फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली टीमों की पूरी लिस्ट

(Courtesy : Getty Images)
मोरक्को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जैसे-जैसे राउंड ऑफ 16 के मुकाबले समाप्त हो रहे हैं, वैसे-वैसे क्वार्टर-फाइनल की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। कनाडा, यूएसए और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट का नॉकआउट स्टेज अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है।
48 टीमों से शुरू हुए इस ऐतिहासिक वर्ल्ड कप में अब हर मुकाबला ‘करो या मरो’ की स्थिति में खेला जा रहा है। राउंड ऑफ 16 जीतने वाली टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच रही हैं, जहां से खिताब की रेस और भी कठिन हो जाएगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले कब खेले जाएंगे?
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले 10 जुलाई से 12 जुलाई के बीच खेले जाएंगे। बता दें, राउंड ऑफ 16 जीतने वाली आठ टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगी। मोरक्को के बाद अब तक कई टीमें अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, आइए उनके बारे में जानते हैं।
इन टीमों ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
1. मोरक्को

मोरक्को फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। अफ्रीकी टीम ने 4 जुलाई को खेले गए मुकाबले में कनाडा को 3-0 से हराकर अंतिम-8 का टिकट हासिल किया। इस मुकाबले के शुरुआती मिनटों में कनाडा ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन दूसरे हाफ में अशरफ हकीमी की फ्री-किक पर अज़्ज़ेदीन उनाही ने 50वें मिनट में गोल कर मोरक्को को बढ़त दिला दी।
इसके बाद 82वें मिनट में उनाही ने अपना दूसरा गोल दागा, जबकि इंजरी टाइम में सूफ़ियान रहीमी ने तीसरा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मोरक्को का सामना 10 जुलाई को फ्रांस से होगा।
2. फ्रांस

फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इस पूरे मुकाबले में फ्रांस का दबदबा रहा, लेकिन बड़ी बात यह भी रही कि पराग्वे की मजबूत डिफेंस लाइन ने लंबे समय तक गोल नहीं होने दिया था।
दूसरे हाफ में गुस्तावो गोमेज ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर देजिरे डुए को फाउल कर दिया, जिसके बाद रेफरी ने पेनल्टी दी। इसके बाद किलियन एम्बाप्पे ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए गोल किया और यही मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ। अब क्वार्टर-फाइनल में फ्रांस की भिड़ंत 10 जुलाई को मोरक्को से होगी।
3. नॉर्वे

राउंड ऑफ 16 का सबसे बड़ा उलटफेर नॉर्वे ने किया। स्कैंडिनेवियाई टीम ने पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद एर्लिंग हालैंड ने 79वें मिनट में गोल करके नॉर्वे को बढ़त दिलाई। इसके बाद 90वें मिनट में उन्होंने दूसरा गोल कर जीत लगभग तय कर दी।
हालांकि, इंजरी टाइम में नेमार ने पेनल्टी से ब्राज़ील के लिए एक गोल जरूर किया, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए नॉर्वे का मुकाबला 12 जुलाई को इंग्लैंड से होगा।
4. इंग्लैंड

इंग्लैंड ने मेक्सिको के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 3-2 की जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच के दौरान दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल खेली, जिसके चलते कुल पांच गोल देखने को भी मिले।
इस मुकाबले में इंग्लैंड की टीम के एक खिलाड़ी को रेड कार्ड भी दिखाया गया, जिससे खेल का रोमांच और बढ़ गया। इस जीत के साथ थ्री लायंस ने अंतिम-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। अब क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत 12 जुलाई को नॉर्वे से होगी।
5. स्पेन

राउंड ऑफ 16 का सबसे चर्चित मुकाबला स्पेन और पुर्तगाल के बीच खेला गया जो शुरुआती 90 मिनट तक काफी कड़ा रहा, लेकिन मिकेल मेरिनो में एक्स्ट्रा टाइम (90+1वें) में एक गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिला दी। अब क्वार्टरफाइनल में स्पेन का सामना 11 जुलाई को बेल्जियम से होगा।
6. बेल्जियम

बेल्जियम ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में मेजबानी यूएसए को 4-1 से हराकर उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और खुद क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जगह बना ली। इस मुकाबले में चार्ल्स डी केटेलेरे ने 9वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को पहले ही बढ़त दिला दी थी। इसके बाद यूएसए के मलिक टिलमैन ने 31वें मिनट में गोल करके मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया।
हालांकि, डी केटेलेरे ने उसके दो मिनट बाद ही गोल दागकर अपनी टीम की बढ़त 2-1 तक कर दी। यहाँ से बेल्जियम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली और उसके बाद हांस वानकेन ने 57वें मिनट में और रोमेलु लुकाकू ने 90+3वें मिनट में गोल दागा। क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम का सामना 11 जुलाई को स्पेन से होगा।
7. अर्जेंटीना

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने बेहद रोमांचक अंदाज में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। बता दें, एक समय ऐसा था जब वे दो गोल से पीछे चल रहे थे, लेकिन आखिरी मिनटों में वापसी करते हुए इजिप्ट को 3-2 से हरा दिया।
मैच की शुरुआत में लियोनेल मेसी से एक अहम पेनल्टी मिस हो गई, लेकिन बाद में 83वें मिनट में उन्होंने गोल किया। क्रिस्टियन रोमेरो ने भी गोल किया, जबकि एंजो फर्नांडीज ने 93वें मिनट में जीत दिलाने वाला गोल दागा।
8. स्विट्जरलैंड

स्विस टीम ने कोलंबिया के खिलाफ रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल करके अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की। तय समय तक कोई गोल नहीं होने के बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया, जिसमें भी कोई गोल नहीं हो सका।
इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में डेविंसन सांचेज और मैनुअल अकांजी अपने-अपने स्पॉट-किक से गोल नहीं कर पाए, जबकि ग्रेगोर कोबेल ने कूचो हर्नांडेज के प्रयास को नाकाम कर दिया। रूबेन वर्गास ने गोल करके यूरोपीय टीम के लिए 4-3 से जीत पक्की की।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.