PKL 12: बेंगलुरु बुल्स ने आखिरी रेड में कैसे मारी बाजी? कोच बीसी रमेश ने किया बड़ा खुलासा
बेंगलुरु बुल्स ने आखिरी रेड में तेलुगु टाइटंस को हराकर PKL 12 में लगातार अपनी चौथी जीत हासिल की।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) का 34वां मैच बेंगलुरु बुल्स और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला गया। यह मैच रोमांच की इंतिहा को पार कर गया।
बेंगलुरु बुल्स की टीम ने आखिरी रेड में बाजी मारी और 34-32 से तेलुगु टाइटंस को मात दी। बुल्स के लिए रेडिंग में अलीरेजा मीरजाएन ने 11 पॉइंट्स लिए। जबकि गणेश हनुमंतागोल ने भी 7 पॉइंट लाकर उनका अच्छा साथ दिया। तेलुगु टाइटंस के लिए भरत ने 13 पॉइंट लिए।
बेंगलुरु बुल्स की टीम आखिरी रेड तक एक पॉइंट से पीछे थी और ऐसा लग रहा था कि जैसे टाइटंस इस मैच को जीत लेगी। हालांकि आखिरी रेड में गणेश ने सुपर रेड लगा दिया और बुल्स को हारी हुई बाजी जिता दी।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
आखिरी रेड के लिए कोच ने गणेश को दिया था खास गुरुमंत्र
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेंगलुरु बुल्स के कोच बीसी रमेश ने बताया कि उन्होंने गणेश को क्या सलाह दी थी जिससे उन्होंने सुपर रेड लगा दिया।
बीसी रमेश ने कहा “मुझे पता था कि डिफेंडर इस मैच में गलती करेंगे और कहां-कहां पर गलती कर सकते हैं इसका भी मुझे अंदाजा था। मैंने अपने सहायक कोच जीवा से इस बारे में बात की थी। मैंने गणेश को बोला था कि अगर अलीरेजा को पॉइंट नहीं मिला तो तुम्हें बोनस प्लस एक टच पॉइंट लाना है।”
“अगर आप डिफेंडर्स के सामने बोनस का दबाव बनाएंगे तो टाइटंस का डिफेंस पूरी तरह से हिल रहा है। वो जरूर पॉइंट देंगे। गणेश ने बिल्कुल वैसा ही किया जैसा मैंने कहा था। हमारा लक अच्छा था और हमने मेहनत भी उसी हिसाब से की थी। मुझे आखिरी रेड तक कॉन्फिडेंस था कि हम जीतेंगे। ऐसे मैच बहुत कम होते हैं जो इतने टफ हों।“
रेफरी के साथ हुई बहस को लेकर बीसी रमेश ने दी प्रतिक्रिया
बीसी रमेश ने मैच रेफरी के साथ हुई बहस को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा “कुछ फैसले हमारे पक्ष में नहीं जा रहे थे। मैंने अपने प्लेयर्स से बोल रखा था कि तुम्हें ध्यान रखना है कि रेडर लाइन आउट हो रहा है या नहीं और बाकी चीजें भी ध्यान से देखनी हैं। मैंने आज तक रेफरी पर सवाल नहीं उठाया। वो लोग अपना काम अच्छी तरह से करते हैं लेकिन एक-दो पॉइंट से मैच फंस जाता है। उसके लिए हम जरूर आवाज उठाएंगे। हमारे पहले मैच में भी ऐसा ही हुआ था।“
तमिल थलाइवाज को कड़ी चुनौती देंगे – बीसी रमेश
बेंगलुरु बुल्स की टीम जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। अब उनका अगला मैच तमिल थलाइवाज से है जो शानदार फॉर्म में है। बीसी रमेश के मुताबिक उनकी टीम पूरी तरह से इस मैच के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा “हमारा अगला मैच तमिल थलाइवाज से है और वो एक बेस्ट टीम हैं। उनकी टीम में अर्जुन देशवाल और नरेंद्र कंडोला जैसे बेहतरीन प्लेयर्स हैं। मेरे साथ खेले हुए उनके बेहतरीन कोच संजीव बालियान भी हैं। वो भी आखिरी मैच जीतकर आए हैं तो उनका भी कॉन्फिडेंस काफी अच्छा होगा। हमारी टीम का भी आत्मविश्वास बढ़ गया है। सभी खिलाड़ियों को बेहतर खेलना होगा।“
खराब डिफेंस की वजह से हारे मुकाबला – कृष्ण कुमार हूडा
तेलुगु टाइटंस के हेड कोच कृष्ण कुमार हूडा अपनी टीम की इस हार से काफी खफा दिखे। उनके मुताबिक आखिरी दो-तीन मिनट में उनके डिफेंस ने काफी खराब खेल दिखाया।
कृष्ण कुमार हूडा ने कहा “हम अपनी गलती की वजह से यह मुकाबला हारे हैं। आखिरी रेड में डिफेंडर्स ने जिस तरह की गलती की वो नहीं होनी चाहिए थी। आखिरी 2-3 मिनट में हमारा डिफेंस काफी खराब रहा।“
हम अपनी स्ट्रैटजी के हिसाब से नहीं खेल पाए – विजय मलिक
तेलुगु टाइटंस के कप्तान विजय मलिक ने हार की जिम्मेदारी ली लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उनकी टीम के ऊपर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा “कोच सर ने जो स्ट्रैटजी बनाई थी, हम उसके हिसाब से नहीं खेल पाए और इसी वजह से मुकाबला हार गए। हम भले ही लगातार दो मैच हार गए हैं लेकिन हमारे ऊपर कोई दबाव नहीं है। दबाव तब होगा जब कोच सर हमें कुछ कहेंगे। हम खुलकर खेल रहे हैं लेकिन इस मैच में अपनी गलतियों की वजह से हमें हार मिली।“
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
