Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

WWE न्यूज

WWE Smackdown के इतिहास के टॉप 10 सबसे धमाकेदार पल

Neeraj has been part of Khel Now Since November 2023 covering WWE and Kabaddi.
Published at :November 13, 2023 at 2:01 PM
Modified at :January 14, 2024 at 1:05 AM
WWE Smackdown के इतिहास के टॉप 10 सबसे धमाकेदार पल

इस ब्रांड ने रेसलिंग फैंस को कई सारे यादगार और रोमांचक पल दिए हैं।

WWE Raw पहले ही एक बड़ा शो बन चुका था, इस बीच 1999 में Smackdown की शुरुआत की गई। एक समय था जब द रॉक, स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन, जॉन सीना और रे मिस्टीरियो जैसे महान रेसलर्स ने SmackDown को दुनिया के टॉप प्रो रेसलिंग शोज़ में से एक बना दिया था। ये आज भी WWE का टॉप शो बना हुआ है, जिसमें रोमन रेंस, केविन ओवेंस और बॉबी लैश्ले जैसे नामी रेसलर्स काम कर रहे हैं। इस आर्टिकल में हम आपको Smackdown के करीब 25 सालों के इतिहास में हुए सबसे यादगार लम्हों से अवगत कराने वाले हैं।

Smackdown इतिहास के सबसे यादगार पल:

10. जे उसो ने जिमी उसो पर अटैक कर WWE Smackdown को छोड़ा

एक समय था जब जिमी उसो और जे उसो, दोनों ने रोमन रेंस पर अटैक कर द ब्लडलाइन को छोड़ दिया था। वहीं Summerslam 2023 में जे उसो, रेंस को हराने के बहुत करीब आ गए थे लेकिन जिमी उसो द्वारा मिले धोखे के कारण ऐसा नहीं कर पाए। Summerslam से अगले Smackdown इवेंट में जे उसो ने रोमन रेंस, सोलो सिकोआ और उसके बाद जिमी उसो पर भी हमला कर सबको चौंका दिया था। इसी सैगमेंट में उन्होंने ना केवल द ब्लडलाइन बल्कि Smackdown को भी छोड़ दिया था।

9. द रॉक ने की 2019 में धमाकेदार वापसी

आपको याद दिला दें कि Smackdown ने साल 2019 में FOX नेटवर्क के साथ 1 बिलियन डॉलर्स से भी ज्यादा राशि की ब्रॉडकास्टिंग डील साइन की थी। 4 अक्टूबर 2019 को FOX नेटवर्क पर Smackdown का डेब्यू हुआ, जहां द रॉक ने धमाकेदार अंदाज में वापसी की थी। अपने वापसी सैगमेंट में उन्होंने बैरन कॉर्बिन पर हमला करने के बाद रिंग में बैकी लिंच के साथ उस मोमेंट को सेलिब्रेट किया था।

8. ‘स्टोन कोल्ड’ स्टीव ऑस्टिन ने DX की बस को किया चकनाचूर

साल 2000 में स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन और विंस मैकमैहन की स्टोरीलाइन बड़े आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी और उस समय DX भी मैकमैहन का साथ दे रहा था। Wrestlemania 16 के कुछ हफ्तों बाद मैकमैहन ने ऑस्टिन को रिंग में आने के लिए चेतावनी दी, लेकिन उनकी जगह द रॉक बाहर आए। वहीं कुछ देर बाद बड़ी स्क्रीन पर ऑस्टिन दिखाई दिए, जिन्होंने क्रेन की मदद से DX की बस को चकनाचूर कर दिया था।

7. ब्रॉक लैसनर और द बिग शो ने रिंग को तोड़ा

ब्रॉक लैसनर और द बिग शो 2002 में एक-दूसरे के कट्टर दुश्मन बन चुके थे। उस दौरान 12 जून 2003 के Smackdown इवेंट में उनका सिंगल्स मैच हुआ। बिग शो को एक जायंट रेसलर की संज्ञा दी जाती है, वहीं लैसनर भी कोई हल्के रेसलर नहीं थे। इसलिए जब द बीस्ट ने टॉप रोप के ऊपर से बिग शो को सुपरप्लेक्स लगाया तो रिंग ही टूटकर नीचे गिर गई थी। वहीं एरीना में मौजूद क्राउड भी अपनी आंखों पर विश्वास नहीं कर पा रहा था।

