीएल में भी अपने बल्ले से खूब धमाल मचाया है। आईपीएल में 2018 का सीजन पंत के लिए सबसे अच्छा सीजन गुजरा था। उसी सीजन उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शतक जड़ा था, जो उनके आईपीएल करियर का एकमात्र शतक भी है। उस समय उनकी उम्र 20 वर्ष 218 दिन थी।

1. मनीष पांडे – 19 वर्ष 253 दिन:

Manish Pandey
Manish Pandey. (Image Source: IPL)

भारतीय बल्लेबाज मनीष पांडे आईपीएल में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। इसके साथ ही साथ वह आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर भी हैं। पांडे ने आईपीएल 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ शतक जड़ा था। उस समय उनकी उम्र मात्र 19 वर्ष 253 दिन थी।

For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table,  on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.