Khel Now logo
HomeSportsWomen's Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर नियमों से कब-कब पहली बार आउट हुए बल्लेबाज

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :November 7, 2023 at 3:15 PM
Modified at :January 14, 2024 at 12:59 AM
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर नियमों से कब-कब पहली बार आउट हुए बल्लेबाज

इस खेल में एक छोटी सी चूक बल्लेबाज को बाहर का रास्ता दिखा सकता है।

बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच दिल्ली में विश्व कप 2023 के 38वें मुकाबले में श्रीलंकाई बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ‘टाइम्ड आउट’ नियम के तहत विकेट गँवाने वाले पहले बल्लेबाज बने। उनसे पहले कोई भी बल्लेबाज इस नियम के तहत आउट करार नहीं दिया गया था, लेकिन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5 बल्लेबाज इससे पहले ‘टाइम्ड आउट’ नियम के तहत अपना विकेट गंवा चुके थे।

क्रिकेट के नियमों की किताब में शुरुआत में आउट होने के 11 नियम बताए गए थे, जिनमें से एक नियम (हैंडेड द बॉल) को अब ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम में शामिल कर दिया गया है। साल 1877 में खेले गए टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मैच में अलग-अलग बल्लेबाज 5 चर्चित तरीकों से आउट हो चुके थे, जबकि अन्य तरीकों से आउट होने में बल्लेबाजों को कई वर्ष लगे। हालांकि, यहां पर हम ‘हैंडेड द बॉल’ नियम को शामिल करते हुए आपको बताएंगे कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आउट होने के 11 अलग-अलग नियमों से कब-कब पहली बार बल्लेबाजों ने अपने विकेट गंवाए।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार इन तारीखों पर बल्लेबाज हुए आउट:

1. Bowled – मार्च 1877 (ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड):

मार्च 1877 में मेलबर्न में खेले गए टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मुकाबले में पहली बार कोई बल्लेबाज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ‘बोल्ड’ आउट हुआ था। उस मैच की पहली पारी में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ऐलन हिल ने ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज नैट थॉमसन को बोल्ड किया था।

2. Caught – मार्च 1877 (ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड):

मार्च 1877 में मेलबर्न में खेले गए टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मुकाबले में पहली बार कोई बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैच आउट हुआ था। उस मुक़ाबले में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज अल्फ्रेड शॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बल्लेबाज टॉम हॉरन को ऐलन हिल के हाथों कैच आउट कराया था।

3. Run Out – मार्च 1877 (ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड):

मार्च 1877 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में खेले गए टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मुकाबले में कोई बल्लेबाज पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रन आउट हुआ था। उस मुकाबले की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान दवे ग्रेगोरी 1 के निजी स्कोर पर रन आउट हुए थे।

इसके अलावा, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में मांकड़िंग के जरिए पहली बार कोई बल्लेबाज दिसम्बर 1947 में रन आउट हुआ था। सिडनी में खेले गए उस टेस्ट मैच में भारत के वीनू मांकड़ ने अपनी गेंदबाजी के लिए रनअप लेने के दौरान नॉन स्ट्राइकर एंड पर पॉपिंग क्रीज से बाहर निकलकर खड़े ऑस्ट्रेलिया के बिली ब्राउन को मांकड़िंग करके रन आउट किया था। बता दें कि, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में इसी वाकये के बाद मांकड़िंग शब्द को क्रिकेट में जोड़ा गया था।

4. LBW – मार्च 1877 (ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड):

मार्च 1877 में मेलबर्न में टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मुकाबले में पहली बार कोई बल्लेबाज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ‘एलबीडबल्यू’ आउट हुआ था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के नैट थॉमसन ने इंग्लैंड की पहली पारी में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जॉर्ज उलियेट को एलबीडबल्यू किया था।

