WWE में Brock Lesnar के टॉप पांच मैच जिनमें खूनी संघर्ष देखा गया

रेसलिंग जगत में इन सभी मैचों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
ब्रॉक लैसनर (Brock Lesnar) को WWE इतिहास के सबसे खतरनाक रेसलर्स में से एक होने की संज्ञा दी जाती है। उन्हें बेहद आक्रामक स्टाइल की रेसलिंग के लिए जाना जाता है और उनकी एथलेटिक एबिलिटी के भी दुनिया में लाखों दीवाने हैं। ये बात किसी से छुपी नहीं है कि लैसनर को अपने दुश्मनों को बुरी तरह पीटना काफी पसंद है।
उन्हें किसी कारण से ही द बीस्ट और इस जनरेशन का अल्फा मेल कहा जाता है। उनके मैचों में कई बार खतरनाक तरीके की फाइटिंग देखी गई है क्योंकि कई मौकों पर उन्होंने अपने दुश्मनों को खून से लथपथ कर दिया था और कई बार वो खुद भी खून से सने हुए नजर आ चुके हैं। इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 5 मौकों के बारे में जब Brock Lesnar के मैचों में खूनी संघर्ष देखा गया था।
Brock Lesnar के इन मैचों में हुआ खूनी संघर्ष:
1. कोडी रोड्स ने किया था ब्रॉक लैसनर को लहूलुहान - WWE Backlash 2023
ब्रॉक लैसनर और कोडी रोड्स WWE Backlash 2023 में पहली बार किसी सिंगल्स मैच में आमने-सामने आए थे। इस मैच के शुरू होने से पहले ही रोड्स ने लैसनर पर हमला कर दिया था, लेकिन मैच के आधिकारिक रूप से शुरू होने के कुछ देर बाद ही द बीस्ट ने जबरदस्त अंदाज में वापसी की।
इस बीच रोड्स ने टर्नबकल से कवर को हटा दिया था, इसलिए उससे टकराने के कारण लैसनर का चेहरा खून से लथपथ हो गया था। इसके बावजूद द बीस्ट हार मानने को तैयार नहीं थे और रोड्स के शरीर पर लैसनर का खून इस मैच को किसी फिल्मी सीन की तरह पेश कर रहा था। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले के अंत में द अमेरिकन नाइटमेयर ने बड़ी जीत दर्ज करने में सफलता पाई थी।
2. जॉन सीना हुए खून से लथपथ - WWE Extreme Rules 2012
ब्रॉक लैसनर ने साल 2012 में WWE में वापसी की थी और रिटर्न के बाद जॉन सीना उनके सबसे पहले प्रतिद्वंदी बने थे। उनका Extreme Rules 2012 में मैच हुआ, जिसमें एक्सट्रीम रूल्स की शर्त को जोड़ा गया था। मैच के शुरुआती क्षणों में लैसनर ने जॉन सीना के सिर पर खतरनाक एल्बो-स्ट्राइक लगाई, जिसके कारण द चैम्प के माथे से खून बहने लगा था।
मैच में कई खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल भी किया गया, वहीं मुकाबले के अंतिम क्षणों में जॉन ने मेटल चेन से द बीस्ट पर हमला किया था। इस कारण लैसनर का चेहरा भी खून से सना हुआ नजर आने लगा था। इस खूनी संघर्ष के बीच कोई भी हार मानने को तैयार नहीं था, लेकिन अंत में जॉन ने एटीट्यूड एडजस्टमेंट लगाने के बाद बड़ी जीत दर्ज की थी।
3. द अंडरटेकर ने की थी ब्रॉक लैसनर की बुरी हालत - WWE No Mercy 2002
ब्रॉक लैसनर का 2002 में मेन रोस्टर डेब्यू हुआ था और आते ही उन्हें बहुत बड़े सुपरस्टार के रूप में प्रदर्शित किया जाने लगा था। वो अपने कुछ शुरुआती मुकाबलों में बबा रे डड्ली, हल्क होगन और RVD जैसे नामी रेसलर्स को हरा चुके थे। इस बीच No Mercy 2002 के लिए उनकी स्टोरीलाइन द अंडरटेकर से शुरू हुई। ये मैच इसलिए यादगार साबित हुआ क्योंकि इसमें Hell in a Cell की शर्त जुड़ी हुई थी।
मुकाबले की शुरुआत को कुछ ही देर हुई थी, तभी द अंडरटेकर के खतरनाक हमले के कारण ब्रॉक लैसनर के माथे से खून रिसने लगा था। वहीं कुछ देर बाद द बीस्ट ने स्टील स्टेप्स से अंडरटेकर पर अटैक किया, जिसके कारण द डेड मैन भी खून से लथपथ नजर आए। दोनों के माथे से खून बहे जा रहा था, लेकिन अंत में लैसनर ने बड़ी जीत दर्ज करने में सफलता पाई थी।
4. रोमन रेंस के मुंह से निकलने लगा था खून - WWE Wrestlemania 31
साल 2014 में द शील्ड के टूटने के बाद रोमन रेंस को बेबीफेस सुपरस्टार के रूप में पुश मिलना शुरू हुआ था। वो अगले एक साल के अंदर काफी अच्छी लय हासिल कर चुके थे और WrestleMania 31 में ब्रॉक लैसनर को WWE चैंपियनशिप के लिए चैलेंज करने का मौका मिला। ये पहला मौका था जब रोमन और लैसनर आमने-सामने आ रहे थे।
उम्मीद अनुसार द बीस्ट ने रोमन रेंस की कड़ी परीक्षा ली और कई जर्मन सुपलेक्स लगाते हुए उनकी बुरी हालत कर दी थी। एक ऐसा भी समय आया जब रोमन के मुंह से खून निकलने लगा था, इसके बावजूद वो काफी देर तक मैच में टिके रहे थे। दूसरी ओर रिंग पोस्ट से टकराने के कारण लैसनर भी खून से लथपथ हो गए थे। इस मैच का परिणाम तब आया जब सैथ रॉलिंस ने Money in the Bank ब्रीफकेस को कैश इन करते हुए WWE चैंपियनशिप जीती थी।
5. ब्रॉक लैसनर ने रैंडी ऑर्टन को किया चोटिल - WWE Summerslam 2016
ब्रॉक लैसनर और रैंडी ऑर्टन का WWE में करियर करीब एक ही समय शुरू हुआ था और उन दोनों का मेन रोस्टर डेब्यू साल 2002 में हुआ था। उन्होंने कई सालों तक WWE में एकसाथ काम किया, लेकिन किसी पीपीवी में पहली बार आमने-सामने आने के लिए उन्हें 14 सालों लंबा इंतज़ार करना पड़ा था।
उनकी भिड़ंत Summerslam 2016 में हुई। दोनों का मैच काफी जबरदस्त तरीके से आगे बढ़ रहा था, लेकिन इस दौरान लैसनर की एल्बो लगने से रैंडी ऑर्टन के माथे से खून बहने लगा था। ऑर्टन की हालत काफी ज्यादा खराब हो चुकी थी, इसलिए TKO से लैसनर को विजेता घोषित किया गया था।