आईपीएल 2027 के लिए CSK के कोचिंग स्टाफ की लिस्ट हुई तय, जहीर खान संभालेंगे कमान
CSK ने आईपीएल 2027 के लिए अपने कुछ पुराने खिलाड़ियों को कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनाया है।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए पिछले कुछ आईपीएल सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे हैं। पांच बार की चैंपियन टीम लगातार तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन से पहले अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव करने का फैसला किया है। आईपीएल 2027 के लिए टीम ने अपने कोचिंग सेटअप में चार नए नाम शामिल किए हैं।
जहीर खान संभालेंगे CSK के कोचिंग स्टाफ की कमान
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2027 से पहले स्टीफन फ्लेमिंग की जगह जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्लेमिंग ने 16 सीजन तक फ्रेंचाइजी के साथ काम किया था। उनके जाने के बाद जहीर के सामने टीम को फिर से मजबूत बनाने और बेहतर नतीजे दिलाने की चुनौती होगी।
जहीर भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा उन्हें IPL में भी खेलने और कोचिंग से जुड़े काम का अनुभव है। वह मुंबई इंडियंस के साथ डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका निभा चुके हैं और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भी काम कर चुके हैं।
CSK को उम्मीद होगी कि जहीर का अनुभव टीम के प्रदर्शन में सुधार लाने में मदद करेगा। फ्रेंचाइजी ने 2023 में आखिरी बार खिताब जीता था, जबकि 2026 सीजन में उसे आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा था।
मोहित शर्मा होंगे बॉलिंग कोच
CSK ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को अपना नया बॉलिंग कोच बनाया है। मोहित इससे पहले बतौर खिलाड़ी चेन्नई की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। IPL में उनका अनुभव गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने में काम आ सकता है।
मोहित ने 2014 के IPL सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए पर्पल कैप जीती थी। उन्होंने उस सीजन में 16 मैचों में 23 विकेट हासिल किए थे। अब कोच की भूमिका में उनसे गेंदबाजों को बेहतर रणनीति और मैदान पर सही फैसले लेने में मदद करने की उम्मीद होगी।
एल्बी मोर्कल और गैरेथ बैटी को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
चेन्नई ने एल्बी मोर्कल को असिस्टेंट कोच नियुक्त किया है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर का CSK के साथ पुराना रिश्ता रहा है। वह 2008 से 2013 तक फ्रेंचाइजी के लिए खेले थे और 2010 तथा 2011 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे।
उनके अलावा, फ्रेंचाइजी ने गैरेथ बैटी को भी असिस्टेंट कोच बनाया गया है। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर को कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह सरे को लगातार तीन काउंटी चैंपियनशिप खिताब दिलाने वाले कोचिंग सेटअप का हिस्सा रहे हैं।
IPL 2027 के लिए CSK के सभी कोच की लिस्ट
चेन्नई सुपर किंग्स के IPL 2027 कोचिंग स्टाफ में शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- हेड कोच: जहीर खान
- बॉलिंग कोच: मोहित शर्मा
- असिस्टेंट कोच: एल्बी मोर्कल और गैरेथ बैटी
- असिस्टेंट बॉलिंग कोच: श्रीधरन श्रीराम
- फील्डिंग कोच: जेम्स फोस्टर
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