6. ऐज ने द अंडरटेकर पर कैश इन किया

Wrestlemania 23 में बतिस्ता को हराकर द अंडरटेकर नए WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने थे। उसके बाद 8 मई 2007 के Smackdown एपिसोड में उन्होंने बतिस्ता को स्टील केज मैच में हराकर अपनी चैंपियनशिप को डिफेंड किया था। अंडरटेकर थके हुए नजर आ रहे थे तभी तत्कालीन मिस्टर Money in the Bank ऐज ने बाहर आकर ब्रीफकेस को कैश इन कर दिया। उनका कैश इन सफल रहा और ये पहला मौका रहा जब ऐज अपने करियर में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने थे।

5. विंस मैकमैहन ने 9/11 हमलों पर दी भावुक स्पीच

2001 में हुए अमेरिका पर आतंकी हमले को कौन भुला सकता है। 11 सितंबर के दिन की उस घटना को आज भी याद कर लोग सहम जाते हैं। उस दुखद घटना के कुछ दिनों बाद Smackdown में विंस मैकमैहन ने हजारों फैंस के सामने भावुक स्पीच दी और अपने देशवासियों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की थी। WWE में विंस मैकमैहन अक्सर हील किरदार में नजर आए हैं, लेकिन उस स्पीच ने दिखा दिया था कि वो असल जिंदगी में बहुत अच्छे इंसान हैं।

4. जॉन सीना ने किया धमाकेदार डेब्यू

27 जून 2002 के Smackdown एपिसोड में कर्ट एंगल ने रोस्टर के अन्य सुपरस्टार्स के सामने ओपन चैलेंज रखा था, जिसे स्वीकार करते हुए जॉन सीना बाहर आए थे। उन्होंने अपने पहले ही मैच में एंगल जैसे दिग्गज रेसलर का पीट-पीटकर बुरा हाल कर दिया था, जिसमें उनका एनर्जी लेवल भी जबरदस्त रहा था। असल में यहीं से WWE में रूथलेस एग्रेशन की धमाकेदार शुरुआत हुई थी।

3. ब्रॉक लैसनर और कर्ट एंगल के आयरन मैन मैच ने मचाया धमाल

साल 2002 और 2003 के समय में ब्रॉक लैसनर और कर्ट एंगल एक-दूसरे के बड़े दुश्मन हुआ करते थे। उस दौरान 18 सितंबर 2003 के Smackdown में उनका आयरन मैन मैच हुआ जिसमें WWE चैंपियनशिप दांव पर लगी थी। दोनों युवा थे और एनर्जी से भरपूर रहने के कारण उनका मुकाबला उम्मीद अनुसार बहुत शानदार साबित हुआ। 60 मिनट तक चले इस मैच में एंगल को हराकर लैसनर नए WWE चैंपियन बने थे।

2. ब्रॉक लैसनर ने द ब्लडलाइन की कार को तबाह किया

Wrestlemania 38 के लिए रोमन रेंस और ब्रॉक लैसनर के बीच विनर टेक्स ऑल मैच होने वाला था। इस स्टोरीलाइन के बिल्ड-अप में एक ऐसा सैगमेंट हुआ जब ब्रॉक लैसनर के डर से सभी द ब्लडलाइन मेंबर्स एक कार में बैठ कर जाने वाले थे। वो इससे पहले गाड़ी से निकल पाते तभी लैसनर ने फोर्कलिफ्ट से रोमन रेंस और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया था, लेकिन द ब्लडलाइन मेंबर्स किसी तरह वहां से भागने में सफल रहे थे।

1. रोमन रेंस ने पॉल हेमन को जॉइन किया

रोमन रेंस ने Summerslam 2020 में WWE में वापसी की थी और उसके एक हफ्ते बाद Payback 2020 में नए यूनिवर्सल चैंपियन बने। मगर चैंपियन बनने से पहले उनका ऑफिशियल हील टर्न बड़े आकर्षण का केंद्र बना। 28 अगस्त 2020 के Smackdown इवेंट में रोमन रेंस ने पॉल हेमन को अपने स्पेशल काउंसिल के रूप में संबोधित किया था और असल में यहीं से रेंस के बहुत बड़े हील सुपरस्टार बनने के सफर की शुरुआत हुई थी।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neeraj Sharma
Neeraj Sharma

Enjoy playing different kind of sports but never got a chance to thrive, Neeraj has been writing about sports since 2018. Last 7 years have been full of ups and downs but passion of sports is still in the veins and would remain forever.