IPL 2024: Hardik Pandya की हुई मुंबई इंडियंस में वापसी, छोड़ा गुजरात टाइटंस का साथ

Hardik Pandya ने 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था।
आईपीएल (IPL 2024) के शुरू होने में अभी तीन महीने से भी ज्यादा का समय बचा है। लेकिन इस लीग के शुरू होने से पहले ही आईपीएल से जुड़ी खबरों ने जोर पकड़ लिया है। IPL 2024 के मिनी ऑक्शन से पहले ट्रेड विंडो ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ मोड़ लिया है। बता दें ट्रेड विंडो के जरिए आईपीएल इतिहास की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने उनके पूर्व खिलाड़ी और गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को अपने दल में एक बार फिर शामिल कर लिया है। हार्दिक की कप्तानी में गुजरात की टीम ने पिछले दो सीजन आईपीएल खेला और पिछले दोनों सीजन में टीम फाइनल में पहुंची। वहीं 2022 में तो गुजरात की टीम चैंपियन भी बनी थी।
मुंबई इंडियंस को करना होगा इतने रुपये का भुगतान
बता दें गुजरात से मुंबई में हार्दिक का ट्रेड होना, आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सौदा है। दोनों ही टीमों को इस डील से कोई दिक्कत नहीं है। इस ट्रेड के बाद अब मुंबई इंडियंस को हार्दिक के वेतन के रूप में 15 करोड़ रुपये (लगभग 1.8 मिलियन डॉलर) और साथ ही ट्रांसफर फी भी गुजरात टाइटंस को भुगतान के रूप में देनी होगी। हार्दिक को टीम में शामिल करने के लिए मुंबई को अपने पिछले सीजन के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को RCB के साथ ट्रेड करना पड़ा। अब आगामी सीजन हार्दिक के साथ-साथ ग्रीन भी हमें एक नई टीम यानी की RCB के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
Hardik Pandya बनेंगे मुंबई के नए कप्तान?
जैसा की आप जानते होंगे हार्दिक ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत, मुंबई इंडियंस के साथ ही साल 2015 में की थी। हालांकि, अब यह देखना भी दिलचस्प होगा कि हार्दिक के वापसी के बाद क्या मुंबई को 10 साल बाद एक नया कप्तान मिलेगा? ट्रेड से पहले हार्दिक गुजरात के कप्तान थे और अब मुंबई में उन्हें कप्तानी मिलती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।
बता दें रोहित 2013 से मुंबई के कप्तान हैं और उनकी कप्तानी में ही मुंबई आईपीएल इतिहास की सफल टीम बनी है। हालांकि, अब हार्दिक को उनकी जगह लीड करने का मौका मिल सकता है। हार्दिक टीम इंडिया के टी20 कप्तान भी हैं और अब तक उनकी कप्तानी में भारत ने अच्छा प्रदर्शन भी किया है। रोहित के टी20 में अनिश्चित भविष्य को देखते हुए मुंबई यह फैसला कर सकता है।
शुभमन गिल बने गुजरात टाइटंस के नए कप्तान
हार्दिक पांड्या के चले जाने से गुजरात टाइटंस को एक बड़ा झटका लगना तो तय है। लेकिन हार्दिक के अलावा भी टीम के पास कई बढ़िया खिलाड़ी मौजूद हैं, जिसमें शुभमन गिल के अलावा केन विलियमसन, मोहम्मद शमी, ऋद्धिमान साहा, विजय शंकर, साई किशोर, राशिद खान और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने बीते दो आईपीएल सीजन हार्दिक के कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया था। इस वजह से टीम को हार्दिक की उतनी कमी नहीं खलेगी और ऐसा गुजरात ने अपने नए कप्तान का ऐलान करके बता भी दिया है।
टीम इंडिया के युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल आगामी IPL सीजन हमें गुजरात टाइटंस टीम की कप्तान करते हुए नजर आएंगे। पिछले दो सीजन गिल ने इस टीम के लिए बहुत शानदार प्रदर्शन किया है और फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, इस बार उन्हें एक नए रोल में देखना काफी दिलचस्प होगा। बतौर कप्तान गिल कैसा प्रदर्शन करते हैं, ये तो अब आगामी सीजन में ही पता चलेगा।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.