IPL 2026 की बेस्ट प्लेइंग 11, वैभव सूर्यवंशी से लेकर भुवनेश्वर कुमार तक इन खिलाड़ियों को मिली जगह

IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह दी गई है।
आईपीएल 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत के साथ 31 मई को हो गया है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इसके साथ ही बेंगलुरु ने IPL इतिहास में अपना दूसरा खिताब भी जीता।
पूरे सीजन के दौरान कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों को प्रभावित किया। कुछ बल्लेबाजों ने रिकॉर्ड तोड़ रन बनाए, तो वहीं कुछ गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर अपनी टीमों को जीत दिलाई। तो आइए नजर डालते हैं IPL 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट पर।
ये हैं आईपीएल 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट
1. वैभव सूर्यवंशी (RR)

अगर IPL 2026 का सबसे बड़ा सितारा चुनना हो तो वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ऊपर आएगा। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने पूरे सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया।
वैभव ने 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा, जबकि उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए। उनकी मैच जिताऊ पारियों ने राजस्थान रॉयल्स को क्वालीफायर 2 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
2. शुभमन गिल (GT)

गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल ने पूरे सीजन लगातार रन बनाए और अपनी टीम को फाइनल तक भी पहुंचाया। उन्होंने 16 मैचों में 732 रन बनाए और टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके बल्ले से 1 शतक और 6 अर्धशतक निकले। कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
3. विराट कोहली (RCB)

विराट कोहली ने एक बार फिर साबित किया कि वह IPL के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं। RCB के स्टार बल्लेबाज ने लगातार चौथे सीजन 600 से ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए और खिताबी अभियान में टीम के सबसे अहम बल्लेबाजों में शामिल रहे।
इसके अलावा, फाइनल में उनकी 42 गेंदों पर 75 रनों की मैच विनिंग पारी ने उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी बनाया। हालांकि, वह RCB के लिए ओपनिंग करते हैं, लेकिन इस टीम में उन्हें नंबर 3 पर रखा गया है।
4. ईशान किशन (SRH) – विकेटकीपर

सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने इस सीजन अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया। हालांकि, उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन एलिमिनेटर में हारकर बाहर हो गई। उन्होंने 15 मैचों में 602 रन बनाए और 6 अर्धशतक भी जड़े।
5. रजत पाटीदार (RCB) – कप्तान

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार आईपीएल 2026 के टीम ऑफ द टूर्नामेंट के कप्तान भी हैं। उन्होंने बल्ले से रन बनाने के साथ-साथ कप्तानी में भी शानदार काम किया। पाटीदार ने इस सीजन 14 पारियों में लगभग 192 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल रहे। उनकी कप्तानी में RCB ने लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी भी जीती।
6. हेनरिक क्लासेन (SRH)

हेनरिक क्लासेन IPL 2026 के सबसे लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए लगभग हर मैच में अहम योगदान दिया। क्लासेन ने इस सीजन के 15 मैचों में 624 रन बनाए।
7. क्रुणाल पांड्या (RCB)

क्रुणाल पांड्या ने IPL 2026 में एक बढ़िया ऑलराउंडर की भूमिका निभाई। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए योगदान दिया। RCB के इस खिलाड़ी ने 16 मैचों में 226 रन बनाए और 14 विकेट भी चटकाए। उनका स्ट्राइक रेट 145 का रहा और उन्होंने एक अर्धशतक भी जड़ा। उन्होंने कई मौकों पर मैच का रुख बदलने वाला प्रदर्शन किया।
8. जेमी ओवरटन (CSK)

चेन्नई सुपर किंग्स के जेमी ओवरटन चोट के कारण पूरा सीजन नहीं खेल पाए, लेकिन वह जब भी मैदान पर उतरे अपना प्रभाव छोड़ा। उन्होंने सिर्फ 10 मैचों में 14 विकेट लिए। इस दौरान उनकी गेंदबाजी का औसत 17.78 रहा। सीमित मैच खेलने के बावजूद उनका प्रदर्शन उन्हें इस टीम में जगह दिलाने के लिए काफी रहा।
9. जोफ्रा आर्चर (RR)

राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूरे सीजन में विरोधी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बने रहे। आर्चर ने 16 मैचों में 25 विकेट लिए और टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। नई गेंद और डेथ ओवर दोनों में उन्होंने लगातार विकेट निकालकर अपनी उपयोगिता साबित की।
10. कगिसो रबाडा (GT)

गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा IPL 2026 के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पूरे सीजन में अपनी रफ्तार और उछाल से बल्लेबाजों को परेशान किया। रबाडा ने इस सीजन 17 मैचों में सबसे ज्यादा 29 विकेट लिए और पर्पल कैप जीती।
11. भुवनेश्वर कुमार (RCB)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत में भुवनेश्वर कुमार का योगदान काफी अहम रहा। अनुभवी तेज गेंदबाज ने पूरे सीजन में शानदार गेंदबाजी की और 16 मैचों में 28 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 7.95 की इकॉनमी से ही रन खर्च किए और RCB को लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.