PKL 10: जयपुर पिंक पैंथर्स ने अर्जुन देशवाल समेत कई अहम खिलाड़ियों को किया रिटेन, जानिए पूरी लिस्ट
डिफेंडिंग चैंपियन ने अपने सभी टॉप परफॉर्मर को बरकरार रखा है।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 10वें सीजन के ऑक्शन से पहले सभी टीमों ने अपने-अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। तीन कैटेगरी को मिलाकर कुल 84 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है। एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स कैटेगरी में 22, यंग प्लेयर्स कैटेगरी में 24 और न्यू यंग प्लेयर्स कैटेगरी में 38 प्लेयर्स को रिटेन किया गया है। पवन सेहरावत, विकाश कंडोला और फजल अत्राचली समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया गया है।
डिफेंडिंग चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स की अगर बात करें तो उन्होंने भी कई अहम खिलाड़ियों को रिटेन किया है और कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया है। जयपुर पिंंक पैंथर्स ने एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स कैटेगरी में सबसे ज्यादा छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है। यंग प्लेयर्स कैटेगरी के तहत उन्होंने किसी भी खिलाड़ी को रिटेन नहीं किया है। वहीं न्यू यंग प्लेयर्स कैटेगरी के तहत 4 खिलाड़ियों को टीम ने रिटेन किया है। कुल मिलाकर जयपुर पिंक पैंथर्स ने 10 प्लेयर रिटेन किए हैं और इससे पता चलता है कि उन्होंने अपने ज्यादातर खिलाड़ियों पर दोबारा भरोसा जताया है। आइए जानते हैं जयपुर पिंक पैंथर्स ने किन-किन प्लेयर्स को रिटेन किया है।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
जयपुर पिंक पैंथर्स के एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स
सुनील कुमार – डिफेंडिंग चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स ने अपने कप्तान को बरकरार रखा है। पिछले सीजन टीम को टाइटल जिताने में सुनील कुमार ने काफी अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 23 मैचों में 64 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे और जयपुर को 2014 के बाद दूसरी बार चैंपियन बनाया था।
वी अजीत कुमार – पीकेएल के 9वें सीजन के दौरान अर्जुन देशवाल का साथ वी अजीत कुमार ने काफी अच्छी तरह से दिया था। अजीत कुमार ने 21 मैचों में 103 प्वॉइंट हासिल किए थे। टीम को चैंपियन बनाने में उनका काफी अहम योगदान रहा था और इसी वजह से उनको दोबारा रिटेन किया गया है।
रीजा मीरबाघेरी – ईरानियन डिफेंडर रीजा मीरबाघेरी ने पिछले सीजन कुल मिलाकर 16 मुकाबले खेले थे और 36 प्वॉइंट हासिल किए थे। उनके पास पीकेएल का काफी अनुभव है और जयपुर ने अपने डिफेंस को मजबूत करने के लिए उन्हें रिटेन किया है।
भवानी राजपूत – युवा रेडर भवानी राजपूत रेडिंग डिपार्टमेंट में असिस्ट काफी अच्छा देते हैं। वो अहम मौकों पर प्वॉइंट लाने में माहिर माने जाते हैं। पीकेएल के 9वें सीजन के दौरान 14 मैचों में उन्होंने 36 प्वॉइंट हासिल किए थे। सब्सीट्यूट के तौर पर जयपुर पिंक पैंथर्स ने उनका अच्छा प्रयोग किया था और टीम ने अगले सीजन के लिए भी उन्हें बरकरार रखा है।
अर्जुन देशवाल – जयपुर ने अपने सबसे बेस्ट रेडर अर्जुन देशवाल को बरकरार रखा है। वो पिछले दो सीजन से टीम के लिए एक स्टार खिलाड़ी साबित हुए हैं। अर्जुन देशवाल ने बीते सीजन सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। उन्होंने कुल मिलाकर 296 प्वॉइंट लिए थे। इसके अलावा डू और डाई रेड में भी प्वॉइंट लाने के मामले में वो तीसरे पायदान पर रहे थे। उन्होंने 24 मैचों में 38 प्वॉइंट डू और डाई रेड में भी हासिल किए थे और इस मामले में भी बाकी रेडर्स से सबसे आगे रहे थे।
साहुल कुमार – राइट कॉर्नर स्पेशलिस्ट साहुल कुमार ने 24 मैचों में 57 प्वॉइंट हासिल किए थे। वो टीम के बेहतरीन डिफेंडर्स में से एक रहे थे और कई मौकों पर काफी अहम प्वॉइंट लिए थे। उनके टीम में बने रहने से डिफेंस काफी मजबूत हुआ है।
न्यु यंग प्लेयर्स कैटेगरी
अंकुश – पीकेएल का 9वां सीजन अंकुश का डेब्यू सीजन था लेकिन इसके बावजूद वो लीग के बेस्ट डिफेंडर साबित हुए थे। उन्होंने कुल मिलाकर 24 मैच खेले और इस दौरान सबसे ज्यादा 89 टैकल प्वॉइंट हासिल किए और सबसे ज्यादा 9 हाई-फाइव भी लगाए थे। टीम ने एक बार फिर उनके ऊपर भरोसा जताया है।
इसके अलावा जयपुर पिंक पैंथर्स ने केएस अभिषेक, आशीष और देवांक को रिटेन किया है। केएस अभिषेक काफी बेहतरीन डिफेंडर हैं और पिछले सीजन 18 मैचों में 25 प्वॉइंट हासिल किए थे। कुल मिलाकर जयपुर ने अपने डिफेंडर्स की जोड़ी को बरकरार रखा है और ये टीम एक बार फिर बाकी टीमों के लिए टूर्नामेंट में काफी खतरनाक साबित हो सकती है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram and join our community on Whatsapp & Telegram.