5. Stumped – मार्च 1877 (ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड):

मार्च 1877 में मेलबर्न में खेले गए टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले मुकाबले में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कोई बल्लेबाज स्टंप्ड आउट हुआ था। उस मुक़ाबले में इंग्लैंड की दूसरी पारी में सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अल्फ्रेड शॉ को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज टॉम केंडल की गेंद पर विकेटकीपर जैक ब्लैकहम द्वारा स्टंपिंग किया गया था।

6. Hit Wicket – जुलाई 1884 (इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया):

टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत के लगभग 7 सालों बाद यानी साल जुलाई 1884 को मैनचेस्टर में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए एक टेस्ट मैच में पहली बार कोई बल्लेबाज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हिट विकेट आउट हुआ था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जॉर्ज बोनर इंग्लैंड के गेंदबाज टेड पिएट की गेंद खेलने के समय हिट विकेट हुए थे।

7. Obstructing The Field – अगस्त 1951 (इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका):

अगस्त 1951 में लंदन के द ओवल में इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टेस्ट मैच में टेस्ट या अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार कोई बल्लेबाज ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम के तहत आउट हुआ था। उस मुकाबले में इंग्लैंड की दूसरी पारी में लियोनार्ड हट्टन ने दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर रसेल इंडिएन को कैच लेने से रोकने के लिए स्टंप पर जाती हुई गेंद को मारकर दूर किया था, जिसके चलते वह ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम के तहत आउट हुए थे।

8. Handed The Ball – जनवरी 1957 (दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड):

जनवरी 1957 में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच केप टाउन में खेले गए टेस्ट मैच में पहली बार कोई बल्लेबाज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ‘हैंडेड द बॉल’ नियम के तहत आउट हुआ था। उस मुक़ाबले में दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में रसेल एंडिएन विकेट पर जाती हुई गेंद को हाथ से रोकने के चलते इस नियम के तहत आउट करार दिए गए थे। हालांकि, 2017 में ‘हैंडेड द बॉल’ नियम को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम में शामिल कर दिया गया है।

9. Retired Out – सितम्बर 2001 (श्रीलंका बनाम बांग्लादेश):

सितंबर 2001 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलंबो (एसएससी) में खेले गए टेस्ट मैच में पहली बार किसी बल्लेबाज को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ‘रिटायर्ड आउट’ नियम के तहत जानबूझकर अपना विकेट गंवाते देखा गया था। उस मुकाबले में श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज मार्वन अटापट्टू पारी के 82वें ओवर की समाप्ति के बाद 201 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड आउट हुए थे। हालांकि, उसी मुकाबले में 96वें ओवर की समाप्ति के बाद महेला जयवर्धने भी 150 के निजी स्कोर पर रिटायर्ड आउट हुए थे।

10. Hit The Ball Twice – 20 अगस्त, 2023 (रोमानिया बनाम माल्टा):

20 अगस्त, 2023 को बुकुरेस्टी के इल्फोव काउंटी में रोमानिया और माल्टा के बीच खेले गए टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में पहली बार किसी बल्लेबाज को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ‘हिट द बॉल ट्वाइस’ नियम के तहत आउट होते देखा गया था। उस मुकाबले में माल्टा के सलामी बल्लेबाज फैनियन मुगल गेंद को दो बार हिट करने के चलते आउट हुए थे।

11. Timed Out – 06 नवम्बर, 2023 (बांग्लादेश बनाम श्रीलंका):

06 नवम्बर, 2023 को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच दिल्ली में खेले गए वनडे विश्व कप 2023 के 38वें मुकाबले में पहली बार किसी बल्लेबाज को ‘टाइम्ड आउट’ नियम के तहत विकेट गंवाते देखा गया। उस मुक़ाबले में श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज चौथा विकेट गिरने के 3 मिनट के अंदर क्रीज पर आकर बल्लेबाजी के लिए तैयार नहीं हो सके थे, जिसके बाद विपक्षी कप्तान शाकिब अल हसन ने अंपायर से ‘टाइम्ड आउट’ की अपील की और फिर बल्लेबाज को आउट करार दिया गया।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.