हार्दिक पांड्या से छीनी जा सकती है मुंबई इंडियंस की कप्तानी, रिपोर्ट में हुआ बड़ा दावा

(Courtesy : BCCI)
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस तीन सीजन में एक बार 9वें और एक बार 10वें स्थान पर रही।
IPL 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस (MI) में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फ्रेंचाइजी हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर फिर से विचार कर रही है। इतना ही नहीं, टीम में उनकी जगह को लेकर भी चर्चा होने की संभावना जताई गई है।
बता दें कि मुंबई इंडियंस इस सीजन 14 में से 10 मुकाबले हारकर अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। पांड्या की कप्तानी में यह टीम 2024 में 10वें स्थान पर रही, 2025 के क्वालीफायर 2 तक पहुंची और फिर 2026 में 9वें स्थान पर रही। इसके बाद से फ्रेंचाइजी के भीतर आत्ममंथन शुरू हो गया है। हालांकि, कई रिपोर्ट्स यह भी बता रहे हैं कि हार्दिक खुद कप्तानी छोड़ने का विचार कर चुके हैं।
आईपीएल 2026 के दौरान ही मिलने लगे थे पांड्या की कप्तानी से हटने के संकेत

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस कैंप से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि सीजन के दौरान ही ऐसे संकेत मिलने लगे थे कि टीम मैनेजमेंट हार्दिक को लंबे समय तक कप्तान बनाए रखने के पक्ष में नहीं है।
सूत्र ने कहा, “सीजन के दौरान ही कई संकेत मिल रहे थे कि टीम मैनेजमेंट उन्हें कप्तान बनाए रखने के पक्ष में नहीं है। कैंप के अंदर इसे लेकर चर्चा है।”
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मैच के बाद कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों के साथ मीटिंग की थी। इस दौरान खिलाड़ियों को डेटा-आधारित रणनीतियों का पालन करने का संदेश दिया गया।
एक अन्य सूत्र ने कहा, “कई मौकों पर कोचिंग स्टाफ ने डेटा के आधार पर सुझाव दिए, लेकिन खिलाड़ियों ने उनका पालन नहीं किया।”
हार्दिक के भविष्य पर होगी चर्चा
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दिनों में मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट कई अहम सवालों पर विचार करेगा। इनमें सबसे बड़ा सवाल हार्दिक पांड्या की कप्तानी और टीम में उनकी भूमिका को लेकर है।
फ्रेंचाइजी से जुड़े एक अनुभवी सूत्र ने कहा, “हर विकल्प पर विचार किया जाएगा। सवाल यह है कि क्या हार्दिक आगे भी कप्तान रह सकते हैं और क्या वह सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर टीम में बने रहेंगे?”
तीन में से दो सीजन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी MI
हार्दिक पांड्या को आईपीएल 2024 में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, उनके नेतृत्व में टीम 2024 में पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही और फिर IPL 2026 में नौवें स्थान पर रहकर सीजन समाप्त किया।
फिलहाल, मुंबई इंडियंस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, टीम मैनेजमेंट के दोबारा एकजुट होने के बाद हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.