PKL 12: फजल अत्राचली ने दबंग दिल्ली के प्रदर्शन पर कही बड़ी बात, जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ मैच को लेकर भी दिए अपने विचार
दबंग दिल्ली ने यूपी योद्धाज को हराकर PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) का 61वां मैच दबंग दिल्ली और यूपी योद्धाज के बीच खेला गया। इस मैच में दबंग दिल्ली ने एकतरफा यूपी योद्धाज को 43-26 के अंतर से हरा दिया। दबंग दिल्ली के लिए कप्तान आशु मलिक ने रेडिंग में शानदार खेल दिखाया और 14 पॉइंट्स लिए।
जबकि डिफेंस में फजल अत्राचली ने 4 और सुरजीत सिंह ने 3 पॉइंट्स लिए। वहीं यूपी योद्धाज के लिए गगन गौड़ा ने 12 पॉइंट्स लिए लेकिन उन्हें बाकी रेडर्स और डिफेंडर्स का साथ नहीं मिला। इसी वजह से यूपी योद्धाज को हार का सामना करना पड़ा।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
टीम ने पूरी तरह से एकजुट होकर खेला – जोगिंदर नरवाल
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दबंग दिल्ली के हेड कोच जोगिंदर नरवाल ने अपनी टीम की जीत को लेकर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा “यूपी योद्धाज बहुत संतुलित टीम है। हालांकि आखिर में मेरी पूरी टीम ने मिलकर बहुत अच्छा गेम खेला। आशु, सुरजीत, फजल, अजिंक्य और सौरभ नांदल जैसे प्लेयर्स ने बेहतरीन खेल दिखाया। दिल्ली की टीम पहले भी काफी अच्छी रही है। जब मैंने ट्रॉफी उठाई थी तो उस वक्त भी काफी बेहतरीन टीम थी और अब भी है।“
लंबे समय के बाद एक बेहतरीन टीम का हिस्सा हूं – फजल अत्राचली
दबंग दिल्ली के दिग्गज डिफेंडर फजल अत्राचली ने बड़ा बयान दिया। उनके मुताबिक अभी तक पीकेएल में वो जितनी भी टीमों के लिए खेले हैं, उनमें यह सबसे बेस्ट टीम है और ट्रॉफी जीत सकती है। फजल के मुताबिक उनकी टीम एक समय में सिर्फ एक ही मैच के बारे में सोचती है।
उन्होंने कहा “हमारी टीम काफी बेहतरीन है लेकिन हम अभी ज्यादा दूर के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम एक समय में एक मैच के बारे में सोचते हैं। यूपी का मैच हो गया है और अब हम जयपुर के मुकाबले पर अपना पूरा फोकस करेंगे। मैं अभी तक इतनी टीमों का हिस्सा रहा लेकिन लंबे समय के बाद मैं अब एक अच्छी टीम में हूं। इस सीजन हमारे पास ट्रॉफी जीतने का बेहतरीन मौका है। हमारे कोच और मैनेजर प्लेयर्स को काफी सपोर्ट करते हैं। उनके ऊपर कोई दबाव नहीं होता है और इसी वजह से टीम इतनी सफल है।“
किसी भी टीम को हल्के में लेना बड़ी भूल होगी – आशु मलिक
दबंग दिल्ली के कप्तान आशु मलिक ने कहा कि इस सीजन किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है।
उन्होंने कहा “मेरे हिसाब से इस सीजन में हर टीम में कम से कम तीन ऐसे रेडर हैं जो काफी बेहतरीन हैं। किसी एक खिलाड़ी का नाम लेना गलती होगी। इस बार किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। हमारा मैच पटना पाइरेट्स के साथ था जो टेबल में लास्ट में हैं लेकिन उन्होंने हमें हरा दिया था। ऐसे में किसी को हल्के में लेना बड़ी भूल होगी। अगर हम सामने वाली टीम को कम करके आंकेंगे तो हमारी बड़ी भूल होगी।“
नितिन धनकड़ से हमें कोई दिक्कत नहीं होगी – फजल अत्राचली
दबंग दिल्ली का अगला मैच जयपुर पिंक पैंथर्स से है, जिनके पास नितिन जैसा बेहतरीन रेडर है। इसको लेकर भी आशु मलिक और फजल अत्राचली ने बड़ा बयान दिया।
आशु ने कहा “अगला मैच हमारा जयपुर से है जिनके पास नितिन धनखड़ जैसा जबरदस्त प्लेयर है। वो हमारे साथ नेशनल में भी खेले हैं। वो एक जबरदस्त रेडर हैं।“
फजल अत्राचली ने कहा “ नितिन धनकड़ से हमें कोई दिक्कत नहीं है। अगर जयपुर पिंक पैंथर्स के पास नितिन हैं तो हमारे पास आशु हैं।“
खराब डिफेंस की वजह से हारे मुकाबला – उपेंद्र मलिक
यूपी योद्धाज के कप्तान सुमित सांगवान और सहायक कोच उपेंद्र मलिक ने दबंग दिल्ली के खिलाफ मिली हार के लिए अपनी टीम के खराब डिफेंस को जिम्मेदार ठहराया।
उपेंद्र मलिक ने कहा “जहां पर पांच का डिफेंस होता है, वहां पर हमारी टीम से गलती हो जाती है। छह-सात में हम अच्छा कंट्रोल करते हैं लेकिन पांच के डिफेंस में पॉइंट्स दे देते हैं। रेडिंग में हमारे लिए गगन गौड़ा ने अच्छा खेल दिखाया लेकिन डिफेंस उस चीज का फायदा नहीं उठा पाया।“
सुमित सांगवान ने कहा “इस मैच में हमारे डिफेंस ने खराब खेल दिखाया। अगर डिफेंस ने गगन गौड़ा को सपोर्ट किया होता तो स्थिति अलग हो सकती थी।“
तेलुगु टाइटंस के खिलाफ भरत पर होगा ज्यादा फोकस – सुमित सांगवान
यूपी योद्धाज का अगला मैच तेलुगु टाइटंस के साथ है। सुमित सांगवान के मुताबिक वो इस मैच के लिए भरत पर ज्यादा फोकस करेंगे। वहीं कोच उपेंद्र मलिक के मुताबिक टाइटंस की पूरी टीम काफी अच्छी है।
सुमित ने कहा “अब अगला मैच हमारा टाइटंस के खिलाफ है तो हमें अपनी गलतियों से सीख लेना होगा। हम उनके रेडर भरत पर ज्यादा फोकस रखेंगे।“
उपेंद्र मलिक ने कहा “तेलुगु टाइटंस के दोनों ही रेडर्स पर हमारी नजर रहेगी। इसके अलावा उनका डिफेंस भी काफी अच्छा है। हमें उसका भी ध्यान रखना होगा।“
PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कौन है?
दबंग दिल्ली नौ जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद हैं।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
