T20 World Cup में आखिरी बार खेलते हुए दिखेंगे ये 10 बड़े खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप के आगामी संस्करण का पहला मैच 2 जून को खेला जाएगा।
आईसीसी टी20 विश्व कप का नौंवा संस्करण (ICC Men’s T20 World Cup 2024) इस साल वेस्टइंडीज और यूएसए में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब किसी टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। इस टूर्नामेंट के लिए लगभग सभी बड़े देशों ने अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी है, जबकि कुछ देशों ने अब तक स्क्वाड घोषित नहीं की है। हालांकि, आईसीसी ने 25 मई तक फाइनल स्क्वाड घोषित करने की डेडलाइन दी है।
अब तक घोषित किए गए सभी देशों के प्रारंभिक स्क्वाड में कई खिलाड़ी ऐसे भी दिख रहे हैं, जो इस साल आखिरी बार T20 World Cup खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, शाकिब अल हसन और डेविड वॉर्नर जैसे खिलाड़ी पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं कि वह 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेल रहे हैं, जबकि कुछ खिलाड़ियों को उनकी उम्र के आधार पर अंदाजा लगाया जा सकता है, कि यह उनका आखिरी आईसीसी टी20 विश्व कप टूर्नामेंट हो सकता है। यहां हम आपको उन 10 बड़े खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
ये खिलाड़ी 2024 में खेलेंगे अपना आखिरी T20 World Cup:
10. शाकिब अल हसन (बांग्लादेश)

बांग्लादेश के 37 वर्षीय ऑलराउंडर शाकिब अल हसन 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने इस फॉर्मेट में अपनी टीम के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी दोनों विभागों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर आते हैं।
9. डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)

ऑस्ट्रेलिया के 37 वर्षीय अनुभवी सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर इस साल आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आएंगे। वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं और टी20 विश्व कप 2024 के बाद वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले लेंगे। वॉर्नर ने 2009 से लेकर 2022 तक कुल 34 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 806 रन बनाए हैं। वह 2021 की टी20 विश्व कप चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।
8. केन विलियमसन (न्यूजीलैंड)

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन टेस्ट और वनडे क्रिकेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। हालांकि, वह अपनी टीम के लिए एंकर की भूमिका निभाते रहे हैं और आगामी टी20 विश्व कप में भी वह ऐसा ही करते नजर आएंगे। 2012 से लेकर 2022 तक न्यूजीलैंड की ओर से 25 टी20 मैच खेल चुके विलियमसन इस साल अपना आखिरी टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
7. ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल इस फॉर्मेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार है। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 5 शतक जड़ चुके हैं। 2021 में वह चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। हालांकि, अगले टी20 विश्व कप तक उनकी उम्र 38 वर्ष के करीब हो जाएगी, जिसके चलते यह कहा जा सकता है कि मैक्सवेल 2024 में अपना आखिरी टी20 विश्व कप खेल सकते हैं।
6. मार्कस स्टोइनिस (ऑस्ट्रेलिया)

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस टी20 क्रिकेट में एक अलग ही अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दिखाई देते हैं। इसके अलावा वह बीच के ओवरों में प्रभावशाली गेंदबाजी करने की भी क्षमता रखते हैं। वह 2021 में चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। अगले टी20 विश्व कप तक उनकी उम्र 37 वर्ष हो जाएगी, ऐसी स्थिति में यह माना जा सकता है कि वह इस साल अपना आखिरी टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
5. मोईन अली (इंग्लैंड)

इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली ने 2014 से लेकर अब तक 22 टी20 विश्व कप मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 254 रन और 12 विकेट दर्ज हैं। 37 वर्षीय मोईन ने टी20 फॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए मध्य क्रम में और फिनिशर के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए यह माना जा सकता है कि वह इस साल आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आएंगे।
4. डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका):

दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर का नाम टी20 फॉर्मेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में शुमार है, लेकिन टी20 विश्व कप इतिहास में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। 35 वर्षीय डेविड मिलर ने 2014 से लेकर अब तक 18 टी20 विश्व कप मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 254 रन बनाए हैं। अगले संस्करण तक उनकी उम्र 37 वर्ष के लगभग हो जाएगी और दक्षिण अफ्रीका में ट्रिस्टन स्टब्स जैसे फिनिशर के आने के बाद से उनका अगले संस्करण तक टीम में जगह बनाना थोड़ा मुश्किल रहेगा। इसीलिए, यह माना जा रहा है कि वह 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
3. टिम साउदी (न्यूजीलैंड):

न्यूजीलैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी 123 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 157 विकेटों के साथ इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। वह टी20 विश्व कप 2024 में भी न्यूजीलैंड की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने 2010 से लेकर अब तक 22 टी20 विश्व कप मुकाबलों में 29 विकेट चटकाए हैं। हालांकि, 35 वर्षीय साउदी 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
2. रोहित शर्मा (भारत):

भारतीय टीम के वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा ने 2007 से लेकर 2022 सभी 8 टी20 विश्व कप संस्करणों में हिस्सा लेने वाले इकलौते भारतीय हैं। वह विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। 37 वर्षीय रोहित ने अब तक 39 टी20 विश्व कप मुकाबलों में 963 रन बनाए हैं। हालांकि, उनकी उम्र को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि वह 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
1. विराट कोहली (भारत):

भारत के 35 वर्षीय अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली का नाम भी उन खिलाड़ियों में शुमार है, जो 2024 में आखिरी बार टी20 विश्व कप खेलते हुए नजर आ सकते हैं। कोहली ने 2012 से लेकर अब तक सभी टी20 विश्व कप संस्करणों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने अपने टी20 विश्व कप करियर में अब तक 27 मुकाबले खेले हैं और 1141 रनों के साथ इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table, on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.