Khel Now logo
HomeSportsWomen's Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 9: तेलुगु टाइटंस के सामने मजबूत बेंगलुरू बुल्स की चुनौती

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :November 15, 2022 at 10:31 PM
Modified at :November 15, 2022 at 10:31 PM
PKL 9: तेलुगु टाइटंस के सामने मजबूत बेंगलुरू बुल्स की चुनौती

एक टीम का परफॉर्मेंस काफी जबरदस्त रहा है और दूसरी टीम ने काफी निराश किया है।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में मंगलवार को दूसरा मुकाबला बेंगलुरू बुल्स और निचले क्रम पर मौजूद तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरू बुल्स की टीम इस पीकेएल सीजन काफी जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। टीम ने 13 में से आठ मुकाबले जीते हैं और चार मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है और वो टॉप टीमों में बने हुए हैं। बेंगलुरु बुल्स की टीम में इस पीकेएल सीजन भले ही पवन सेहरावत नहीं हैं लेकिन उनकी कमी टीम को बिल्कुल नहीं खली है।

वहीं दूसरी तेलुगु टाइटंस की अगर बात करें तो पिछले सीजन से लेकर इस सीजन तक उनके परफॉर्मेंस में बिल्कुल सुधार नहीं हुआ है। टीम इस बार भी लगातार मुकाबले हार रही है और 13 मैचों में 12 हार के साथ सबसे निचले पायदान पर है। आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन किस पर भारी पड़ सकता है।

स्क्वाड

तेलुगु टाइटंस

टाइटंस के लिए सीजन बदला, खिलाड़ी भी बदले लेकिन नहीं कुछ बदला तो वो था नतीजा। ऐसा लग रहा है कि पिछले सीजन की स्क्रिप्ट दोबारा दोहराई जा रही है। इस बार टीम में एक से बढ़कर एक प्लेयर थे लेकिन कुछ एक प्लेयर को छोड़कर बाकी प्लेयर्स का परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा है। सिद्धाई देसाई ने वापसी करते हुए रेडिंग में लगातार प्वॉइंट्स लिए हैं। दबंग दिल्ली के खिलाफ मैच में उन्होंने 14 प्वॉइंट्स हासिल किए थे और यूपी योद्धाज के खिलाफ 11 प्वॉइंट लिए थे। हालांकि इसके अलावा बाकी प्लेयर्स उतना प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। प्रवेश भैंसवाल, रविंदर पहल, टी आदर्श और विशाल भारद्वाज जैसे दिग्गजों के होने के बावजूद टीम को हार मिली है। इसलिए अगर तेलुगु टाइटंस को जीत की पटरी पर लौटना है तो फिर सभी खिलाड़ियों को अपना बेहतर करना होगा।

तेलुगु टाइटंस की संभावित स्टार्टिंग सेवन -

विनय, सुरजीत सिंह, प्रवेश भैंसवाल, मोहसिन मोगसोदुलू, सिद्धार्थ देसाई, अंकित और विशाल भारद्वाज।

बेंगलुरू बुल्स

बुल्स ने पिछले पांच में से तीन मुकाबले जीते हैं। उनकी टीम पर नजर डालें तो किसी एक प्लेयर पर वो डिपेंड नहीं हैं। टीम का हर एक खिलाड़ी योगदान दे रहा है। तमिल थलाइवाज के खिलाफ मैच में विकाश कंडोला एक भी प्वॉइंट नहीं ला पाए लेकिन इसके बावजूद टीम ने जीत हासिल की। इसकी वजह ये थी कि भरत ने अकेले 14 और नीरज नरवाल ने छह प्वॉइंट लेकर इसकी भरपाई कर दी। सौरभ नांदल ने डिफेंस में अपना दमखम दिखाया और हाई फाइव लगाया। बेंगलुरू बुल्स का डिफेंस भी बेहतरीन खेल दिखा रहा है। हर एक मैच में डिफेंडर्स ने अपनी छाप छोड़ी है और एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन देखने को मिला है।

बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन -

विकाश कंडोला, मयूर कदम, महेंद्र सिंह, भरत, नीरज नरवाल, सौरभ नांदल और अमन।

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े

बेंगलुरू बुल्स और तेलुगु टाइटंस के बीच अगर मुकाबले की बात करें तो अभी तक पूरी तरह से बेंगलुरू बुल्स की टीम हावी रही है। दोनों टीमों के बीच पीकेएल में कुल मिलाकर 20 मैच खेले गए हैं। इसमें से बेंगलुरू बुल्स ने 13 और तेलुगु टाइटंस को सिर्फ तीन ही मुकाबले में जीत मिली है। चार मैच टाई पर समाप्त हुए हैं।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

बेंगलुरू बुल्स की टीम में सारी निगाहें भरत और डिफेंस में सौरभ नांदल पर होंगी। इसके अलावा नीरज नरवाल भी कमाल कर सकते हैं। तेलुगु टाइटंस की टीम सिद्धार्थ देसाई से बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद करेगी। वो इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में हैं।

सफलता का मंत्र

तेलुगु टाइटंस को अगर जीत हासिल करनी है तो फिर एक या दो खिलाड़ियों के भरोसे रहना सही नहीं होगा। टीम को पूरी तरह से एकजुट होकर खेलना पड़ेगा और दबाव में बेहतर करना होगा। टीम कई बार प्रेशर में बिखर गई है। वहीं बेंगलुरू बुल्स के लिए जरूरी है कि रेडिंग में भरत ज्यादा से ज्यादा प्वॉइंट्स लेकर आएं। बाकी रेडर्स उनके इर्द-गिर्द खेल सकते हैं।

फैंटेसी के लिए टीम

रेडिंग - भरत (बेंगलुरू बुल्स), नीरज नरवाल (बेंगलुरू बुल्स) और सिद्धार्थ देसाई (तेलुगु टाइटंस)।

डिफेंस - सौरभ नांदल (बेंगलुरू बुल्स), अमन (बेंगलुरू बुल्स), प्रवेश भैंसवाल (तेलुगु टाइटंस) और अंकित (तेलुगु टाइटंस)।

क्या आप जानते हैं ?

बेंगलुरू बुल्स के हेड कोच रणधीर सिंह सेहरावत पीकेएल के पहले सीजन से ही टीम के कोच हैं। वो पीकेएल के एकमात्र ऐसे कोच हैं जो लगातार 9 सीजन से एक ही टीम के कोच हैं।

बेंगलुरू बुल्स और तेलुगु टाइटंस के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.