PKL 9: दिग्गज ऑलराउंडर संदीप नरवाल बने यूपी योद्धाज का हिस्सा

इस हरफनमौला खिलाड़ी के आने से टीम का डिफेंस मजबूत हो सकता है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 9वें सीजन में यूपी योद्धाज का परफॉर्मेंस अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है। यूपी योद्धाज की टीम ने सीजन की शुरूआत में कुछ मुकाबले जीते थे लेकिन जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ा उनका परफॉर्मेंस वैसा नहीं रहा। यूपी योद्धाज की टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही थी और ना ही उनके कप्तान नितेश कुमार अच्छा प्रदर्शन कर पा रहे थे। इसी वजह से नितेश कुमार को कप्तानी से हटाकर परदीप नरवाल को टीम का कप्तान बना दिया गया है। यूपी ने अभी तक 11 में से चार मुकाबले जीते हैं और पांच मैच हारे हैं। यही वजह है कि टीम इस वक्त प्वॉइंट्स टेबल में 10वें पायदान पर है।
डिफेंस में नितेश और सुमित की जोड़ी का ना चलना यूपी के लिए इस सीजन की सबसे बड़ी निराशा रही है और इसी वजह से उन्हें कई मैचों में हार मिली है। अब यूपी योद्धाज ने एक बड़ा फैसला लिया है। टीम ने दिग्गज डिफेंडर संदीप नरवाल को अपनी टीम के साथ जोड़ा है। संदीप नरवाल को ऑक्शन के दौरान किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था लेकिन अब मिड सीजन के दौरान वो यूपी योद्धाज की टीम में शामिल कर लिए गए हैं और आने वाले मुकाबलों में खेल भी सकते हैं। यूपी की टीम चाहेगी कि संदीप नरवाल के आने के बाद उनकी टीम की किस्मत भी पलटे।
संदीप नरवाल पीकेएल में 300 से ज्यादा टैकल प्वॉइंट हासिल कर चुके हैं
संदीप नरवाल की अगर बात करें तो वो एक जबरदस्त ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। कॉर्नर डिफेंडर के तौर पर खेलने वाले संदीप बॉडी ब्लॉक मूव में माहिर हैं जिससे रेडर का मूवमेंट तोड़ा जा सकता है। पीकेएल के इतिहास में उन्होंने अभी तक 149 मैचों में 348 टैकल प्वॉइंट हासिल किए हैं। पिछले सीजन वो दबंग दिल्ली की टीम का हिस्सा थे और टीम को चैंपियन बनाने में उन्होंने अपनी अहम भूमिका अदा की थी। इसके अलावा लीग में रेडिंग और डिफेंस को मिलाकर 500 या उससे ज्यादा प्वॉइंट्स हासिल करने वाले ऑलराउंडर्स की लिस्ट में संदीप नरवाल का भी नाम है।
Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.